Site icon अग्नि आलोक

कोरोना की तीसरी लहर की गाज फिर शादियों पर….. 250 में सिमटी शादियां , अप्रैल-मई की बुकिंग बंद, होटल-गार्डन, टेंट, बैंड व्यवसाय थमा

Share

उज्जैन

कोरोना की तीसरी लहर की गाज फिर शादियों पर गिरी है। जनवरी और फरवरी में शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 2 हजार से ज्यादा शादियां बुक हैं लेकिन संक्रमण रोकने के लिए नई गाइड लाइन आते ही शादी वालों घरों का उत्साह ठंडा पड़ गया है।

हजार से ज्यादा मेहमानों की शादियां सिमट कर ढाई सौ के आंकड़े पर आ गई हैं। इसके अलावा अप्रैल-मई की शादियों की बुकिंग पर जाम लग गया है। जो ग्राहक पूछ-परख के लिए आ रहे थे, वे रुक गए हैं। नई गाइड लाइन जारी होते ही अब होटल-गार्डन संचालकों और ग्राहकों के बीच नए सिरे से सौदेबाजी शुरू हो गई है।

नवंबर-दिसंबर 2021 में कोरोना संक्रमण थमा होने से धूमधाम से शादियां हो गईं। इसलिए जनवरी-फरवरी 2022 के मुहूर्तों में भी धड़ाधड़ होटल गार्डन बुक हो गए। टेंट, केटरर, बैंड-बाजे, बत्ती, घोड़ा, बग्गी सब कुछ बुकिंग करा कर लोग शादी के मुहूर्तों का इंतजार ही कर रहे थे कि कोरोना की तीसरी लहर की गाज गिर गई।

जिस तेजी से संक्रमण बढ़ा है, उसे देखते प्रशासन ने ताबड़तोड़ पाबंदियां लगाना शुरू कर दी है। सबसे पहले शादियों पर ही कहर टूटा है। शादी के लिए दूल्हा-दुल्हन दोनों पक्षों को मिला कर 250 लोगों की अनुमति दी जाएगी। पूरी शादी में केवल इतने ही लोग शामिल हो सकेंगे।

होटल, गार्डन, हॉल की क्षमता का कोई प्रभाव नहीं रहेगा। होटल संचालक रवि सोलंकी और गार्डन संचालक रमेश समदानी बताते हैं कि नई गाइड लाइन आते ही व्यापार एकदम डंप हो गया है। अप्रैल-मई का मुख्य सीजन होता है, लेकिन नई बुकिंग रुक गई है। कलेक्टर आशीष सिंह के अनुसार नई गाइड लाइन के अनुरूप ही शादी और अन्य अनुमति रहेगी।

मेहमान और उल्लास कम, खर्च तो वही होगा

1 अरविंद नगर के अशोक पोरवाल की बालिका की शादी 4-5 फरवरी को है। 1200 लोगों की रिशेप्शन रखा था। दो दिन होटल बुक करा लिया। कार्ड बंट चुके। अब शादी गाइड लाइन के अनुसार समेटना पड़ेगी। लेकिन जो आर्थिक नुकसान हो रहा है, उसकी भरपाई कैसे होगी।
2 गीता कॉलोनी के श्रीधर देसाई कहते हैं- पूरी तैयारी हो चुकी है। नवक्त पर नई गाइड लाइन ने असमंजस में डाल दिया है। पत्रिकाएं लिखी जा चुकी हैं। 20 जनवरी को शादी है। क्या करें गाइड लाइन का पालन तो करना ही होगा। शादी को गाइड लाइन में लाने के लिए प्रयास करेंगे।
3 शिवालय परिसर के अशोक सोनी के यहां 28-29 जनवरी की शादी की तैयारी हो चुकी है। वे कहते हैं कोरोना का अंदेशा पहले से था। इसलिए कार्ड तो नहीं छपवाए। अब नई गाइड लाइन के आधार पर कार्यक्रम तय करेंगे। मेहमान भी 29 ही आएंगे और उसी दिन वापस जाएंगे।

सीजन के लिए नई गाड़ी, नई ड्रेस बनवाई
बैंड-बाजा, बग्गी, घोड़ी, बत्ती वालों ने नवंबर-दिसंबर में अच्छा कारोबार होने से जनवरी से शुरू हो रहे नए सीजन के लिए नई गाड़ी, ड्रेस बनवाई है। बैंड संचालक विजयकुमार कहते हैं, सारी तैयारी पर पानी फिर गया है। नई बुकिंग थम गई है। टेंट एसोसिएशन के आशीष मल्होत्रा बताते हैं- जनवरी-फरवरी में 12 मुहूर्त में 2 हजार से ज्यादा शादियां हैं। सरकार ने एनवक्त पर नई गाइड लाइन दी है। इससे समस्या खड़ी हो गई है।

Exit mobile version