ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार को कोरोमंडल एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई है। ये सुपरफास्ट ट्रेन चेन्नई से पश्चिम बंगाल के शालीमार स्टेशन जा रही थी। खड़गपुर रेल मंडल इलाके में कोरोमंडल एक्सप्रेस और मालगाड़ी आपस में टकरा गई। हादसे में 207 की मौत, करीब 900 लोग घायल। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।

ओडिशा के बालासोर में तीन ट्रेनों की आपसी टक्कर के कारण हुए हादसे से हाहाकर मच गया। बहानागा रेलवे स्टेशन के पास शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार शाम करीब सवा सात बजे भयावह हादसे का शिकार हो गई। एक रेलवे अधिकारी के अनुसार, 12864 बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस (Bangalore Howrah Superfast Express) हावड़ा जाते वक्त बेपटरी हुई और उसके कुछ डिब्बे दूसरी पटरी पर जा गिरे। पटरी से उतरे ये डिब्बे 12841 शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस से टकरा गए और इसके डिब्बे भी पलट गए। अधिकारी ने कहा कि कोरोमंडल एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतरने के बाद एक मालगाड़ी से टकरा गए, जिससे मालगाड़ी भी दुर्घटना की चपेट में आ गई। बहरहाल, रेलवे, प. बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश की सरकारों ने हेल्पलाइन नंबर्स जारी कर दिए हैं। वहीं, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा कर दी है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। वहीं, घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। विशेष राहत आयुक्त कार्यालय ने जानकारी दी कि हादसे वाली जगह पर तलाशी और बचाव अभियान के लिए टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। फिलहाल इस रूट की सभी ट्रेनों को रोक दिया गया है।
207 की मौत, 900 से अधिक घायल, राहत और बचाव कार्य जारी
ओडिशा के बालासोर में दो यात्री ट्रेन और एक मालगाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद बचाव कर्मी फंसे लोगों को बचाने में लगे हैं। दुर्घटना में 207 लोगों की मृत्यु और 900 लोग घायल हुए हैं। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी आज हादसे वाली जगह पर पहुंचेंगी।
ओडिशा में एक दिन का राजकीय शोक
2 जून 2023 को बालेश्वर ज़िले के बहानागा में हुई रेल दुर्घटना के मद्देनजर रखते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एक दिन के राजकीय शोक का आदेश दिया है। पूरे राज्य में 3 जून को कोई उत्सव नहीं मनाया जाएगा। सूचना और जनसंपर्क विभाग, ओडिशा की तरफ से यह जानकारी जारी की गई।
बाल-बाल बचे यात्री ने बताया हाल
ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार को बड़ा ट्रेन हादसा हुआ। बहानागा रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार की शाम को यात्री ट्रेन कोरोमंडल एक्सप्रेस की बोगियां पटरी से उतर गईं। इसी बीच पास की पटरी से गुजरते हुए यशवंतपुर से हावड़ा जा रही एक्सप्रेस ट्रेन उतरी हुई बोगियों से टकरा गई। इस हादसे में कई यात्रियों की मौत हो गई। बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। हादसे के वक्त कोरोमंडल एक्सप्रेस में सवार एक पैसेंजर ने इस पूरे वाक्ये का आंखों देखा हाल सुनाया।
मालगाड़ी से टकरा गई ट्रेन
जानकारी के मुताबिक ओडिशा के बालासोर से करीब 40 किलोमीटर दूर ट्रेन एक मालगाड़ी से टकरा गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि 4 बोगियां पटरी से उतर गई हैं। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंत्री प्रमिला मल्लिक और विशेष राहत आयुक्त को दुर्घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने का निर्देश दिया।
राहत और बचाव कार्य जारी
विशेष राहत आयुक्त कार्यालय ने बताया कि बालासोर के कलेक्टर को भी सभी आवश्यक व्यवस्था करने के लिए मौके पर पहुंचने और राज्य स्तर से किसी भी अतिरिक्त मदद की आवश्यकता होने पर एसआरसी को सूचित करने का निर्देश दिया गया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को अच्छी देखभाल के लिए रेफर किया जाएगा। घटना स्थल पर 15 एंबुलेंस पहुंच गई है।
पीड़ितों के लिए मुआवजे की घोषणा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पीड़ितों के लिए मुआवजा के ऐलान किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को 2 लाख रुपये और मामूली रूप से चोटिल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। वहीं, ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे के बाद शनिवार (3 जून) को मुंबई-गोवा वंदे भारत ट्रेन के होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
भारतीय रेलवे ने फंसे यात्रियों के परिजनों के लिए नंबर जारी किया है। किसी भी यात्रा को अपने परिवार के सदस्य को लेकर जानकारी लेना है तो इमरजेंसी नंबर +91 6782 262 286 पर फोन कर सकते हैं।
– HWH हेल्पलाइन नंबर – 033- 26382217
– KGP हेल्पलाइन नंबर – 8972073925, 9332392339
– BIS हेल्पलाइन नंबर – 8249591559, 7978418322
– SHM हेल्पलाइन नंबर – 9903370746





