अग्नि आलोक

*देश-दुनिया:वेस्ट बैंक में फलस्तीनी घरों पर चला बुलडोजर; ममदानी सबवे स्टेशन में लेंगे न्यूयॉर्क मेयर पद की शपथ*

Share

पांच राज्यों के चुनाव नतीजे तय करेंगे सियासी दिशा, बंगाल-केरल में गठबंधन की अग्निपरीक्षा,भीषण सर्दी के साथ नए साल का आगाज; SIR पर आमने-सामने टीएमसी और चुनाव आयोग; EU का कार्बन कर आज से लागू

पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने कहा है कि देश की सीमा और संप्रभुता का किसी भी तरह से उल्लंघन किया गया तो उसका कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा। उन्होंने यह बात बलूचिस्तान पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला के प्रतिभागियों से बातचीत के दौरान कही। मुनीर ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने की बात दोहराई और बलूचिस्तान में हिंसा व अशांति खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही।उधर, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की और शांति बनाए रखने के लिए संवाद और कूटनीति को जरूरी बताया। प्रधानमंत्री शरीफ ने कहा कि मौजूदा चुनौतियों के बीच मुस्लिम दुनिया में एकता और आपसी समझ बेहद अहम है। दोनों देशों ने आपसी रिश्तों को और मजबूत करने पर भी सहमति जताई।

वेस्ट बैंक में फलस्तीनी घरों पर चला बुलडोजर, लोग बेघर
वेस्ट बैंक के नूर शम्स शरणार्थी शिविर में बुधवार को फलस्तीनी अपने घरों को इस्राइली बुलडोजरों से टूटते हुए देखते रहे। यह कार्रवाई इस्राइली सेना की उस मुहिम का हिस्सा है, जो करीब एक साल से उत्तरी वेस्ट बैंक के शरणार्थी शिविरों में चल रही है। मानवाधिकार संगठनों के मुताबिक, इस अभियान के दौरान नूर शम्स, जेनिन और तुलकरम शिविरों में अब तक 850 से ज्यादा इमारतें पूरी तरह ढहाई जा चुकी हैं या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। हजारों लोगों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है और वे रिश्तेदारों के यहां या किराये के मकानों में रहने को मजबूर हैं।

सेना ने वेस्ट बैंक के शरणार्थी शिविरों में कई घरों को गिरा दिया। बुलडोजर कार्रवाई के चलते हजारों फलस्तीनी परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। लोग इस कार्रवाई को दर्दनाक और अन्यायपूर्ण बता रहे हैं। इस्राइल का कहना है कि यह कार्रवाई हथियारबंद समूहों के खिलाफ है और सेना के रास्ते साफ करने के लिए घर तोड़े जा रहे हैं। हालांकि स्थानीय लोग इसे घरों और यादों के उजड़ने का दर्द बता रहे हैं।

ममदानी सबवे स्टेशन में लेंगे न्यूयॉर्क मेयर पद की शपथ
जोहरान ममदानी 2026 की शुरुआत के साथ न्यूयॉर्क शहर के नए मेयर के रूप में कार्यभार संभालेंगे। गुरुवार को उनके दो शपथ ग्रहण समारोह होंगे। पहला निजी समारोह आधी रात को मैनहट्टन के एक ऐतिहासिक सबवे स्टेशन ओल्ड सिटी हॉल में होगा। इसके बाद दोपहर में सिटी हॉल के बाहर एक सार्वजनिक ब्लॉक पार्टी और बड़ा समारोह आयोजित किया जाएगा। ममदानी को न्यूयॉर्क की अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स शपथ दिलाएंगी।

भारत-ब्राजील के संबंधों में जुड़ेगा नया अध्याय फरवरी में आएंगे राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला
भारत के साथ आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा फरवरी के दूसरे सप्ताह में नई दिल्ली की महत्वपूर्ण यात्रा पर आ रहे। सबसे खास बात है कि लूला के साथ ब्राजील का अब तक का सबसे बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल आएगा, जो एशिया में ब्राजील की बढ़ती दिलचस्पी का स्पष्ट संकेत है।

दोनों देशों ने आपसी व्यापार को 1.8 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। ब्राजील के उद्योगपतियों के लिए भारत ड्रीम मार्केट बन चुका है। इस दौरे का मुख्य फोकस उर्वरक, कृषि तकनीक, दलहन, कपास और पोल्ट्री जैसे क्षेत्रों पर रहेगा। ब्राजील को भारत में न केवल एक विशाल उपभोक्ता बाजार दिखता है, बल्कि उच्च तकनीक और निवेश के नए अवसर भी नजर आ रहे हैं। व्यापार से इतर प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति लूला के बीच संस्कृति, पर्यटन और खेल जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। मर्कोसुर-भारत व्यापार समझौते के विस्तार पर भी काम चल रहा है, जो न केवल टैरिफ कम करेगा बल्कि व्यापार की अन्य बाधाओं को भी दूर करेगा। यह यात्रा दक्षिण-दक्षिण सहयोग के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हो सकती है।

अमेरिका: गलत सजा काट रहे शख्स को मिली माफी
अमेरिका के मिसिसिपी राज्य में एक व्यक्ति को उसकी सजा अवैध पाए जाने के बाद राज्यपाल ने माफी दे दी है। यह फैसला उसके भाई को इसी तरह की राहत मिलने के कुछ हफ्तों बाद आया। मॉरिस टेलर को तय कानून से कहीं ज्यादा सजा दी गई थी। राज्यपाल टेट रीव्स ने कहा कि कानून के मुताबिक यह सजा गलत थी और न्याय के हित में उसे रिहा किया जा रहा है। आदेश के अनुसार मॉरिस टेलर को पांच दिन के भीतर जेल से छोड़ा जाएगा। राज्यपाल ने कहा कि अगर किसी एक व्यक्ति के साथ भी अन्याय होता है, तो यह पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है।

सीरिया: नए साल की पूर्व संध्या पर आत्मघाती हमला, एक पुलिसकर्मी की मौत
सीरिया के उत्तरी शहर अलेप्पो में नए साल की पूर्व संध्या पर हुए आत्मघाती हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। सरकारी मीडिया के अनुसार, आंतरिक सुरक्षा बलों की एक टीम बाब अल-फराज इलाके में संदिग्ध को पकड़ने की कोशिश कर रही थी, तभी उसने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया।

अलेप्पो के गवर्नर ने बताया कि पुलिसकर्मी नए साल के जश्न की सुरक्षा में तैनात थे। एक अधिकारी ने हमलावर को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसी दौरान विस्फोट हो गया। अधिकारियों ने कहा कि हालात काबू में हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावर एक ईसाई बहुल इलाके में घुसने की कोशिश कर रहा था।

भारत के चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का चीन ने माना लोहा
दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं में भारत की ऐतिहासिक छलांग का लोहा चीन ने भी माना है। चीन ने जापान को पीछे छोड़कर भारत के दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बनने को असली ताकत बताया और भारत को बधाई भी दी। चीन ने आधिकारिक वक्तव्य में कहा, भारत ने जिस तरह घरेलू चुनौतियों का प्रबंधन करते हुए वैश्विक आपूर्ति शृंखला में जगह बनाई है, वह उसकी असली ताकत को दर्शाता है। यह पहली बार है, जब बीजिंग ने भारत के आर्थिक उदय को इतने स्पष्ट शब्दों में सराहा व वैश्विक स्थिरता के लिए जरूरी बताया है। भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, भारत का उदय दर्शाता है कि सच्ची शक्ति इतिहास का ईमानदारी से सामना करने, उससे सीखने और भविष्य की जिम्मेदारी लेने से ही आती है।

एच-1बी पर 89.88 लाख रुपये शुल्क की कानूनी लड़ाई तेज हुई
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से एच-1बी वीजा आवेदन पर लगाए गए 89.88 लाख रुपये के भारी-भरकम शुल्क को लेकर कानूनी लड़ाई अब और तेज हो गई है। यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स ने जिला कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें इस वृद्धि को सही ठहराया गया था। दिसंबर के अंत में जिला जज बेरिल हॉवेल ने कहा था, राष्ट्रपति के पास शुल्क बढ़ाने का कानूनी अधिकार है। चैंबर ऑफ कॉमर्स का तर्क है कि यह वृद्धि संघीय आव्रजन कानून का उल्लंघन है। विशेषज्ञों का मानना है कि चूंकि एक सख्त रुख रखने वाली जज ने भी ट्रंप प्रशासन के पक्ष में फैसला सुनाया है, इसलिए अब ऊपरी अदालत में इसे पलटना एक कठिन चुनौती होगी।

ट्रंप प्रशासन ने वॉशिंगटन के तीन सार्वजनिक गोल्फ कोर्स का लीज रद्द किया
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में ट्रंप प्रशासन ने तीन सार्वजनिक गोल्फ कोर्स की लीज रद्द कर दी है। इन कोर्सों का संचालन पिछले पांच साल से एक गैर-लाभकारी संस्था कर रही थी। अमेरिकी गृह विभाग का कहना है कि संस्था लीज की शर्तों के मुताबिक जरूरी सुधार कार्य नहीं कर पाई, इसलिए यह फैसला लिया गया। वहीं, संस्था ने दावा किया कि उन्होंने कोर्सों के विकास पर लाखों डॉलर खर्च किए और खेल व आमदनी दोनों बढ़ी।

फिलहाल संस्था को अस्थायी रूप से संचालन जारी रखने की अनुमति दी गई है, लेकिन बड़े स्तर पर सुधार कार्य रोक दिए गए हैं। माना जा रहा है कि इस फैसले से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को राजधानी के एक और सार्वजनिक स्थल पर अपनी छाप छोड़ने का मौका मिल सकता है।

थाईलैंड ने 18 कंबोडियाई युद्धबंदियों को किया रिहा
थाईलैंड ने बुधवार को कंबोडिया के 18 युद्धबंदियों को रिहा कर दिया। यह कदम दोनों देशों के बीच सीमा पर जारी खूनी संघर्ष को खत्म करने के लिए हुए संघर्ष विराम समझौते के तहत उठाया गया है। इन सैनिकों को चंतबुरी और पैलिन प्रांत के बीच स्थित सीमा चौकी पर रिहा किया गया। थाई विदेश मंत्रालय ने इसे विश्वास बहाली और मानवीय सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बताया है। वहीं, कंबोडिया ने कहा कि इस कदम से शांति और स्थिरता का माहौल बनेगा।

इंडोनेशिया: माउंट ज्वालामुखी को लेकर अलर्ट, निकासी शुरू
इंडोनेशियाई अधिकारियों ने आचे प्रांत में माउंट नी तेलोंग ज्वालामुखी के लिए अब तक का दूसरा सबसे बड़ा अलर्ट जारी किया है। मंगलवार शाम को ज्वालामुखी के क्षेत्रों के आसपास भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे ज्वालामुखी के सक्रिय होने का डर है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश और भूकंपीय हलचल से खतरनाक गैसें और विस्फोट हो सकते हैं। लोगों को क्रेटर से 4 किलोमीटर दूर रहने की सलाह दी गई है। ज्वालामुखी के पास स्थित तीन गांवों से लोगों को निकाला जा रहा है।

तुर्किये में इस्लामिक स्टेट के 125 संदिग्ध गिरफ्तार
तुर्किये पुलिस ने नए साल के जश्न से पहले देशभर में अभियान चलाकर इस्लामिक स्टेट (आईएस) के 125 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। बुधवार को 25 प्रांतों में एक साथ छापे मारकर इन्हें पकड़ा गया। गृह मंत्री अली येरलिकाया के अनुसार, इस्तांबुल, अंकारा और इजमिर जैसे बड़े शहरों में यह कार्रवाई की गई। ज्ञात हो कि पिछले हफ्ते भी सैकड़ों संदिग्ध पकड़े गए थे। सोमवार को यालोवा प्रांत में एक मुठभेड़ के दौरान छह आतंकी और तीन पुलिसकर्मी मारे गए थे। मारे गए सभी आतंकी तुर्किये के नागरिक थे।

पांच राज्यों के चुनाव नतीजे तय करेंगे सियासी दिशा, बंगाल-केरल में गठबंधन की अग्निपरीक्षा

नया साल सियासी दलों खासकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी इंडिया गठबंधन के लिए चुनौतियों का साल होगा। नए साल के पूर्वार्ध में केंद्रशासित प्रदेश पुदुचेरी और चार राज्यों केरल, तमिलनाडु, असम व पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम देश की सियासत की भावी दशा और दिशा तय करेंगे।

केरल में वामदल, तमिलनाडु में डीएमके, पश्चिम बंगाल में टीएमसी, असम व पुदुचेरी में भाजपा की अगुवाई वाले राजग के सामने अपना गढ़ बचाने की चुनौती होगी। भाजपा के लिए विशेष रूप से नया साल चुनौतियों और अवसरों से भरपूर होगा। पार्टी के सामने दक्षिण भारत के केरल और तमिलनाडु में अपनी ताकत साबित करने का अवसर के साथ पश्चिम बंगाल में दशकों से कमल खिलाने की इच्छा को पूरा करने की चुनौती होगी। इसके अलावा असम में जीत की हैट्रिक लगाने और पुदुचेरी में राजग की अगुवाई वाली सरकार को बनाए रखने की भी चुनौती होगी।

विपक्षी गठबंधन के सामने बड़ी चुनौती : वर्ष 2026 में विपक्षी गठबंधन के लिए चुनौती बड़ी है। दरअसल पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में असम, पश्चिम बंगाल और केरल में गठबंधन के घटक दल आमने-सामने होंगे। केरल में कांग्रेस की अगुवाई वाले यूडीएफ और वाम दलों की अगुवाई वाले एलडीएफ के बीच ही मुख्य मुकाबला होगा। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में भी टीएमसी का वाम दलों और कांग्रेस के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन के आसार नहीं दिख रहे। पुदुचेरी और तमिलनाडु में विपक्षी गठबंधन की पुरानी एकता बरकरार रहेगी।

पश्चिम बंगाल पर सबकी नजर
चुनावी राज्यों में मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल पर सबकी नजरें रहेंगी। सत्तारूढ़ टीएमसी के सामने जीत का चौका लगाने की चुनौती होगी, तो मुख्य विपक्षी पार्टी के रूप में उभरी भाजपा के लिए सत्ता हासिल करने की चुनौती रहेगी। बीते चुनाव में भाजपा सत्ता हासिल करने का सपना पूरा नहीं कर पाई थी। हालांकि इस बार टीएमसी से निकाले गए विधायक हुमायूं कबीर के बाबरी मस्जिद की नींव रखने, अलग पार्टी बना कर एआईएमआईएम से गठबंधन की संभावना के कारण टीएमसी को अपने मुस्लिम वोट बैंक में बिखराव का भय सता रहा है।

ढह सकता है वाम दलों का अंतिम किला
केरल में बीते चुनाव में अपनी सत्ता बरकरार रख वाम दलों के अगुवाई वाले गठबंधन एलडीएफ ने इतिहास रचा था। हालांकि इस बार कांग्रेस की अगुवाई वाले यूडीएफ से एलडीएफ को कड़ी टक्कर के आसार हैं। पहले पश्चिम बंगाल और इसके बाद त्रिपुरा की सत्ता गंवा कर वाम दल गहरे संकट में है। केरल वाम दलों का अंतिम किला है।

क्या साबित करेंगे नतीजे
नतीजे केंद्र की राजनीति में राजग और विपक्षी गठबंधन की धमक साबित करेंगे। असम और पुदुचेरी में राजग की सत्ता में वापसी के साथ अगर भाजपा ने बंगाल में जीते, तो केंद्र में उसकी स्थिति और मजबूत होगी। इसी प्रकार केरल में जीत कांग्रेस के लिए सियासी टॉनिक का काम करेगी। उसके पास तब तेलंगाना, कर्नाटक के बाद एक और महत्वपूर्ण राज्य होगा। टीएमसी अगर बंगाल में जीत का चौका लगाती है तो ममता बनर्जी निर्विवाद चेहरा बन कर उभरेंगे।

भीषण सर्दी के साथ नए साल का आगाज; SIR पर आमने-सामने टीएमसी और चुनाव आयोग; EU का कार्बन कर आज से लागू

नए साल 2026 का स्वागत देशभर में उत्साह और उमंग के साथ किया जा रहा है। दिल्ली से मुंबई, लखनऊ और शिमला तक जश्न का माहौल दिखा, कहीं रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान रोशन हुआ तो कहीं लोग संगीत की धुनों पर थिरकते नजर आए। वहीं, नए साल की शुरुआत भीषण सर्दी के साथ हुई है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित है, जबकि मौसम विभाग ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश में आज बारिश के आसार जताए हैं। उधर, गणतंत्र दिवस 2026 की तैयारियों में भी खास झलक देखने को मिलेगी, जहां कर्तव्य पथ पर सेना के ‘मूक योद्धा’ ऊंट, घोड़े और श्वान कदमताल करते नजर आएंगे। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हलचल भी तेज है, जहां अभिषेक बनर्जी ने एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं, जबकि आयोग ने अपने रवैये को लेकर सफाई दी है।

दिल्ली से मुंबई… लखनऊ और शिमला तक नए साल का उत्सव
भारत में नए साल 2026 का आगाज हो चुका है। दुनियाभर में भी नए साल का उत्सव जारी है। लोग अलग-अलग तरीकों से नए साल के जश्न का आनंद ले रहे हैं। शहरों में रंग-बिरंगी रोशनी, आतिशबाजी और संगीत के साथ लोग नए साल का जश्न माना रहे हैं।

गुलमर्ग में सैलानियों ने बर्फबारी का लुत्फ उठाया। –

पहाड़ों में बर्फबारी से हाल बेहाल; दिल्ली-यूपी में आज बारिश के आसार
नए साल के आगाज के साथ राष्ट्रीय राजधानी समेत समूचा उत्तर भारत भीषण ठंड से सिहर उठा है। मध्य से लेकर पूर्व और पूर्वोत्तर भारत तक ठिठुरन रही। हिमालयी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के बाद मैदानों में बेहद सर्द हवाएं चल रही हैं। ठंड के साथ घनघोर कोहरे ने दुश्वारियां और बढ़ा दी हैं। सड़क, रेल एवं हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित होने से जिंदगी ठहर गई है। दिल्ली और श्रीनगर में 300 से अधिक उड़ानों पर असर पड़ा है। अभी राहत की उम्मीद नजर नहीं आ रही। उत्तर भारत में चार से पांच दिन घना कोहरा बना रह सकता है। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में बारिश के भी आसार हैं।

भारतीय सेना की मार्च

कर्तव्य पथ पर कदमताल करेंगे सेना के मूक योद्धा
गणतंत्र दिवस परेड में इस बार कर्तव्य पथ पर बेहद खास नजारा देखने को मिलेगा। बताया जाता है, परेड में पहली बार बड़े स्तर पर पशु दस्ते भाग लेंगे। यह पशु दस्ते सेना की ताकत दिखाने के अलावा यह दर्शाएंगे कि राष्ट्रीय सुरक्षा में उनका योगदान कितना अहम है। इस विशेष दस्ते में दो बैक्ट्रियन ऊंट, चार जांस्कर पोनी, चार शिकारी पक्षी (रैप्टर्स), भारतीय नस्ल के 10 श्वान और 6 पारंपरिक सैन्य श्वान शामिल होंगे।

टीएमसी ने चुनाव आयोग पर लगाए आरोप –

अभिषेक बनर्जी बोले- SIR पर सवालों का जवाब नहीं मिला
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग के साथ हुई बैठक के बाद कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का रवैया बैठक के दौरान आक्रामक था और उन्होंने पश्चिम बंगाल में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर उठाए गए सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दिया। 

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का बड़ा खुलासा – फोटो : ANI

बांग्लादेश चुनाव से पहले BNP के सामने जमात की पेशकश
बांग्लादेश में किसी वक्त प्रतिबंध का शिकार रह चुकी इस्लामी पार्टी जमात-ए-इस्लामी इस बार फरवरी में हो रहे चुनावों में देश की प्रमुख राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वी बनने जा रही है। जनमत सर्वेक्षणों से पता चलता है कि जमात-ए-इस्लामी लगभग 17 वर्षों में पहली बार चुनाव लड़ रही है और इस चुनाव में वह बीएनपी के बाद दूसरे स्थान पर रहेगी। जमात का कहना है कि फरवरी में चुनाव के बाद पार्टी मिलीजुली सरकार के लिए तैयार है। 

ईयू कार्बन कर आज से लागू

ईयू का कार्बन कर आज से लागू
यूरोपीय संघ (ईयू) का कुछ धातुओं पर कार्बन कर (सीबीएएम) एक जनवरी, 2026 से लागू होने जा रहा है। यह भारत के एल्युमीनियम एवं इस्पात निर्यातकों के लिए बड़ा झटका है। आर्थिक शोध संस्थान ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (जीटीआरआई) ने बुधवार को कहा, यूरोपीय संघ के इस कदम से कई भारतीय निर्यातकों को कीमतों में 15 से 22 फीसदी तक की कटौती करनी पड़ सकती है, ताकि ईयू के आयातक उसी मुनाफे (मार्जिन) से सीबीएएम कर का भुगतान कर सकें। कीमतों में कटौती करना प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए भी जरूरी है।

न्याय विभाग – सांकेतिक तस्वीर

एपस्टीन केस में 52 लाख से ज्यादा दस्तावेजों की समीक्षा
अमेरिका का अमेरिकी न्याय कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एप्सटीन से जुड़े मामलों के 52 लाख (5.2 मिलियन) से ज्यादा दस्तावेजों की समीक्षा कर रहा है। यह समीक्षा कांग्रेस के उस कानून के तहत की जा रही है, जिसमें एपस्टीन से जुड़ी फाइलें सार्वजनिक करने का निर्देश दिया गया है। इस काम के लिए न्याय विभाग ने 400 से ज्यादा वकीलों को लगाया है। हालांकि, न्याय विभाग ने साफ किया है कि 20 या 21 जनवरी से पहले नए दस्तावेज जारी होने की संभावना कम है। इससे पहले तय की गई 19 दिसंबर की समयसीमा अब निकल चुकी है। 

आज से आंशिक रूप से लागू होगा राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम
खेल मंत्रालय ने बुधवार को बताया है कि नए साल के पहले दिन यानी एक जनवरी 2026 से ऐतिहासिक राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम आंशिक रूप से लागू होगा। इससे एक सर्व-शक्तिशाली राष्ट्रीय खेल बोर्ड और खेल विवादों को सुलझाने के लिए एक पंचाट बनाने का रास्ता साफ होगा। मालूम हो कि केंद्र सरकार संसद में राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक लेकर आई थी और दोनों सदनों में बिल पास हुआ था जिसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मंजूरी मिलने के बाद यह अधिनियम बन गया था।

US: ड्रग तस्करी के खिलाफ अमेरिका की कार्रवाई तेज
अमेरिका की सेना ने ड्रग तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन और संदिग्ध नावों पर हमला किया है। इस हमले में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि कुछ लोग नावों से कूदकर समुद्र में चले गए, जिनके जिंदा बचने की संभावना जताई जा रही है। अमेरिकी सेना की यह जानकारी अमेरिकी दक्षिणी कमान ने दी। हालांकि, यह साफ नहीं किया गया कि ये हमले किस जगह हुए, लेकिन पहले ऐसे हमले कैरेबियन सागर और पूर्वी प्रशांत महासागर में हो चुके हैं। 

2026 में इन बड़ी फिल्मों का रहेगा इंतजार
साल 2025 के अब सिर्फ कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं। हर कोई न्यू ईयर का स्वागत करने के लिए पूरी तरह से तैयार। सेलेब्स से लेकर आमजन तक छुट्टियां मनाने निकल चुके हैं। अब सभी निगाहें लगी हैं साल 2026 पर। बॉलीवुड के लिए भी साल 2026 काफी खास रहने वाला है। क्योंकि इस साल कई बड़ी फिल्में रिलीज होनी हैं। इनमें यश की ‘टॉक्सिक’ से लेकर रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’, सलमान खान की ‘बैटल ऑफ गलवां’ और रणबीर कपूर की ‘रामायण’ जैसी कई बड़ी फिल्में शामिल हैं, जिनका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।  

Exit mobile version