Site icon अग्नि आलोक

केजरीवाल को कांग्रेसियों ने काले झंडे दिखाए, हमले की भी चर्चा; AAP ने खंडन किया

Share

श्रीगांगानगर

आम आदमी पार्टी (AAP) ने राजस्थान में अपना चुनावी अभियान शुरू कर दिया है। श्रीगंगानगर में रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रैली की। रैली में जाते वक्त केजरीवाल के काफिले को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए।

ये भी चर्चा रही कि काफिले पर हमला हुआ, लेकिन AAP के राजस्थान चुनाव प्रभारी और दिल्ली में द्वारका से विधायक विनय मिश्रा ने केजरीवाल पर हमले की किसी भी घटना से इनकार किया। उन्होंने कहा- काफिले पर हमला नहीं हुआ है। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए थे। यह कांग्रेस की हताशा को दर्शाता है।

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के काफिले को काले झंडे दिखाते यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता।

केजरीवाल की गाड़ी के पास तक पहुंचे कांग्रेसी
श्रीगंगानगर में केजरीवाल का काफिला रामलीला मैदान की तरफ बढ़ रहा था। उसी दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाने शुरू कर दिए। अचानक यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता केजरीवाल की गाड़ी के पास तक आ गए। इससे वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

केजरीवाल बोले- सरकार बनाओ, फ्री बिजली और मोहल्ला क्लिनिक देंगे।
रैली में केजरीवाल ने सरकार आने पर हर गांव में मोहल्ला क्लिनिक और हर घर में 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने का वादा किया। वहीं, गहलोत पर भी जमकर हमला किया।

उन्होंने कहा- राजस्थान में भाजपा-कांग्रेस ने मिलकर भ्रष्टाचार किया है। बेचारा सचिन पायलट रो-रोकर मर गया, लेकिन गहलोत कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। कहते हैं कि वसुंधरा मेरी बहन लगती है।

केजरीवाल ने कहा- हम भगत सिंह के चेले हैं, ये मनीष सिसोदिया, भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को भी जेल भेज देंगे तो भी क्रांति रुकेगी नहीं। मेरा एक ही सपना है कि भारत को दुनिया का नंबर 1 देश बनाएंगे।

रास्ते में होर्डिंग लगे तो दिल्ली सीएम ने इसे नीच हरकत बताया
सभा में केजरीवाल ने कहा- हमारे आने के रास्ते में हर जगह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के होर्डिंग लगा रखे हैं। मैं कहना चाहता हूं कि यदि गहलोत पांच साल काम कर लेते तो यह नीच हरकत नहीं करनी पड़ती। मेरी पहली सभा जितनी बड़ी है, उतनी बड़ी रैली गहलोत ने पूरे पॉलिटिकल करियर में नहीं की।

श्रीगंगानगर में सभा को संबोधित करते अरविंद केजरीवाल ने फ्री बिजली और मोहल्ला क्लिनिक का वादा किया।

मैं पढ़ा-लिखा इसलिए दोनों पार्टियां मुझसे चिढ़ती हैं
केजरीवाल ने कहा- मेरे पास प्लान है, पढ़ा-लिखा हूं, इंजीनियर हूं, आईआरएस रहा हूं, इसीलिए भाजपा-कांग्रेस वाले चिढ़ते हैं मेरे से। उनकी डिग्री फर्जी है। 10 साल में हम देश को नंबर वन बना सकते हैं। 10 साल के अंदर हम देश से गरीबी दूर कर सकते हैं, मेरे पास इसका पूरा प्लान है। पेपर लीक पर केजरीवाल ने कहा कि इनसे एक पेपर नहीं करवाए जा रहे।

दिल्ली में 8 साल में एक पेपर लीक नहीं हुआ। पंजाब में नहीं हुआ। अगली बार वोट डालने जाओ तो पढ़े-लिखे लोगों को वोट देना, अनपढ़ लोगों को मत देना। दिल्ली और पंजाब से 50 साल आम आदमी पार्टी को कोई नहीं हिला सकता।

राजस्थान में मौका दीजिए, आपका ऐसा दिल जीतेंगे कि 50 साल तक गहलोत-वसुंधरा याद नहीं आएंगे। अच्छी शिक्षा, अच्छी नौकरी, अच्छा इलाज सिर्फ केजरीवाल दे सकता है और कोई नहीं दे सकता। भ्रष्टाचार, गंदी राजनीति मुझे नहीं आती, मुझे सिर्फ काम करना आता है।

काले झंडे हमारे लिए घी का काम करते हैं
सभा में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा- गहलोत साहब ने हमारी रैली फेल करने के लिए काले झंडे लेकर लोगों को भेजा था। ये काले झंडे आम आदमी पार्टी के लिए घी का काम करते हैं। अकाली दल काले झंडे दिखाता था, अब वे खुद अपना रंग भूल गए हैं।

इंश्योरेंस का झुनझुना नहीं थमाएंगे
केजरीवाल ने कहा कि गहलोत ने राजस्थान में इंश्योरेंस चालू कर रखा है, लेकिन इंश्योरेंस के नाम पर भी बेवकूफ बनाया जा रहा है। इंश्योरेंस तो तब मिलेगा, जब एडमिट होंगे। एडमिट हुए बिना छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज की जरूरत होती है, जो राजस्थान में बहुत महंगा है। हम सरकार में आएंगे तो यह इंश्योरेंस का झुनझुना नहीं थमाएंगे।

श्रीगंगानगर में केजरीवाल की सभा में पहुंचे लोग।

केजरीवाल ने कहा कि 50 साल कांग्रेस ने राजस्थान में राज किया, 18 साल भाजपा ने किया, लेकिन काम किसी ने नहीं किया। हम तो अभी सरकार में नहीं आए हैं, उससे पहले काम करने लगे हैं। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने घोषणा की कि पंजाब से राजस्थान में अब बुड्ढा नाला का गंदा पानी नहीं आएगा। 600 करोड़ की लागत से काम करवाएंगे, ताकि राजस्थान को साफ पानी मिले।

केजरीवाल ने कहा कि ये लोग मनीष सिसोदिया को भ्रष्टाचारी बोलते हैं। जिस आदमी ने पूरे दिल्ली के स्कूलों को शानदार बना दिया, वर्ल्ड क्लास का बना दिया, जो सुबह 6 बजे उठकर स्कूलों का दौरा करने जाता था, क्या वो भ्रष्टाचार कर सकता है?

Exit mobile version