अग्नि आलोक

*देश-दुनिया:कई देशों में आतिशबाजी के साथ 2026 का आगाज,ऑस्ट्रेलिया से लेकर रूस तक नए साल की धूम*

Share

खरगे, राहुल और अखिलेश समेत कई राजनेताओं ने देशवासियों को दी बधाई

धरती के सबसे पूर्वी छोर पर बसे द्वीप देश किरिबाती में सबसे पहले साल 2026 के आगाज का जश्न मनाया गया। न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, जापान, समेत कई देशों में नए साल का जश्न चल रहा है। आइए देखते हैं, दुनियाभर में चल रहे नए साल के जश्न की तस्वीरें…

ऑकलैंड के लोगों ने न्यूजीलैंड की सबसे ऊंची इमारत, स्काई टावर से आतिशबाजी कर 2026 का स्वागत किया। सत्रह लाख की आबादी वाले ऑकलैंड में जब रात के 12 बजे तो लोगों ने जबरदस्त आतिशबाजी के साथ नये साल का स्वागत किया। ऑस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर और चीन समेत दुनिया के कई देशों में नए साल का जश्न चल रहा है। 

ऑकलैंड में पांच मिनट के इस प्रदर्शन में 240 मीटर ऊंचे स्काई टॉवर की विभिन्न मंजिलों से 3,500 आतिशबाजियां छोड़ी गईं। बारिश और संभावित तूफान के पूर्वानुमान के कारण बुधवार को न्यूजीलैंड के उत्तरी द्वीप में छोटे सामुदायिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। 


ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट पर न्यूजीलैंड के दो घंटे बाद 2026 का स्वागत किया गया। देश के सबसे बड़े शहर सिडनी में, लगभग 30 वर्षों में ऑस्ट्रेलिया में हुई सबसे भीषण सामूहिक गोलीबारी की घटना का असर जश्न में नजर आया।


बुधवार को सिडनी हार्बर ब्रिज पर आयोजित आतिशबाजी देखने के लिए शहर के तटीय इलाके में बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। इस मौके पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये थे।


ऑस्ट्रेलिया के सबसे करीबी पड़ोसियों में से एक, इंडोनेशिया में सुमात्रा द्वीप के कुछ हिस्सों में एक महीने पहले आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन से तबाह हुए समुदायों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए नववर्ष की पूर्व संध्या के उत्सवों को सीमित कर दिया।


दुनिया के 29 देशों में भारत से पहले नया साल

धरती के सबसे पूर्वी छोर पर बसे द्वीप देश किरिबाती में भी रात के 12 बजते ही साल 2026 के आगाज का जश्न मनाया गया। दुनियाभर में अलग-अलग टाइम जोन के कारण 29 देश ऐसे हैं जो भारत से पहले नए साल का स्वागत करते हैं। इनमें किरिबाती, समोआ, टोंगा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पापुआ न्यू गिनी, म्यांमार, जापान, इंडोनेशिया, बांग्लादेश, नेपाल शामिल हैं।


ताइवान में नए साल का जश्न (सभी फोटो- PTI)

हांगकांग के मध्य जिले में नए साल पर आतिशबाजी के साथ जश्न

बुर्ज खलीफा पर शानदार आतिशबाजी के साथ नए साल 2026 का स्वागत
दुनियाभर में नए साल 2026 का जश्न जारी है। दुबई के बुर्ज खलीफा पर भव्य आतिशबाजी और लाइट एंड साउंड शो के जरिए नए साल का स्वागत किया गया।

खरगे, राहुल और अखिलेश समेत कई राजनेताओं ने देशवासियों को दी बधाई

देशभर में नववर्ष 2026 का स्वागत उल्लास और उम्मीदों के साथ किया जा रहा है। लोग एक दूसरे को बधाई देकर नए साल का स्वागत कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत देशभर के कई नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से देशवासियों को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए खुशहाली, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और प्रगति का संदेश दिया है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में लिखा ‘आप सभी को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं। नया साल आपके जीवन में ढेर सारी खुशियां, अच्छा स्वास्थ्य और सफलताएं लेकर आए। Wishing everyone a very Happy New Year 2026!’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नववर्ष को लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण से जोड़ते हुए नागरिकों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि नया साल कमजोर वर्गों के अधिकारों काम का अधिकार, वोट का अधिकार और गरिमा के साथ जीवन जीने के अधिकार की रक्षा के लिए जन आंदोलन बने।

भारत में नए साल 2026 का आगाज हो चुका है। दुनियाभर में भी नए साल का उत्सव जारी है। लोग अलग-अलग तरीकों से नए साल के जश्न का आनंद ले रहे हैं। शहरों में रंग-बिरंगी रोशनी, आतिशबाजी और संगीत के साथ लोग नए साल का जश्न माना रहे हैं।

पुणे में गुब्बारे उड़ाकर नए साल 2026 का स्वागत

महाराष्ट्र के पुणे में बड़ी संख्या में लोगों ने गुब्बारे उड़ाकर उत्साह और खुशी के साथ नए साल का स्वागत किया।

 गुरुग्राम, मुंबई और अमृतसर में उत्साह के साथ नए साल 2026 का स्वागत

गुरुग्राम में लोगों ने आतिशबाजी और जश्न के साथ नए साल 2026 का स्वागत किया। यह वीडियो सेक्टर 29 से सामने आया है।

मुंबई में भी लोगों ने नए साल 2026 का जोरदार स्वागत किया। वीडियो छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल का है।

वहीं, अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में नए साल 2026 के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और मत्था टेका।
 

हैदराबाद और ग्वालियर में आतिशबाजी के साथ नए साल 2026 का स्वागत

हैदराबाद और ग्वालियर में लोगों ने उत्साह, आतिशबाजी और जश्न के माहौल में नए साल 2026 का स्वागत किया।

दिल्ली में जश्न के साथ नए साल 2026 का स्वागत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोगों ने उत्साह और उल्लास के साथ नए साल 2026 का स्वागत किया।

बंगलूरू में धूमधाम से नए साल 2026 का स्वागत

कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में नववर्ष 2026 के स्वागत के अवसर पर आतिशबाजी से रात का आसमान जगमगा उठा।

बर्फीले सोनमर्ग में आतिशबाजी के बीच नए साल 2026 का जश्न

बर्फ से ढके सोनमर्ग में लोगों ने आतिशबाजी और उत्सव के माहौल में नए साल 2026 का जोरदार स्वागत किया।

Exit mobile version