ईरान के साथ संघर्ष में 140 अमेरिकी सैनिक घायल, 8 की हालत गंभीर; पेंटागन ने जारी किया बयान
पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध और भू-राजनीतिक तनाव का असर अब पूरी दुनिया पर दिखाई देने लगा है। अमेरिका, ईरान और इस्राइल के बीच टकराव लगातार तेज हो रहा है। इस बीच मौजूदा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल आपूर्ति रोकने की कोशिश की गई तो अमेरिका 20 गुना ज्यादा ताकत से जवाब देगा। साथ ही अमेरिका ने यह भी दावा किया है कि उसने ईरान की 10 बारूदी नावों को नष्ट कर दिया है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री तेल मार्गों में से एक है और यहां किसी भी तरह की बाधा का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ सकता है। इसी बीच इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान की जनता से अयातुल्ला शासन के खिलाफ उठ खड़े होने की अपील की है। अमेरिका ने रूस को भी चेतावनी दी है कि वह इस संघर्ष में ईरान के पक्ष में दखल न दे। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर भारत तक पहुंचने लगा है। गैस आपूर्ति में संभावित बाधा के कारण दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कमी की खबरें सामने आई हैं। कई गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं और होटल-रेस्टोरेंट उद्योग भी चिंतित है। नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने अपने सदस्यों के लिए ईंधन बचाने की एडवाइजरी भी जारी की है। ऊर्जा संकट की आशंका के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज ने घरेलू बाजार में एलपीजी की आपूर्ति बनाए रखने के लिए जामनगर रिफाइनरी में उत्पादन बढ़ाने का फैसला किया है। वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए एअर इंडिया ने पश्चिम एशिया क्षेत्र के लिए 58 उड़ानें संचालित करने की घोषणा की है, ताकि खाड़ी देशों में फंसे लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो। इसी बीच देश की राजनीति में भी बड़ा मुद्दा सामने आया है। केंद्र सरकार संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने के लिए नारी वंदन अधिनियम में बदलाव की तैयारी कर रही है। वहीं चीन भारत से सटी सीमा पर अपना रणनीतिक सड़क नेटवर्क मजबूत करने के लिए 394 किलोमीटर लंबा राजमार्ग बनाने की योजना पर काम कर रहा है। यह घटनाक्रम क्षेत्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय राजनीति दोनों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आज: प्रधानमंत्री मोदी का केरल-तमिलनाडु दौरा, नीट यूजी के लिए आवेदन करने का आखिरी दिन
आज 11 मार्च 2026 को कृष्ण पक्ष की अष्टमी है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केरल और तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे। वहीं, नीट यूजी के लिए आवेदन करने का आज आखिरी दिन है।
पीएम मोदी का केरल और तमिलनाडु दौरा
शुरुआत प्रधानमंत्री से। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को केरल और तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे एर्नाकुलम में लगभग 10,800 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे भारत पेट्रोलियम निगम लिमिटेड की कोच्चि रिफाइनरी में पॉलीप्रोपाइलीन यूनिट की आधारशिला रखेंगे। वहीं, तिरुचिरापल्ली में लगभग 5,650 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तमिलनाडु में 370 किलोमीटर लंबी 89 ग्रामीण सड़कों का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों, दो एक्सप्रेस ट्रेनों और एक यात्री ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
नीट यूजी के लिए आवेदन का आखिरी दिन
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा- स्नातक (NEET UG 2026) के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बुधवार को रात 9 बजे तक है। जो अभ्यर्थी एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेना चाहते हैं। वे आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। एनटीए के अनुसार, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम समय सीमा भी 11 मार्च रात 11:50 बजे तक रखी गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए जल्द से जल्द आवेदन कर लें
जेएनयू कुलगुरु विवाद में अहम दिन
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की कुलगुरु शांतिश्री डी पंडित को लेकर छात्रसंघ द्वारा कराए गए जनमत संग्रह का परिणाम बुधवार को जारी होगा। दरअसल, कुलगुरु शांतिश्री डी पंडित की कथित जातिगत टिप्पणी को लेकर छात्र संघ कुलगुरु के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
पंचायती राज मंत्रालय का कार्यक्रम
पंचायती राज मंत्रालय सशक्त पंचायत-नेत्री अभियान के अंतर्गत नई दिल्ली में 11 मार्च 2026 को पंचायतों की निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों का एक-दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगा। सम्मेलन में केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी उपस्थित रहेंगी। यह सम्मेलन सशक्त पंचायत-नेत्री अभियान के शुभारंभ की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। भारत में महिलाओं के नेतृत्व वाली जमीनी स्तर की शासन व्यवस्था को सशक्त करने और उसका उत्सव मनाने के लिए राष्ट्रीय मंच के रूप में कार्य करेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का किशनगंज दौरा
इन दिनों बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ चल रही है। इस बीच वे बुधवार को अररिया और किशनगंज जिलों का दौरा करेंगे।
लखनऊ पहुंचेगी शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद की यात्रा
गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की यात्रा चल रही है। यह यात्रा बुधवार को लखनऊ पहुंचेगी। इस यात्रा की शुरुआत 7 मार्च से वाराणसी से हुई थी
‘होर्मुज में तेल सप्लाई रोकी तो ईरान पर 20 गुना ज्यादा ताकत से करेंगे हमला’, व्हाइट हाउस की चेतावनी
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। व्हाइट हाउस ने कहा है कि अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल और सामान की आवाजाही रोकने की कोशिश करता है तो उसे भारी सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। अमेरिका का कहना है कि मौजूदा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कर दिया है कि दुनिया के इस अहम समुद्री रास्ते को बंद नहीं होने दिया जाएगा।
दिल्ली में LPG संकट: कमर्शियल सिलेंडर की किल्लत, गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें; होटल कारोबारी चिंतित
पश्चिम एशिया में बढ़ते झगड़े की वजह से इम्पोर्टेड गैस सप्लाई में रुकावटों के बीच आपूर्ति की समस्या अब देश में भी महसूस होने लगी है। ऐसे में दिल्ली के कई हिस्सों में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलिंडर की किल्लत सामने आ रही है, जिससे गैस एजेंसियों के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। सप्लाई में देरी और सीमित उपलब्धता के कारण कई जगहों पर सिलिंडर की डिलीवरी प्रभावित हो रही है। इसने आम लोगों की समस्या और परेशानियां दोनों बढ़ा दी है। ऐसे में संभावित सप्लाई बाधित होने की आशंका के चलते लोग घबराहट में घरेलू गैस सिलिंडर खरीदने के लिए गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं।
West Asia Travel: पश्चिम एशिया संकट के बीच एअर इंडिया का फैसला, आज संचालित होंगी 58 उड़ानें; जानें सबकुछ
पश्चिम एशिया में बढ़ते सुरक्षा संकट के बीच एअर इंडिया समूह ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने 11 मार्च 2026 को पश्चिम एशिया क्षेत्र के लिए कुल 58 नियमित और गैर-नियमित उड़ानें संचालित करने की घोषणा की है। इन उड़ानों का उद्देश्य खाड़ी देशों में फंसे यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाना और यात्रा सेवाओं को जारी रखना है
अगले साल से महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी में केंद्र, संसद-विधानसभाओं में मिलेगा एक-तिहाई हिस्सा
देश में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार महिला आरक्षण को जल्द लागू करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। सरकार नारी वंदन अधिनियम में बदलाव कर संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने की तैयारी कर रही है। कोशिश है कि यह व्यवस्था अगले साल से लागू हो जाए, ताकि आने वाले चुनावों में महिलाओं को ज्यादा प्रतिनिधित्व मिल सके।
एलपीजी संकट पर रेस्तरां उद्योग अलर्ट, NRAI ने जारी की एडवाइजरी; जानें क्या-क्या बताया गया?
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ऊर्जा आपूर्ति पर मंडराते संकट के बीच भारत के रेस्टोरेंट उद्योग को लेकर नई चिंता सामने आई है। नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) ने संभावित वाणिज्यिक एलपीजी आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच अपने सदस्यों के लिए एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। संगठन ने रेस्टोरेंट मालिकों से ईंधन बचाने और संचालन को सुचारु बनाए रखने के उपाय तुरंत लागू करने की अपील की है।
ऊर्जा संकट के बीच रिलायंस का बड़ा कदम, घरेलू LPG सप्लाई सुरक्षित रखने के लिए बढ़ाया उत्पादन
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने दुनिया भर के ऊर्जा बाजारों में चल रही उथल-पुथल को देखते हुए कंपनी ने बड़े कदम उठाए हैं। रिलायंस का कहना है कि घरेलू बाजार के लिए जरूरी ईंधन की सप्लाई पक्की करना उनकी प्राथमिकता है। कंपनी जामनगर स्थित अपने रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में एलपीजी का उत्पादन बढ़ा रही है। जामनगर दुनिया का सबसे बड़ा रिफाइनिंग हब है। रिलायंस की टीमें दिन-रात काम कर रही हैं ताकि घरेलू बाजार में गैस की सप्लाई स्थिर और भरोसेमंद बनी रहे। यह कदम भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार उठाया गया है।
Netanyahu: नेतन्याहू ने ईरान की जनता को बगावत के लिए उकसाया, कहा- अयातुल्ला शासन हटाने का मौका न जाने दें
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान की जनता को सीधा संदेश दिया है। नेतन्याहू ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक लड़ाई है, जिसका मकसद आजादी और बदलाव है। उन्होंने ईरान के लोगों से अपील की कि वे इस मौके को पहचानें और अपने देश में अयातुल्ला शासन को हटाने के लिए तैयार रहें।
भारत से सटी सीमा पर सड़क नेटवर्क मजबूत करने में जुटा चीन, 394 किलोमीटर लंबा राजमार्ग बनाएगा ड्रैगन
चीन अपनी 15वीं पंचवर्षीय योजना के तहत अगले पांच वर्षों में भारत से सटे संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में रणनीतिक परिवहन नेटवर्क को और मजबूत करने की योजना पर काम कर रहा है। हांगकांग स्थित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने 15वीं पंचवर्षीय योजना के मसौदा रिपोर्ट के हवाले से लिखा कि एक परियोजना के तहत शिनजियांग, उइगुर स्वायत्त क्षेत्र में स्थित दुर्गम तियानशेन पर्वत शृंखला के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों को जोड़ने के लिए 394 किलोमीटर लंबे राजमार्ग का निर्माण किया जाएगा।
US Warns Russia: पश्चिम एशिया जंग के बीच अमेरिका ने दी रूस को चेतावनी, कहा- ईरान संघर्ष से दूर रहे मॉस्को
पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध के बीच अमेरिका ने रूस को साफ संदेश दिया है कि वह ईरान से जुड़े संघर्ष में दखल न दे। अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने कहा कि मौजूदा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हाल ही में फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद अमेरिका ने संकेत दिया कि रूस को इस्राइल और अमेरिका के खिलाफ ईरान के साथ खड़े होने से बचना चाहिए।
होर्मुज में सुरंग बिछाने पर ट्रंप की कड़ी चेतावनी, अमेरिकी सेना ने ईरान की 10 बारूदी नावों को किया नष्ट
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव और बढ़ गया है। मौजूदा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उसने इस अहम समुद्री रास्ते में बारूदी सुरंगें बिछाईं तो उसे ऐसा सैन्य जवाब मिलेगा जैसा पहले कभी नहीं देखा गया। ट्रंप ने साफ कहा कि अमेरिका वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री व्यापार को बाधित नहीं होने देगा।
ईरान के साथ संघर्ष में 140 अमेरिकी सैनिक घायल, 8 की हालत गंभीर; पेंटागन ने जारी किया बयान
ईरान के साथ जारी संघर्ष के दौरान अब तक लगभग 140 अमेरिकी सैनिक घायल हो चुके हैं। यह जानकारी अमेरिका के रक्षा विभाग पेंटागन ने दी है। पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने ईमेल के जरिए जारी बयान में कहा कि घायल हुए सैनिकों में से अधिकांश को मामूली चोटें आई हैं और 108 सैनिक इलाज के बाद फिर से ड्यूटी पर लौट चुके हैं। हालांकि उन्होंने बताया कि आठ अमेरिकी सैनिक गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
ईरान के साथ शुरू हुए 10 दिनों के संघर्ष के बाद अमेरिकी सैनिकों को हुए नुकसान को लेकर यह पहली विस्तृत जानकारी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक ईरान की ओर से जवाबी कार्रवाई के तहत रॉकेट और ड्रोन से हमले किए गए थे। इन हमलों में कुवैत और सऊदी अरब में तैनात सात अमेरिकी सैनिकों की मौत भी हो चुकी है।
ट्रंप को चिंता है कि ईरान होर्मुज स्ट्रेट में माइंस लगा रहा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनके पास ईरान द्वारा अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में विस्फोटक लगाने की कोई रिपोर्ट नहीं है। लेकिन अगर तेहरान ने ऐसा किया है, तो हम चाहते हैं कि उन्हें तुरंत हटा दिया जाए! उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा, ‘अगर किसी भी वजह से माइंस लगाई गईं, और उन्हें तुरंत नहीं हटाया गया, तो ईरान के लिए मिलिट्री नतीजे ऐसे होंगे जो पहले कभी नहीं देखे गए।’ दुनिया का 20 फीसदी तेल व्यापार होर्मुज स्ट्रेट से होकर गुजरता है, जो अपने सबसे पतले पॉइंट पर यह सिर्फ 33 किलोमीटर चौड़ा है।
लंदन: होली उत्सव पर हमला ब्रिटिश संसद में गूंजा मुद्दा
उत्तर-पश्चिम लंदन के हैरो में होली मना रहे हिंदू समुदाय पर उपद्रवियों ने हमला किया है। कुछ लोगों ने लाउडस्पीकर तोड़े और लोगों पर हमला किया। ब्रिटिश सरकार ने घटना की कड़ी निंदा की है। सांसद बॉब ब्लैकमैन ने संसद में इस मुद्दे को उठाते हुए बताया कि उपद्रवियों ने लाउडस्पीकर तोड़कर उत्सव में खलल डाला। इस पर लीडर ऑफ द कॉमन्स एलन कैंपबेल ने दुख जताते हुए कहा कि धार्मिक घृणा किसी भी रूप में घृणित है और हमारे समाज में इसका कोई स्थान नहीं है। एक किशोर को गिरफ्तार किया गया है।

