Site icon अग्नि आलोक

सिद्धू मूसेवाला पर बीबीसी वर्ल्ड सर्विस की डॉक्यूमेंट्री को लेकर विवाद

Share

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की जिंदगी और उनकी हत्या पर आधारित बीबीसी वर्ल्ड सर्विस की आगामी डॉक्यूमेंट्री को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सिद्धू के पिता बलकौर सिंह सिद्धू ने इस डॉक्यूमेंट्री पर कड़ी आपत्ति जताते हुए महाराष्ट्र के DGP और मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन को लिखित शिकायत भेजी है।

11 जून को ‘सोहो हाउस’ में होगी डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग

बलकौर सिंह के अनुसार, 11 जून को दोपहर 3 बजे मुंबई के जुहू स्थित ‘सोहो हाउस’ में BBC की ओर से एक विशेष डॉक्यूमेंट्री शोकेस कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस डॉक्यूमेंट्री में सिद्धू मूसेवाला की निजी जिंदगी और हत्या से जुड़ी कई ऐसी बातें दिखाने का दावा किया गया है, जो अबतक सार्वजनिक नहीं हुई हैं।

पिता बोले—न ली अनुमति, न दी जानकारी

बलकौर सिंह ने पत्र में स्पष्ट लिखा है कि BBC ने इस डॉक्यूमेंट्री को बनाने के लिए उनसे कोई अनुमति नहीं ली, न ही उन्हें इसकी जानकारी दी गई। उनका मानना है कि यह डॉक्यूमेंट्री न केवल उनके बेटे की छवि को धूमिल कर सकती है, बल्कि हत्या से जुड़ी चल रही न्यायिक प्रक्रिया को भी प्रभावित क सकती है।

FIR में नामजद आरोपियों के इंटरव्यू पर भी आपत्ति

बलकौर सिंह का सबसे गंभीर आरोप यह है कि BBC ने डॉक्यूमेंट्री में उन लोगों के इंटरव्यू शामिल किए हैं, जिनके नाम सिद्धू मूसेवाला की हत्या से जुड़ी एफआईआर में दर्ज हैं। इससे न सिर्फ पीड़ित परिवार की भावनाएं आहत हुई हैं, बल्कि यह न्याय प्रक्रिया के लिए भी खतरा बन सकता है।

अदालत का दरवाजा खटखटा सकते हैं बलकौर सिंह

बलकौर सिंह ने कहा कि यदि जरूरी हुआ तो वे सोमवार को अदालत का दरवाजा भी खटखटाएंगे। उन्होंने आशंका जताई कि डॉक्यूमेंट्री के जरिए उनके बेटे की लेगेसी को खराब करने का प्रयास किया जा सकता है। फिलहाल इस मामले में पुलिस या बीबीसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सिद्धू मूसेवाला के प्रशंसकों और परिजनों में इसे लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।

Exit mobile version