Site icon अग्नि आलोक

कोरोना वायरस : भारत में आज मिले 1,247 नए संक्रमित, कल की तुलना में 43 फीसदी गिरावट

Share

देश में कोरोना मामलों की घट-बढ़ जारी है। बुधवार सुबह जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में 1247 नए मामले मिले, ये मंगलवार की तुलना में 43 फीसदी कम हैं। मंगलवार को दैनिक मामलों में 90 फीसदी का उछाल आया था। इससे हड़कंप मच गया था। कोरोना की चौथी लहर आने की आशंका सताने लगी। हालांकि, आईआईटी कानपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक पद्मश्री प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने दावा किया है कि देश में चौथी लहर की आशंका नहीं है।

मंगलवार सुबह बीते 24 घंटे में 2,183 नए केस मिले थे,  जबकि बुधवार सुबह 1247 नए संक्रमित मिले। सोमवार को 1150 नए मरीज मिले थे। वहीं, राजधानी दिल्ली में जनवरी के बाद सोमवार को पहली बार संक्रमण दर 7.72 फीसदी पहुंच गई है। वहीं, लगातार दूसरे दिन 500 से ज्यादा संक्रमित मिले। मंगलवार को बीते 24 घंटों में 501 मरीज मिले। 

यूपी में नौ शहरों में सार्वजनिक जगहों पर मास्क अनिवार्य

इस बीच, बढ़ते मामलों को देखते हुए यूपी सरकार ने राजधानी लखनऊ समेत दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर व बागपत और हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत व झज्जर में सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। नौ राज्यों के 34 जिले रेड जोन में हैं।

दिल्ली में बढ़ी संक्रमण दर
दिल्ली में जनवरी के बाद सोमवार को पहली बार संक्रमण दर 7.72 फीसदी पहुंच गई। 11 से 17 अप्रैल के बीच दिल्ली के दक्षिणी जिले में साप्ताहिक संक्रमण दर 6.26 फीसदी तक पहुंच गई है। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में 8.62, हरियाणा के फरीदाबाद में 6.18 और गुरुग्राम में यह दर 11.08% दर्ज की गई है।

90 प्रतिशत लोगों में नेचुरल इम्युनिटी विकसित
उधर, आईआईटी के वरिष्ठ वैज्ञानिक पद्मश्री प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने अपने गणितीय सूत्र मॉडल के आधार पर दावा किया है कि फिलहाल कोरोना की चौथी लहर आने की आशंका नहीं है। उनका कहना है कि वायरस के जो पुराने म्यूटेंट हैं, वही अपना असर दिखा रहे हैं। टीकाकरण और 90 प्रतिशत लोगों में नेचुरल इम्युनिटी विकसित हो चुकी है। इस वजह से पुराना म्यूटेंट ज्यादा असरदार होगा, ऐसी संभावना नहीं नज़र आ रही कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों पर इसका प्रभाव ज्यादा नजर आ सकता है। यह जरूर है कि लोग सुरक्षात्मक प्रक्रिया में लापरवाही बरतेंगे तो ये म्यूटेट फिर से अपना असर दिखा सकते हैं।

Exit mobile version