Site icon अग्नि आलोक

निगम चुनाव की तैयारी:मार्च की शुरुआत में लग सकती है आचार संहिता, 15 से 20 अप्रैल तक चुनाव की संभावना

Share

इंदौर

सबकुछ ठीक रहा, तो मार्च की शुरुआत में ही आचार संहिता लग सकती है। अप्रैल के बीच में निकाय चुनाव हो सकते हैं। मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ दावे और आपत्तियां जारी होते ही इसकी संभावना प्रबल हो गई है। माना जा रहा है, 3 मार्च से आचार संहिता लग सकती है। ऐसे अफसरों को संदेश दिया जा चुका है कि रुके कामों और जिनका उद्घाटन करना है, जल्दी से तैयारी कर लें। कोरोना के कारण नगर निगम चुनाव में पहले ही एक साल की देरी हो गई है।

ऐसे में 45 दिनों में चुनाव का नियम है, इसलिए अप्रैल के दूसरे सप्ताह में चुनाव होने की संभावना है। भोपाल से संकेत मिले हैं कि जिन कामों का श्री गणेश होना है, उन्हें 3 मार्च के पहले कर लें, ताकि चुनाव में फायदा मिल सके। कांग्रेस का संभागीय सम्मेलन इसी तैयारी का हिस्सा है।

नगर निगम चुनाव को लेकर दोनों ही दल तीन महीने से तैयारी कर रहे हैं। 31 जनवरी 2020 को नगर निगम परिषद का वक़्त पूरा हो गया था, लेकिन कांग्रेस की सरकार ने पार्षदों के जरिए ही महापौर के चुनाव पर जोर दिया था। तैयारी भी कर ली थी, लेकिन मार्च में जैसे ही तख्ता पलटा, तो कोरोनाकाल से निपटने के बाद पुरानी सरकार के फैसले को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बदल दिया था।

भाजपा को उम्मीद है कि माहौल उनके पक्ष में है, इसलिए जल्द ही चुनाव कराना चाहते हैं। वैसे भी कांग्रेस ने तो जल्दी उम्मीदवार घोषित कर पहले ही मुहर लगा दी थी कि चुनाव जल्दी होंगे। पिछले चुनाव में जो दलीय स्थिति थी, उसमें भाजपा के 65, कांग्रेस के 15 और निर्दलीय 5 उम्मीदवार जीते थे।

पिछली बार साढ़े 12 लाख मतदाता थे

नगर निगम चुनाव में पिछली बार साढ़े 12 लाख मतदाता थे, जिसमें से तकरीबन 10 लाख ने वोट डाले थे। भाजपा की मालिनी गौड़ ने कांग्रेस की अर्चना जायसवाल को 2 लाख 66 हजार वोट से हराया था। इस बार तकरीबन 18 लाख मतदाता होने की संभावना है।

Exit mobile version