इंदौर
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत शनिवार को इंदौर सहित पूरे प्रदेश में अन्न उत्सव का आयोजन किया गया। मूसाखेड़ी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी शामिल हुए और हितग्राहियों को अन्न का वितरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा आज हमने भूखे को रोटी और प्यासे को पानी देने जैसी स्थिति देशभर में निर्मित कर दी है। हालांकि कुछ कांग्रेसी गृहमंत्री के विरोध में सड़क पर उतरे और उन्हें काले झंड़े दिखाने की तैयारी में थे। पुलिस ने उन्हें पकड़कर गाड़ी में बिठाया और थाने ले गई।
कार्यक्रम में गृहमंत्री ने कहा कि गरीब की थाली न रहे खाली, यही सोच हम सबकी है। मोदी बाबा तूफानी हैं। भूखे को रोटी और प्यासे को पानी है। यह स्थिति हमने देश के भीतर निर्मित की है। आप देखिए कि 7 अलग-अलग राज्य के मंत्री हमारे इस कार्यक्रम का आज अध्ययन करने आए हैं। जितने भी कार्यक्रम मप्र चला रही है, चाहे वह लाड़ली लक्ष्मी योजना हो या फिर गरीब कल्याण अन्न योजना हो, देशभर में सराहा गया। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को तो पूरे देश ने स्वीकार किया। यह भी एक नवाचार और अभिनव प्रयोग है। भाजपा गांव, गरीब, किसान की, झुग्गी-झोपड़ी के इंसान की और महिलाओं के सम्मान की चिंता करती है।
सभी के मान-सम्मान और जीवन की पूरी सुरक्षा हो
मिश्रा ने कहा कि हमारी संस्कृति में कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं सोए, हम इस संस्कृति के पोषक हैं। देश और प्रदेश में प्रयास किए जा रहे हैं कि हर व्यक्ति को भोजन के लिए सम्मान के साथ अन्न मिले। किसी भी गरीब की थाली खाली नहीं रहे। इसी दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा कृत संकल्पित होकर कारगर प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि सभी के मान-सम्मान और जीवन की पूरी सुरक्षा हो।
गृहमंत्री ने अन्नाज का वितरण भी किया।
गोवा में भी होंगे इस तरह के कार्यक्रम
गोवा के खाद्य मंत्री गोविंद गावड़े ने आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है। हमारा प्रयास है कि इस तरह के कार्यक्रम गोवा में भी आयोजित किए जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से देश में विकास को नई दिशा और नई गति मिली है। ऐसे लोग जिन्हें भोजन के लिए अपना अधिकांश समय गवाना पड़ता था, उन्हें अब सहजता के साथ राशन मिल रहा है।
532 उचित मूल्य की राशन दुकानों में विशेष तैयारियां की गईं
कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि जिले की सभी 532 उचित मूल्य की राशन दुकानों में विशेष तैयारियां की गई है। सभी दुकानों पर व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। उपभोक्ताओं को घर-घर जाकर विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। जिले की सभी दुकानों को पीले रंग से पुताई कराई गई है। दुकानों में विशेष सफाई की गई है। दुकानों को रंग-बिरंगी पताकाओं, गुब्बारों तथा अन्य सामाग्रियों से सजाया और संवारा गया है। दुकानों में योजना संबंधी जानकारी के बैनर पोस्टर, फ्लेक्स लगाए गए हैं। इसमें योजना के पात्र सभी परिवारों को बैग सहित राशन सामग्री का वितरण किया है।
10 से ज्यादा कांग्रेसियों को पुलिस ने पकड़ा
गृहमंत्री के दौरे को लेकर नाराज युवा कांग्रेसियों ने चोइथराम मंडी चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। काले झंड़ लहरा रहे कार्यकर्ता गृहमंत्री होश में आओ के नारे लगा रहे थे। काले झंड़े दिखाने की तैयारी में जुटे कांग्रेसियों की प्लानिंग का पता चलते ही राजेंद्र नगर पुलिस ने माेर्चा संभाला और तत्काल मौके पर पहुंची। यहां पर 10 से ज्यादा कांग्रेसियों को पुलिस वैन में बिठाकर थाने लेकर पहुंची।
महिला ने मांगी इच्छा मृत्यु की अनुमति
इसके पूर्व सुबह रेसीडेंसी कोठी पर पीड़िता लवली जाधव मंत्री मिश्रा से मिलने पहुंची। उसने बताया कि मैं शिवधाम कॉलोनी में रहती हूं। इस कॉलोनी के पास स्थित शिव सिटी के कुछ लोगों मेरा प्लॉट हड़पना चाहते हैं। वे पिछली बार आपसे मिले थे और गलत जानकारी दी थी जिस पर नगर निगम उसे तोड़ने पर आामादा है। ऐसा कहकर महिला ने अपने साथ हो रहे अन्याय को लेकर इच्छा मृत्यु की बात कही तो मंत्री ने उसे आश्वस्त किया कि मामले को दिखवाया जाएगा। इसके साथ ही उसका आवेदन लेकर जांच को सौंपा है।
कमलनाथ 75 साल की उम्र में 5 किमी दूर से कैसे देख लेते हैं
कमलनाथ द्वारा बाढ़ क्षेत्रों का दौरा करने के मामले में उन्होंने कहा पता नहीं वे 75 साल की उम्र में 5 किमी ऊपर से कितने नीचे देख लेते हैं। उनके पास ऐसी कौन सी दिव्य व गिद्ध दृष्टि है जो उन्हें नीचे टूटे-फूटे मकान और लोग चलते हुए दिखाई देते हैं। वे यह दृष्टि हमें भी दें। हम भाजपााई कुछ भी करे तो उन्हें नाटक लगता है और खुद करे तो साधक लगता है।
