Site icon अग्नि आलोक

देश-विदेश :तेहरान में बमबारी, ईरान पर ट्रंप बोले- युद्ध खत्म होने के करीब; दुनिया में बढ़ी तेल और गैस की किल्लत,पश्चिम बंगाल में सीएम बनर्जी ने कानून विभाग की जिम्मेदारी संभाली

Share

आज: पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच एअर इंडिया 78 उड़ानें फिर शुरू करेगा, सोनम वांगचुक की याचिका पर सुनवाई

आज 10  मार्च 2026 को कृष्ण पक्ष की सप्तमी है। मंगलवार को बजट सत्र का दूसरा दिन है। वहीं पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच एअर इंडिया 78 अतिरिक्त उड़ानें शुरू करेगा।

संसद में बजट सत्र के दूसरे चरण का दूसरा दिन

संसद में बजट सत्र के दूसरे चरण का मंगलवार को दूसरा दिन है। इस दिन संसद में पश्चिम एशिया तनाव और लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर हंगामा हो सकता है।

पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच एअर इंडिया की 78 अतिरिक्त उड़ानें शुरू होंगी

पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण कई उड़ानें बंद हो गई थीं, लेकिन उड़ानों की बढ़ती मांग को देखते हुए एअर इंडिया ने मंगलवार से 18 मार्च के बीच नौ मार्गों पर 78 अतिरिक्त उड़ानें शुरू करने का निर्णय लिया है। एयरलाइन ने कहा है कि ये अतिरिक्त उड़ानें दिल्ली से न्यूयॉर्क, लंदन, फ्रैंकफर्ट, पेरिस, एम्स्टर्डम, ज्यूरिख, कोलंबो, माले और मुंबई से लंदन के लिए संचालित होंगी।

एसआईआर मामले में सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान वोटर लिस्ट से हटाए गए नामों के मामले में सुनवाई करेगा।

सोनम वांगचुक की याचिका पर अंतिम सुनवाई 

जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे आंगमो की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने अंतिम सुनवाई मंगलवार को तय कर दी है, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत वांगचुक की हिरासत को चुनौती दी गई है। जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने साफ कहा कि अब किसी भी पक्ष को अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से जुड़े मामले पर सुनावई

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की मनी लॉन्ड्रिंग जांच के खिलाफ दायर याचिका पर दिल्ली उच्च न्यायालय में मंगलवार को सुनवाई होगी। उन्होंने दावा किया है कि ईडी द्वारा 2020 में दर्ज ईसीआईआर में जारी समन और जांच 2018 के मामले से जुड़ी है, जिसकी पहले जांच हो चुकी है। ईडी की ओर से कहा गया है कि वर्तमान जांच अलग है। इसमें सीबीआई द्वारा दर्ज एक अलग एफआईआर के आधार पर नए तथ्य शामिल हैं। 

बिजली (संशोधन) बिल 2025 को लेकर हो सकता विरोध 

बिजली (संशोधन) बिल 2025 के बजट सत्र के दूसरे चरण में पेश किया जा सकता है। इस बिल को लेकर मंगलवार को विरोध शुरू हो सकता है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि इस बिल से बिजली वितरण के क्षेत्र में निजी कंपनियों के आने का रास्ता खुल सकता है। वहीं, सरकार का तर्क है कि इस विधेयक का उद्देश्य बिजली क्षेत्र को आर्थिक रूप से मजबूत करना है।

दूसरा परमाणु ऊर्जा शिखर सम्मेलन 

फ्रांस की राजधानी पेरिस में मंगलवार से दूसरा परमाणु ऊर्जा शिखर सम्मेलन  आयोजित किया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के सहयोग से आयोजित इस शिखर सम्मेलन में राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुख, अंतर्राष्ट्रीय संगठनों और वित्तीय संस्थानों के नेता, साथ ही उद्योग विशेषज्ञ एक साथ आएंगे। यह शिखर सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब परमाणु ऊर्जा के समर्थन में वैश्विक स्तर पर गति लगातार बढ़ रही है।

तेहरान में बमबारी, ईरान पर ट्रंप बोले- युद्ध खत्म होने के करीब; दुनिया में बढ़ी तेल और गैस की किल्लत

पश्चिम एशिया में अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका और इस्राइल इस युद्ध में निर्णायक बढ़त बना चुके हैं और संघर्ष जल्द खत्म हो सकता है। उन्होंने यह भी दोहराया कि अमेरिका किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देगा। इसी बीच ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच फोन पर बातचीत हुई, जिसमें ईरान युद्ध को कूटनीतिक तरीके से खत्म करने के विकल्पों पर चर्चा की गई। वहीं एक अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट ने सवाल खड़े किए हैं कि सैन्य हस्तक्षेप से ईरान में सत्ता परिवर्तन संभव नहीं था, फिर भी हमले का फैसला क्यों लिया गया। इस युद्ध का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल, शेयर बाजार में गिरावट और रुपये की कमजोरी के कारण भारत समेत कई देशों की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है और सोने-चांदी की कीमतों में भी तेज उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। दूसरी ओर नेपाल की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ है। प्रतिनिधि सभा चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी को दो-तिहाई बहुमत मिला है और काठमांडू के मेयर बालेंद्र शाह को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं जम्मू में सेना का एक जवान नदी में डूबने से लापता हो गया है। देश में अन्य खबरों में उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक, दिल्ली के उत्तम नगर हत्याकांड और भारत के दुनिया के दूसरे सबसे बड़े हथियार आयातक बनने की रिपोर्ट भी चर्चा में रही। खेल जगत में टीम इंडिया की टी20 विश्व कप जीत के बाद खिलाड़ियों की निजी जिंदगी भी सुर्खियों में बनी हुई है। 

 ‘वैश्विक तेल आपूर्ति को बंद नहीं होने देंगे’, ईरान युद्ध पर ट्रंप बोले- हम निर्णायक जीत के करीब
पश्चिम एशिया में अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और इस्राइल इस युद्ध में निर्णायक बढ़त बना चुके हैं और उनका सैन्य अभियान अपने लक्ष्यों के करीब पहुंच चुका है। साथ ही उन्होंने दोहराया कि अमेरिका किसी भी हालत में ईरान को परमाणु हथियार बनाने नहीं देगा। हालांकि दूसरी ओर ईरान में नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के समर्थन में सत्ता तंत्र की एकजुटता यह संकेत दे रही है कि तेहरान फिलहाल पीछे हटने के मूड में नहीं है। पढ़ें पूरी खबर…

जंग का आर्थिक प्रहार: कच्चे तेल में आग, बाजार धड़ाम व सोना-चांदी में उथल-पुथल; पांच सवालों में समझें पूरा संकट
पश्चिम एशिया में ईरान से जुड़े युद्ध और बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने भारत समेत दुनियाभर के वित्तीय बाजारों को बुरी तरह झकझोर दिया है और अर्थव्यवस्था के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। सोमवार को वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के कारण भारतीय इक्विटी और मुद्रा (करेंसी) बाजार में चौतरफा बिकवाली दिखी। इस संकट ने निवेशकों को करीब 12 लाख करोड़ रुपये का चूना लगा दिया। अर्थशास्त्रियों के अनुसार, भारत इस समय एक ‘तिहरे प्रहार’- महंगा कच्चा तेल, गिरते रुपये और शेयर बाजार में गिरावट का सामना कर रहा है। वहीं, सोने-चांदी की कीमतों में भी लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। 

Nepal: नेपाल में सियासी तस्वीर बदली, आरएसपी को दो-तिहाई बहुमत; अगले हफ्ते बालेंद्र सरकार गठन की होगी प्रक्रिया
 नेपाल में हाल ही में हुए प्रतिनिधि सभा चुनाव के नतीजों ने देश की राजनीति की दिशा बदल दी है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए संसद में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लिया है। अब अगले सप्ताह के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। आरएसपी ने काठमांडू के मेयर बालेंद्र शाह को प्रधानमंत्री पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है, जिससे नेपाल की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं।

डोनाल्ड ट्रंप / व्लादिमीर पुतिन 

क्या अब थम जाएगा ईरान युद्ध? जानें ट्रंप-पुतिन की बातचीत में किन मुद्दों पर हुई चर्चा
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच अमेरिका और रूस के बीच बड़ी कूटनीतिक हलचल सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच फोन पर बातचीत हुई है। इस बातचीत में ईरान युद्ध को जल्द राजनीतिक और कूटनीतिक तरीके से खत्म करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं की यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब क्षेत्र में संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है और वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ रही है।

पश्चिम बंगाल में सीएम बनर्जी ने कानून विभाग की जिम्मेदारी संभाली; आईडीएफसी बैंक में एक और घोटाला

पश्चिम बंगाल में विभागों का फेरबदल हुआ है। इस फेरबदल के तहत मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के कानून विभाग का अतिरिक्त कार्यभार संभाल लिया है। सोमवार को जारी एक अधिसूचना के अनुसार, मुख्यमंत्री अब कानून विभाग की जिम्मेदारी भी देखेंगी। अभी तक बंगाल सरकार के मंत्री मलय घटक श्रम विभाग के साथ-साथ कानून विभाग का कार्यभार संभाल रहे थे। अब घटक पूरी तरह से श्रम विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।

यह फेरबदल राज्य सचिवालय द्वारा जारी एक संशोधित आवंटन के तहत किया गया है। इस बीच, तृणमूल कांग्रेस के नेता बाबुल सुप्रियो, जिन्हें हाल ही में राज्यसभा के लिए चुना गया है, अब राज्य मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं रहेंगे। उनके मंत्रिमंडल से हटने के साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी, औद्योगिक पुनर्निर्माण और सार्वजनिक उद्यम जैसे विभाग खाली हो गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि इन विभागों का कार्यभार तब तक मुख्यमंत्री के पास रहेगा जब तक कि नए सिरे से आवंटन नहीं हो जाता। 

IDFC: आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में एक और घोटाला, 116 करोड़ रुपये की फर्जी एफडी का खुलासा

हरियाणा में आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का एक और घोटाला सामने आया है। मामला चंडीगढ़ नगर निगम के नाम से 116.84 करोड़ रुपये की फर्जी फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) रसीद जारी करने का है। नगर निगम की शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लि. से निगम को फंड ट्रांसफर करते समय आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में विशेष खाता खोला गया था। इस खाते के आधार पर बैंक मैनेजर ऋभव ऋषि की ओर से कुछ एफडीआर जारी की गई थीं। जांच में एफडीआर फर्जी पाई गईं। इनकी राशि 116.84 करोड़ रुपये बताई गई है।

जांच के दौरान आईडीएफसी बैंक ने पुलिस को बताया कि निगम के खाते में पूरी राशि वापस जमा कर दी गई है। बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले यह गड़बड़ी हुई थी। इसके बाद निगम प्रशासन ने हाल ही में पुलिस को शिकायत दी, जिस पर सोमवार को मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब बैंक और निगम के कर्मचारियों व अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में बैंक के कुछ कर्मचारी और अधिकारी भी रडार पर हैं। संवाद

590 करोड़ के घोटाले में पहले से केस दर्ज

सैन्य अभ्यास : पूर्वी अफ्रीका में भारतीय सेनाएं दिखाएंगी पराक्रम

भारत और पूर्वी अफ्रीका के देश सेशेल्स के बीच सैन्य संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘लामितिये’ का आगाज हो गया। 20 मार्च तक चलने वाला यह अभ्यास सेशेल्स के मुख्य द्वीप माहे स्थित सेशेल्स रक्षा अकादमी में आयोजित किया जा रहा।

रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार इस बार का युद्धाभ्यास बेहद खास है, क्योंकि इसमें भारतीय सशस्त्र बलों की तीनों सेवाएं (थल सेना, नौसेना और वायु सेना) भाग ले रही हैं। क्रेओल भाषा में लामितिये का अर्थ दोस्ती होता है। इस 11वें संस्करण में भारतीय दल का प्रतिनिधित्व असम रेजिमेंट के जवानों के साथ-साथ नौसेना का आईएनएस त्रिकंड और वायु सेना का सी-130 विमान कर रहे हैं। मंत्रालय ने बताया कि इस साझा अभ्यास का मुख्य उद्देश्य अर्ध-शहरी वातावरण में शांति अभियानों व उप-पारंपरिक अभियानों के दौरान दोनों देशों के बीच समन्वय और तालमेल को बढ़ाना है।

प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनिंग, कॉम्बैट चर्चा और केस स्टडीज शामिल
12 दिवसीय इस प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनिंग, कॉम्बैट चर्चा और केस स्टडीज शामिल होंगी। अभ्यास के दौरान दोनों सेनाएं नई पीढ़ी के उपकरणों और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए सामरिक खतरों से निपटने के लिए संयुक्त ड्रिल करेंगी। 2001 से हर दो वर्ष में आयोजित होने वाला यह अभ्यास न केवल दोनों देशों के सैन्य कौशल को साझा करने का मंच है, बल्कि यह हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और आपसी विश्वास को भी मजबूत करता है।

गुलाम नबी आजाद ने किया एक देश एक चुनाव का समर्थन

कांग्रेस के पूर्व नेता गुलाम नबी आजाद ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के एक साथ चुनाव कराने के प्रस्ताव का सोमवार को पुरजोर समर्थन किया और कहा कि ऐसा कदम देश के हित में होगा, समय बचाएगा, शासन व्यवस्था में सुधार लाएगा और विकास को गति देगा। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के एक साथ चुनाव कराने से संबंधित विधेयकों की जांच कर रही संसद की संयुक्त समिति (जेपीसी) के समक्ष पेश हुए आजाद ने यह भी कहा कि वे 1983 से ही एक साथ चुनाव के समर्थक रहे हैं, जब इंदिरा गांधी सरकार सत्ता में थी। जेपीसी की सोमवार को संसद भवन एनेक्सी में हुई बैठक के बाद समिति के अध्यक्ष पीपी चौधरी ने कहा कि एक देश एक चुनाव राष्ट्रीय हित में है। एजेंसी
इसका राजनीतिक हित से कोई लेना-देना नहीं है।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने पुराने अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि समय के साथ चुनावों की संख्या कई गुना बढ़ गई। उस समय कांग्रेस के कई राज्यों के प्रभारी महासचिव के तौर पर उन्हें राज्यों में होने वाले चुनावों की प्रक्रिया में शामिल होना पड़ता था। उन्होंने कहा, अक्सर ऐसा होता था कि एक चुनाव समाप्त होते ही दूसरा चुनाव आ जाता था। चुनाव प्रक्रिया कभी खत्म नहीं होती थी। यह बहुत मुश्किल था।

थल सेना प्रमुख का फर्जी वीडियो प्रसारित

पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल द्वारा भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी का एक डीपफेक वीडियो प्रसारित किया जा रहा है। पीआईबी फैक्ट चेक ने सोमवार को इस वीडियो को पूरी तरह फर्जी बताते हुए जनता को आगाह किया है। भ्रामक वीडियो में दावा किया गया है कि जनरल द्विवेदी ने ईरानी जहाज और इस्राइल के साथ रणनीतिक सौदे को लेकर कोई बयान दिया है। पीआईबी ने स्पष्ट किया कि सेना प्रमुख ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। यह वीडियो एआई तकनीक का उपयोग कर दुर्भावनापूर्ण तरीके से तैयार किया गया है ताकि जनता को गुमराह किया जा सके। 

हैदराबाद : सेवानिवृत्त जज को डिजिटल अरेस्ट कर एक करोड़ रुपये ठगे

साइबर ठगों ने एक 69 वर्षीय सेवानिवृत जिला जज को डिजिटल अरेस्ट कर एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम ठग ली। पुलिस ने सोमवार को बताया कि मलकाजगिरि निवासी 69 वर्षीय पूर्व जज को करीब एक सप्ताह पहले ठगों ने डिजिटल अरेस्ट की धमकी दी थी। जालसाजों ने दावा किया कि उनका मोबाइल नंबर महिला तस्करी और अन्य अपराधों में लिप्त पाया गया है। कानूनी कार्रवाई के डर से पीड़ित ने ठगों के खातों में एक करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर कर दी। तीन दिन पहले ठगी का अहसास होने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, इस स्कैम में अपराधी कानून प्रवर्तन अधिकारी बनकर लोगों को डराते हैं और दबाव बनाकर पैसे ऐंठ लेते हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है। 

क्या ट्रंप की जिद से भड़का संघर्ष?: ईरान पर हमला कहीं रणनीतिक भूल तो नहीं, US खुफिया रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

अमेरिका और इस्राइल द्वारा ईरान पर शुरू किए गए युद्ध को लेकर अब नए सवाल उठने लगे हैं। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की एक रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि युद्ध शुरू होने से पहले ही बताया गया थी कि सैन्य हस्तक्षेप से ईरान में सत्ता परिवर्तन संभव नहीं होगा। इसके बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमले का फैसला लिया। अब इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद यह बहस तेज हो गई है कि क्या यह युद्ध एक रणनीतिक भूल साबित हो सकता है।

अमेरिकी खुफिया समुदाय के राष्ट्रीय खुफिया परिषद ने फरवरी में एक विस्तृत आकलन तैयार किया था। इसमें कहा गया था कि सीमित हवाई हमले या लंबे सैन्य अभियान से भी ईरान में नई सरकार बनने की संभावना बेहद कम है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि यदि मौजूदा नेतृत्व को नुकसान पहुंचता है तब भी ईरान की सत्ता संरचना तुरंत नहीं टूटेगी और देश की राजनीतिक व्यवस्था खुद को बनाए रखने की कोशिश करेगी।

क्या अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप से ईरान की सत्ता बदल सकती थी?
खुफिया रिपोर्ट के अनुसार ईरान में ऐसा कोई मजबूत और एकजुट विपक्षी गठबंधन मौजूद नहीं है जो मौजूदा नेतृत्व के खत्म होने के बाद सत्ता संभाल सके। यही कारण है कि रिपोर्ट में कहा गया था कि यदि शीर्ष नेतृत्व को भी खत्म कर दिया जाए, तब भी देश में सत्ता परिवर्तन की स्थिति नहीं बनेगी। रिपोर्ट का निष्कर्ष यह था कि ईरान की राजनीतिक व्यवस्था सत्ता की निरंतरता बनाए रखने की कोशिश करेगी।

नेतृत्व खत्म होने पर ईरान की व्यवस्था क्या करती?
खुफिया आकलन में यह भी कहा गया था कि यदि सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो जाती है तो भी ईरान की धार्मिक और राजनीतिक व्यवस्था तुरंत नया नेतृत्व सामने लाकर सत्ता को स्थिर रखने की कोशिश करेगी। युद्ध की शुरुआत में खामेनेई की मौत के बाद जो घटनाक्रम सामने आया, वह इसी आकलन से मेल खाता दिखा।

नए सुप्रीम लीडर के चयन से क्या संकेत मिला?
ईरान के प्रमुख धार्मिक नेताओं ने खामेनेई की मौत के बाद मोजतबा खामेनेई को नया सर्वोच्च नेता चुना। माना जा रहा है कि मोजतबा खामेनेई अपने पिता से भी अधिक कठोर रुख रखने वाले नेता हैं। उनकी नियुक्ति को ईरान के सत्ता ढांचे की मजबूती और बाहरी दबाव के खिलाफ प्रतिरोध के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

ट्रंप प्रशासन ने युद्ध के क्या कारण बताए?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके प्रशासन ने ईरान पर हमलों के कई कारण बताए हैं। एक तरफ इसे ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोकने के लिए जरूरी कदम बताया गया, तो दूसरी ओर संभावित बैलिस्टिक मिसाइल हमलों को रोकने की कार्रवाई कहा गया। हालांकि अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा कि युद्ध का उद्देश्य सत्ता परिवर्तन नहीं है, लेकिन ट्रंप कई बार यह भी कह चुके हैं कि वे ईरान में नया नेतृत्व देखना चाहते हैं। यह भी सामने आया है कि ट्रंप लंबे समय से अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के आकलनों को लेकर संदेह जताते रहे हैं। वे कई बार इन रिपोर्टों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते रहे हैं। यही वजह है कि इस खुफिया चेतावनी के बावजूद सैन्य कार्रवाई का फैसला लिया गया।  

Exit mobile version