Site icon अग्नि आलोक

*देश-दुनिया:सर्दी और कोहरे ने बढ़ाई परेशानी; मुंबई में BEST बस ने 13 को कुचला; ट्रंप की नेतन्याहू संग अहम बैठक,पीएम मोदी बजट से पहले आज अर्थशास्त्रियों से करेंगे मुलाकात*

Share

आज शीतलहर और घने कोहरे का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। उत्तर भारत के कई हिस्सों में दृश्यता शून्य तक पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। हालात ऐसे रहे कि सोमवार को करीब 600 उड़ानें और 100 से ज्यादा ट्रेनें लेट या रद्द करनी पड़ीं, जबकि मौसम विभाग ने आज तापमान में और गिरावट की चेतावनी दी है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस्राइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मुलाकात के बाद हमास को कड़ा संदेश देते हुए साफ कहा कि अगर संगठन ने हथियार नहीं डाले तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उधर, महाराष्ट्र की राजनीति में बीएमसी चुनाव को लेकर महायुति में सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है, जिसके तहत भाजपा 137 सीटों पर और शिवसेना 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

शीतलहर-कोहरे का कहर: कई जगह दृश्यता शून्य
पूरे उत्तर भारत में भीषण शीतलहर जारी है। घने कोहरे का असर यातायात संसाधनों पर भी देखने को मिला है। भीषण कोहरे के चलते 600 उड़ानें प्रभावित हुईं और 100 से अधिक ट्रेनें लेट हुई हैं। इंडिगो ने सोमवार को खराब मौसम और ऑपरेशनल कारणों के चलते 118 उड़ानें रद्द कर दीं। इनमें से छह उड़ानें ऑपरेशनल कारणों के चलते रद्द की गईं, जबकि बाकी अलग-अलग हवाईअड्डे पर खराब मौसम की वजह से कैंसिल हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ जगहों पर मंगलवार को दिन के तापमान में सामान्य से 4-5 डिग्री की गिरावट हो सकती है।

दिल्ली हवाईअड्डे पर 128 उड़ानें रद्द
घने कोहरे के कारण अकेले दिल्ली हवाईअड्डे पर 128 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिनमें आगमन और प्रस्थान की 64-64 उड़ानें शामिल थीं। आठ उड़ानों को दूसरे शहरों में डायवर्ट करना पड़ा। लगभग 470 उड़ानें विलंबित हुईं। इनमें प्रत्येक उड़ान के प्रस्थान में औसतन 24 मिनट की देरी हुई। 

इंडिगो एयरलाइन ने कहा खराब मौसम के कारण उसे अपने नेटवर्क में 80 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, इनमें से लगभग आधी दिल्ली हवाईअड्डे से थीं। इंडिगो की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, कोच्चि, हैदराबाद, कोलकाता, अमृतसर, चंडीगढ़, जयपुर, देहरादून, इंदौर, पटना और भोपाल समेत कई जगहों पर उड़ान सेवाएं रद्द की गई हैं। एयरलाइन ने सुबह 11.20 बजे एक यात्रा सलाह में कहा, दिल्ली और उत्तरी भारत के कई हवाई अड्डों पर कोहरे की स्थिति बनी हुई है और दृश्यता में अभी पूरी तरह से सुधार नहीं हुआ है।  

इसे अलावा पंजाब के अमृतसर, आदमपुर, हलवारा, पठानकोट, चंडीगढ़ एयरफोर्स स्टेशन, सहरानपुर और आगरा में एयरफोर्स स्टेशन और मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कई क्षेत्रों में दृश्यता शून्य मीटर रही। जिसका असर उड़ानों पर देखने को मिला। इससे पहले 25 दिसंबर को इंडिगो ने मौसम की स्थिति का हवाला देते हुए कई हवाई अड्डों के लिए 67 उड़ानें रद्द कर दी थीं, जबकि शनिवार को उसने खराब मौसम का हवाला देते हुए कई एयरपोर्ट से 57 और उड़ानें रद्द की थीं।

इंडिगो की 118 उड़ानें रद्द
इंडिगो ने सोमवार को खराब मौसम और परिचालन कारणों से 118 उड़ानें रद्द कर दी। इंडिगो की वेबसाइट से यह जानकारी मिली। वेबसाइट से मिली जानकारी के मुताबिक, इनमें से छह उड़ान सेवाएं परिचालन कारणों से रद्द की गईं जबकि बाकी विभिन्न हवाई अड्डों पर खराब मौसम की स्थिति के कारण रद्द कर दी गईं। इंडिगो की वेबसाइट के अनुसार, मुंबई, बेंगलुरु, कोचिन, हैदराबाद, कोलकाता, अमृतसर, चंडीगढ़, जयपुर, देहरादून, इंदौर, पटना और भोपाल जैसे अन्य हवाई अड्डों से आने-जाने वाली उड़ानें भी रद्द की गई हैं। इंडिगो की वेबसाइट के मुताबिक, इन 80 फ्लाइट्स में से आधी दिल्ली एयरपोर्ट से कैंसिल की गईं और बाकी में मुंबई, बेंगलुरु, कोचीन, हैदराबाद, कोलकाता, अमृतसर, चंडीगढ़, जयपुर, देहरादून, इंदौर, पटना और भोपाल जैसे एयरपोर्ट से आने-जाने वाली फ्लाइट्स शामिल थीं।

रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित
साल के आखिरी सप्ताह में पड़ रहे घने कोहरे के कारण ट्रेनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। तेजस से राजधानी एक्सप्रेस तक देर से चल रही हैं। यह देरी 16-16 घंटों तक की हो रही है। आनंद विहार सैरंग राजधानी एक्सप्रेस 12.30 घंटे लेट चल रही थी। नई दिल्ली राजेंद्र नगर तेजस राजधानी एक्सप्रेस 15.30 घंटे, नई दिल्ली हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस 16 घंटे और नई दिल्ली सियालदह राजधानी 16 घंटे 30 मिनट की देरी से चल रही थीं। संपूर्ण क्रांति, मगध एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल और अमृत भारत जैसी ट्रेनों का भी यही हाल है। 100 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। ट्रेनें औसतन 8-10 घंटे की देरी से चल रही हैं। आम यात्रियों को सर्दी में परेशानी झेलनी पड़ी।

10 फरवरी तक के लिए अलर्ट
विमानन नियामक, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 10 दिसंबर से 10 फरवरी के बीच की अवधि को इस सर्दी में आधिकारिक कोहरे की अवधि घोषित किया है।दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डीआईएएल) ने सोमवार सुबह जारी यात्री परामर्श में कहा, लगातार घने कोहरे के कारण, उड़ान संचालन श्रेणी तीन के अंतर्गत बना हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप उड़ानों में देरी हो सकती है। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि नवीनतम उड़ान जानकारी के लिए आप अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें या हमारी वेबसाइट देखें। श्रेणी-तीन एक उन्नत नेविगेशन प्रणाली है जो विमान को कोहरे की स्थिति में उतरने में सक्षम बनाती है।

भीषण ठंड से कांपा उत्तर भारत, अलर्ट जारी
दिल्ली में इस बार नए साल पर भी मौसम खराब रह सकता है। हिमालयी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस वजह से दिल्ली में 31 दिसंबर को बादल छाऐंगे और एक जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले तीन दिनों यानी 31 दिसंबर तक घना कोहरा पड़ने के आसार हैं। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, जम्मू मंडल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में रविवार रात से सोमवार सुबह तक अत्यधिक घना कोहरा छाया रहा। वहीं पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में सोमवार को कई जगह घना से अधिक घना कोहरा रहा और लोग ठंड से कांपते नजर आए। ऐसा ही मौसम मंगलवार को भी रहने के आसार हैं और संभाग में कई जगह शीत दिवस की चेतावनी भी जारी की गई है।  मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिन के तापमान में सामान्य से 4-5 डिग्री की गिरावट के आसार हैं। कई जिलों में घने कोहरे के साथ शीत दिवस की चेतावनी भी जारी की गई है।

‘हथियार नहीं डाले तो भुगतना पड़ेगा…’, हमास को ट्रंप की दो टूक
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा संकट को लेकर हमास को अल्टीमेटम दिया है। फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो एस्टेट में इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात के बाद ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा कि अगर हमास ने जल्द हथियार नहीं डाले, तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। 

मुंबई के भांडुप में भीषण सड़क हादसा, BEST बस ने 13 लोगों को कुचला
महाराष्ट्र के मुंबई में सोमवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मुंबई के भांडुप (पश्चिम) इलाके में स्टेशन रोड पर रिवर्स हो रही बेस्ट बस ने कई पैदल यात्रियों को कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

बस चालक को हिरासत में लिया
मुंबई पुलिस के अनुसार, यह हादसा रात करीब 10 बजे उस वक्त हुआ जब बेस्ट की बस अपने रूट के एंड प्वाइंट पर पीछे की ओर ली जा रही थी। तभी अचानक बस ने सड़क किनारे चल रहे लोगों को चपेट में ले लिया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि, दुर्घटना के एक घंटे बाद तक बेस्ट प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।

डीसीपी हेमराज सिंह राजपूत ने कहा, ‘रात करीब 09:35 बजे भांडुप वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास एक बस हादसा हुआ। इस घटना में 13 पैदल यात्री घायल हो गए, जिन्हें हमने अस्पताल भेजा है। उनमें से चार यात्रियों की मौत हो गई है, जिनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। बस ड्राइवर पुलिस हिरासत में है। बस की मैकेनिकल और टेक्निकल जांच की जाएगी, उसके बाद ही असली कारण पता चलेगा।’

हादसे के वक्त बेस्ट का ही चालक चला रहा था बस
सूत्रों के मुताबिक, हादसे में शामिल बस ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक से वेट लीज पर ली गई थी। इस मॉडल के तहत ईंधन, रखरखाव और चालक की जिम्मेदारी ठेकेदार की होती है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि हादसे के वक्त बेस्ट का ही चालक बस चला रहा था। एक वरिष्ठ नगर निगम अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि भांडुप स्टेशन के पास इस रूट पर पहले भी बसों की आवाजाही को लेकर समस्याएं सामने आती रही हैं। तंग मोड़ और कम टर्निंग रेडियस के बावजूद बसों का संचालन जोखिम भरा साबित हो रहा है।

सीएम फडणवीस ने हादसे पर जताया दुख
वहीं इस भयानक हादसे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट (एक्स) किया। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, “मुंबई में भांडुप रेलवे स्टेशन के पास एक जानलेवा हादसे में 4 लोगों की मौत होना बहुत दुखद घटना है। मैं उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं। इस घटना में 9 लोग घायल हुए हैं, और मैं भगवान से उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी।”

इस हादसे को लेकर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा सांसद वर्षा गायकवाड़ ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि खराब बसें, अपर्याप्त प्रशिक्षण और बेस्ट में निवेश की कमी आम लोगों की जान के लिए खतरा बनती जा रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग की है।

बीएमसी के लिए महायुति में सीट बंटवारे पर सहमति
मुंबई नगर निगम चुनाव के लिए सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति के दो प्रमुख दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने सीटों का बंटवारा तय कर लिया है। 227 सीटों वाले मुंबई नगर निकाय के लिए भाजपा 137 सीटों पर, जबकि शिवसेना 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने इसकी जानकारी साझा की है।

कोहरे के आगोश में बीतेगा 2025 :अगले दो दिन के लिए घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी
राष्ट्रीय राजधानी में ठंड के प्रकोप के बीच वाहन चालकों के लिए कोहरा सड़कों पर कहर साबित हो रहा है। आने वाले दो दिनों इस घने कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने तीन दिन तक घने कोहरे और एक दिन बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को भी घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है, जबकि अधिकतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 

नए साल पर बारिश के आसार
दिल्ली में नए साल पर मौसम खराब रहने के आसार हैं। हिमालयी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिसकी वजह से दिल्ली में 31 दिसंबर को बादल छाए रहेंगे और एक जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 4 डिग्री गिरकर 18 से 20 डिग्री के बीच जबकि न्यूनतम 3 डिग्री बढ़कर 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।


ट्रैफिक पुलिस की अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि फॉग लाइट और लो-बीम हेडलाइट का इस्तेमाल करें, तेज़ रफ्तार और ओवरटेकिंग से बचें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें।

ठंड और प्रदूषण ने बढ़ाई मुश्किल
कोहरे के साथ-साथ ठंड और बढ़ते प्रदूषण ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। सुबह-शाम की ठंड में बुज़ुर्गों और बच्चों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बांग्लादेश-भारत रिश्तों में तनाव के संकेत, दिल्ली में तैनात बांग्लादेशी राजदूत को ढाका बुलाया
भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्तों में बढ़ते तनाव के संकेतों के बीच एक अहम कूटनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह को विदेश मंत्रालय ने आपात आधार पर ढाका तलब किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह सोमवार देर रात ढाका पहुंच गए। बांग्लादेश के प्रमुख अखबार प्रथम आलो ने विदेश मंत्रालय के एक जिम्मेदार सूत्र के हवाले से बताया कि भारत-बांग्लादेश द्विपक्षीय संबंधों में हालिया घटनाक्रमों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उच्चायुक्त को मौजूदा हालात पर विस्तृत चर्चा और परामर्श के लिए बुलाया गया है।

‘मैं बहुत गुस्से में हूं’: पुतिन के घर पर यूक्रेनी ड्रोन हमले के दावे पर ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर कथित यूक्रेनी ड्रोन हमले पर प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप ने कहा है कि राष्ट्रपति पुतिन ने उन्हें बताया कि यूक्रेन के ड्रोन के एक झुंड ने कथित तौर पर उनके एक आवास को निशाना बनाया। हालांकि यूक्रेन ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है।

दुल्हन खरीद का खेल बेनकाब, नेपाल ने 4 चीनी नागरिकों को निकाला
नेपाल ने चीन से लड़कियों की विवाह दलाली के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। हांगकांग स्थित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल सरकार ने यह कदम चीनी दलालों के नेपाली महिलाओं को अपने नागरिकों के लिए संभावित दुल्हन के तौर बेचने की खबरों के बाद उठाया है। 

जांच में सामने आए चौंकाने वाले खुलासे
चीनी दलालों के खिलाफ की गई कार्रवाई के क्रम में बीते माह भी नेपाल के आव्रजन अधिकारियों ने काठमांडू में किराए के फ्लैटों में कई युवा नेपाली महिलाओं को चीनी नागरिकों के साथ रहते हुए पाया। इससे नेपाली अधिकारियों को संगठित दुल्हन खरीद नेटवर्क की आशंका हुई। पूछताछ में चीनी नागरिकों ने माना कि उन्होंने महिलाओं के साथ अंतरंग वीडियो बनाए और उन्हें चीन में दोस्तों तथा सोशल मीडिया पर साझा किया। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि वीडियो का मकसद क्या था। जांच के बाद नेपाल सरकार ने वीजा नियमों के उल्लंघन के आरोप में चार चीनी नागरिकों को देश से निष्कासित कर दिया। 

राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप

नीरू ढांडा ने निशानेबाजी चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण
एशियाई चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता नीरू ढांडा ने सोमवार को नई दिल्ली के कर्णी सिंह रेंज में चल रही राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में महिला ट्रैप स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। हाल में कजाखस्तान में महाद्वीपीय प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली 25 साल की नीरू ने फाइनल में 41 हिट के साथ खिताब जीता। नीरू को दिल्ली की कीर्ति गुप्ता से कड़ी टक्कर मिली जिन्होंने 40 सटीक निशानों के साथ रजत पदक हासिल किया। नीरू की मध्य प्रदेश की साथी निशानेबाज प्रगति दुबे ने 32 निशाने सही लगाकर कांस्य पदक जीता। 

नीरू की मध्य प्रदेश की साथी निशानेबाज प्रगति दुबे ने 32 निशाने सही लगाकर कांस्य पदक जीता। इससे पहले क्वालीफिकेशन में प्रगति 117 अंक के साथ शीर्ष पर रहीं, जबकि नीरू ने 114 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।

जूनियर वर्ग में आर्यवंश ने जीता सोना
जूनियर पुरुष ट्रैप में आर्यवंश त्यागी ने 42 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। पंजाब के केशव चौहान और उत्तर प्रदेश के जुहैर खान ने 37 और 30 अंक के साथ क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते। जुहैर इससे पहले क्वालीफिकेशन दौर में 120 के स्कोर के साथ शीर्ष पर रहे। आर्यन सिंह ने 118 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। आर्यवंश ने 115 अंक जुटाकर फाइनल में जगह बनाई।

मध्य प्रदेश ने महिला ट्रैप टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। प्रगति, नीरू और मनीषा कीर की मध्य प्रदेश की टीम 339 अंक के साथ शीर्ष पर रही। दिल्ली ने 333 अंक के साथ रजत, जबकि पंजाब ने 319 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। हरियाणा ने अर्जुन, लक्ष्य अत्री और परीक्षित आर्य की बदौलत 336 अंक जुटाकर जूनियर पुरुष ट्रैप स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। दिल्ली ने जूनियर महिला ट्रैप टीम स्पर्धा का स्वर्ण अपने नाम किया जब आद्या कत्याल, भव्या त्रिपाठी और अनन्या यदुवंशी की तिकड़ी 323 अंक के साथ शीर्ष पर रही।

अक्षय खन्ना के बाहर होने के बाद ‘दृश्यम 3’ को लेकर आया अपडेट
बॉलीवुड की सबसे चर्चित थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ की तीसरी किस्त पिछले कुछ दिनों से लगातार सुर्खियों में है। ‘इंडिया टुडे’ की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई शेड्यूल पूरा करने के बाद फिल्म की टीम जनवरी से गोवा में लंबे शूटिंग शेड्यूल के लिए रवाना होने जा रही है। यह शेड्यूल न सिर्फ कहानी के लिहाज से अहम माना जा रहा है, बल्कि कास्ट में हुए बड़े बदलावों की वजह से भी चर्चा में है

अक्षय खन्ना के बाहर होने के बाद पहला शूटिंग शेड्यूल
‘दृश्यम 3’ से अक्षय खन्ना के बाहर होने के बाद फिल्म की कहानी को एक नया आकार दिया गया है। इसी बीच मेकर्स ने एक बड़ा दांव चलते हुए जयदीप अहलावत को फ्रेंचाइजी में शामिल किया है। अपने गहरे और दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले जयदीप की एंट्री ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। माना जा रहा है कि उनका किरदार कहानी में ऐसा मोड़ लाएगा, जो विजय सालगांवकर की रणनीतियों को पहले से कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण बना देगा।

8 जनवरी से फिर से शुरू होगी शूटिंग 
गोवा में होने वाला यह शूटिंग शेड्यूल 8 जनवरी से शुरू होकर फरवरी के अंत तक चलेगा। करीब एक महीने तक चलने वाली इस शूटिंग को फिल्म का सबसे अहम हिस्सा बताया जा रहा है। इस दौरान पूरी स्टारकास्ट गोवा में मौजूद रहेगी और कहानी के कई अहम सीन यहां फिल्माए जाएंगे। समुद्र, सुनसान रास्ते और रहस्यमयी लोकेशन्स ‘दृश्यम 3’ के सस्पेंस को और गहरा करने वाले हैं।

फिल्म की स्टारकास्ट
फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के अपने आइकॉनिक किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर भी अपनी-अपनी भूमिकाओं में वापसी कर रहे हैं। इन किरदारों के बीच की मानसिक जंग ही दृश्यम सीरीज की असली जान रही है और तीसरे भाग में यह टकराव और भी तीखा होने वाला है।

2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में होगी रिलीज 
थ्रिलर फिल्मों के शौकीनों के लिए बड़ी खबर यह है कि दृश्यम 3 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने की तैयारी में है। मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म न सिर्फ पिछली दोनों फिल्मों से ज्यादा सस्पेंस से भरी होगी, बल्कि दर्शकों को अंत तक बांधे रखने वाला अनुभव भी देगी।

पीएम मोदी बजट से पहले आज अर्थशास्त्रियों से करेंगे मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी बजट पर विचार-विमर्श करने के लिए प्रख्यात अर्थशास्त्रियों और क्षेत्रीय विशेषज्ञों से आज मुलाकात करेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अर्थशास्त्रियों और क्षेत्रीय विशेषज्ञों के अलावा, नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी, नीति आयोग के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बीवीआर सुब्रह्मण्यम और आयोग के अन्य सदस्य भी बैठक में शामिल होंगे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को 2026-27 का केंद्रीय बजट पेश कर सकती हैं। भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और भारत के निर्यात पर अमेरिका के 50 प्रतिशत के भारी शुल्क के बीच यह बजट पेश किया जाएगा। 

पश्चिम बंगाल: अमित शाह कोलकाता पहुंचे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार रात को कोलकाता पहुंचे। जहां पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य, पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और पार्टी के अन्य नेताओं और समर्थकों ने केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत किया। अमित शाह अपने दौरे के दौरान चुनावी रणनीति के तहत अहम बैठक करेंगे। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि जब भी गृह मंत्री आते हैं, कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते हैं। अमित शाह जब भी आते हैं तो कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ जाता है।

कर्नाटक: उधारी न चुकाने पर भाजपा विधायक पर केस

कर्नाटक में भाजपा के विधायक शरणु सलगर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। विधायक पर आरोप है कि उन्होंने 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान अपने रिश्तेदार से लोन लिया लेकिन उसे चुकाया नहीं। शिकायतकर्ता का दावा है कि बार-बार अनुरोध किए जाने के बाद विधायक ने 99 लाख का चैक दिया, जो बाउंस हो गया।

पुलिस ने बताया कि विधायक ने चुनाव संबंधी खर्चों के लिए अपने रिश्तेदार से आर्थिक मदद ली थी और छह महीने के भीतर सारी रकम लौटाने का आश्वासन दिया था। प्राथमिकी में कहा गया कि शिकायतकर्ता ने दो साल तक इंतजार किया लेकिन बार-बार याद दिलाने के बावजूद विधायक ने रकम नहीं लौटाई। इसके बाद 14 सितंबर 2025 को एक बैठक बुलाई गई, जिसमें विधायक ने देनदारी स्वीकार की और 99 लाख रुपये का चेक दिया। शिकायतकर्ता के बैंक में चेक जमा कराया गया तो अगले दिन चेक वापस कर दिया गया और बताया गया कि खाता बंद हो गया है। 

मर्चेंट नेवी के सेवानिवृत्त कप्तान का हत्यारा यूएई से लाया जाएगा भारत
भारत सरकार ने हत्या के एक मामले में वांछित फरार आरोपी हुसैन मोहम्मद शत्ताफ उर्फ हुसैन महबूब खोखावाला के संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शत्ताफ 2006 में महाराष्ट्र के लोनावला में सेवानिवृत्त मर्चेंट नेवी कप्तान मनमोहन सिंह विर्दी की हत्या के मामले में वांछित है। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह हुसैन के प्रत्यर्पण से जुड़ा अनुरोध यूएई में भारतीय दूतावास को भेजा गया है। शत्ताफ के यूएई में जाली दस्तावेजों के सहारे अवैध रूप से रहने की आशंका जताई गई है। मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि उसका भारतीय पासपोर्ट 2019 में जारी हुआ था, जिसकी वैधता 2021 में समाप्त हो चुकी है।

2.50 करोड़ की ड्रग्स व नकदी जब्त, विदेशी सहित दो गिरफ्तार
कर्नाटक के बंगलूरू में पुलिस ने नए साल के जश्न से पहले दो अलग-अलग मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से करीब 2.50 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ और नकदी भी जब्त की गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। 

तमिलनाडु: पीएमके की कमान फिर डॉ. रामदास के हाथ, बेटी बनीं कार्यकारी अध्यक्ष
पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) की जनरल काउंसिल और कार्यकारिणी की बैठक में सोमवार को पार्टी संस्थापक डॉ एस रामदास को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुन लिया गया। ज्ञात हो कि यह बैठक पिता एस रामदास और पुत्र व पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबुमणि के बीच चल रहे वर्चस्व की लड़ाई के बीच हुई। बैठक में डॉ रामदास को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन तय करने का पूर्ण अधिकार दिया गया।महत्वपूर्ण बदलाव के तहत, डॉ रामदास की बेटी श्रीगांधी परशुरामन को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष और जी के मणि को मानद अध्यक्ष चुना गया है। 

तेलंगाना सरकार ने हैदराबाद में पुलिस आयुक्तों का पुनर्गठन किया

तेलंगाना सरकार ने हैदराबाद, साइबरबाद और रचाकोंडा के मौजूदा तीन पुलिस आयुक्तों का पुनर्गठन किया है। सोमवार देर रात जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

पुनर्गठन के बाद सरकार ने हैदराबाद, साइबरबाद, मलकाजगिरि और फ्यूचर सिटी के चार आयुक्त कार्यालय बनाए। कांग्रेस सरकार द्वारा हैदराबाद के बाहरी इलाके में विकसित किए जाने वाले ‘भारत फ्यूचर सिटी’ के प्रस्ताव को ध्यान में रखते हुए फ्यूचर सिटी कमिश्नरेट का गठन किया गया है। राचकोंडा आयुक्तालय का नाम बदलकर मल्काजगिरि कर दिया गया है। हैदराबाद और उसके आसपास के भौगोलिक क्षेत्रों को अलग-अलग आयुक्तालयों के अधीन लाया गया है।

पूर्व बांग्लादेशी PM खालिदा जिया की हालत बिगड़ी; तुर्किये में आईएस से मुठभेड़ में छह आतंकी ढेर

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की प्रमुख खालिदा जिया की हालत और ज्यादा गंभीर हो गई है। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और उन्हें राजधानी ढाका के एक निजी अस्पताल में इलाज दिया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, खालिदा जिया इस समय लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर हैं और उन्हें नियमित रूप से डायलिसिस की जरूरत पड़ रही है। डॉक्टरों ने बताया कि डायलिसिस रुकते ही उनकी हालत तेजी से बिगड़ जाती है। बीएनपी के कार्यकारी अध्यक्ष और उनके बेटे तारिक रहमान सहित परिवार के करीबी सदस्य ढाका के एवरकेयर अस्पताल में उनसे मिलने पहुंचे। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

तुर्किये : आईएस से मुठभेड़ में छह आतंकी, 3 पुलिस अफसर मारे गए
तुर्किये के गृह मंत्री अली येरलिकाया ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी हिस्से में हुई एक मुठभेड़ में इस्लामिक स्टेट (आईएस) के छह आतंकियों और पुलिस के तीन अधिकारियों की मौत हो गई। यह मुठभेड़ सोमवार को इस्तांबुल के दक्षिण में यालोवा प्रांत में एक घर में छिपे आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हुई। येरलिकाया ने कहा, मुठभेड़ में पुलिस के आठ अन्य अधिकारी और एक गार्ड घायल हो गए हैं।

गृह मंत्री के मुताबिक, यालोवा में चलाया गया अभियान देश भर के 15 प्रांतों में आईएस संदिग्धों के खिलाफ हुई 100 से अधिक कार्रवाईयों में से एक था। घर पर चलाए गए अभियान में सावधानी बरती गई, क्योंकि वहां महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। सभी 5 महिलाओं व 6 बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया। बताया गया कि सभी आतंकवादी तुर्किये के नागरिक थे। इस बीच, न्याय मंत्री यिलमाज टुनक ने कहा, पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस बीच, झड़प सड़कों पर फैलने के कारण इलाके के पांच स्कूल दिन भर के लिए बंद कर दिए गए। क्षेत्र में प्राकृतिक गैस और बिजली की आपूर्ति भी काट दी गई, जबकि नागरिकों और वाहनों को इलाके में प्रवेश करने से रोक दिया गया। बता दें कि तुर्किये जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी आतंक का पक्ष लेता रहा है।

पंजाब दौरे के दौरान केपीके सीएम ने उठाए सवाल
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा (केपीके) के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने पंजाब सरकार के रवैये पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब दौरे के दौरान उनके और उनके मंत्रियों के साथ गलत और निंदनीय व्यवहार किया गया। सोमवार को हुई केपीके कैबिनेट बैठक में पंजाब सरकार के व्यवहार को अलोकतांत्रिक, अनैतिक और निंदनीय बताया गया। मुख्यमंत्री अफरीदी का आरोप है कि दौरे के दौरान उनके कैबिनेट सदस्यों के साथ मारपीट और बदसलूकी की गई।

उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा के दौरान बार-बार रास्ते रोके गए, बाजार जबरन बंद कराए गए, मोटरवे के विश्राम स्थल बंद कर दिए गए और यहां तक कि मजार-ए-इकबाल में लाइटें भी बंद कर दी गईं। अफरीदी ने कहा कि जब देश आर्थिक और राजनीतिक अस्थिरता से गुजर रहा है, ऐसे समय में इस तरह का व्यवहार बेहद चिंताजनक और समझ से परे है। बता दें कि अफरीदी समेत पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के वरिष्ठ नेता पंजाब में पार्टी संस्थापक इमरान खान की रिहाई के लिए आंदोलन शुरू करने पहुंचे थे। इमरान खान अगस्त 2023 से भ्रष्टाचार के कई मामलों में जेल में बंद हैं

जुबीन गर्ग मौत मामले की सिंगापुर कोर्ट 14 से करेगा न्यायिक जांच
असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए सिंगापुर की अदालत 14 जनवरी से कोरोनर इंक्वायरी (मौत के कारणों की न्यायिक जांच) शुरू करेगी। 52 वर्षीय जुबीन का निधन 19 सितंबर को सिंगापुर के सेंट जॉन्स आइलैंड पर समुद्र में तैरने के दौरान हुआ था। वे सिंगापुर में एक सांस्कृतिक उत्सव में प्रस्तुति देने गए थे। सिंगापुर पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में किसी भी तरह की साजिश का संदेह नहीं मिला है। कोरोनर एडम नाखोडा के नेतृत्व में होने वाली यह सुनवाई तथ्यों का पता लगाएगी कि मौत कब, कहां और किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस ने जनता से इस मामले में किसी भी तरह की अटकलें न लगाने की अपील की है। न्यायिक प्रक्रिया के तहत यह जांच खुली अदालत में होगी।

नेपाल : जेन-जी प्रदर्शनों पर पूर्व गृह मंत्री जांच पैनल के समक्ष पेश
नेपाल के पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक सोमवार को उच्च स्तरीय जांच आयोग के समक्ष पेश हुए। उन पर जेन-जी आंदोलनों के दौरान सुरक्षाबलों को अत्यधिक बल प्रयोग की अनुमति देने का आरोप है। गौरी बहादुर कार्की की अध्यक्षता वाला यह आयोग 8 और 9 सितंबर को हुई हिंसक घटनाओं की जांच कर रहा है। इन प्रदर्शनों में भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ सड़कों पर उतरे 77 लोगों की मौत हुई थी। अगले हफ्ते पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से भी पूछताछ होने की उम्मीद है।

भारत से संबंधों में टैरिफ की वजह से तनाव : अमेरिकी सांसद
भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद श्री थानेदार ने भारत और अमेरिका के वर्तमान संबंधों को थोड़ा तनावपूर्ण बताया है। निजी यात्रा पर कर्नाटक आए थानेदार ने कहा कि अमेरिका के जरिये लगाए गए भारी टैरिफ से व्यापारिक रिश्तों पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने दोनों देशों के बीच अधिक दोस्ती और भरोसे की जरूरत पर जोर दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में भारतीय सामानों पर टैरिफ बढ़ाकर 50 फीसदी कर दिया था।

इंडोनेशिया : नाव डूबने से लापता फुटबाल कोच की तलाश तेज
इंडोनेशिया में तीन दिन पहले डूबी नाव के मलबे से बचाव दल ने एक लड़की का शव बरामद किया है। माना जा रहा है कि यह स्पेनिश फुटबॉल कोच फर्नांडो मार्टिन की लापता बेटी का शव है। सोमवार तड़के सेराई द्वीप के पास एक स्थानीय निवासी ने शव तैरता देखा। उसे पहचान के लिए लाबुआन बाजो के अस्पताल भेजा गया है। गौरतलब है कि, वेलेंसिया सीएफ विमेंस बी के कोच मार्टिन का परिवार कोमोडो नेशनल पार्क की यात्रा पर था। शुक्रवार शाम इंजन फेल होने के कारण उनकी नाव डूब गई थी। हादसे के बाद मार्टिन की पत्नी एंड्रिया, एक बेटी और चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया था।

कंबोडिया-थाईलैंड के शीर्ष राजनयिकों से मिला चीन
कंबोडिया और थाईलैंड के बीच हिंसक सीमा विवाद में एक मजबूत मध्यस्थ की भूमिका निभाने की कोशिश कर रहे चीनी विदेश मंत्री ने सोमवार को दोनों दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के विदेश मंत्रियों के साथ बैठक की। विवादित सीमा के उत्तर में स्थित चीन के युन्नान प्रांत में यह त्रिपक्षीय बैठक हुई। यह बैठक थाईलैंड और कंबोडिया की बीच हफ्तों से जारी लड़ाई को समाप्त करने के लिए एक नए युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर करने के दो दिन बाद हुई। दोनों देशों के बीच सीमा विवाद को लेकर हुई लड़ाई में 100 से अधिक लोग मारे गए और सीमा के दोनों ओर से लाखों लोगों को विस्थापित होना पड़ा। युन्नान प्रांत में बैठक के बाद थाईलैंड के विदेश मंत्री सिहासक फुआंगकेटकेओ ने कहा, हम सभी मुद्दों को हल नहीं कर सके हैं लेकिन मुझे लगता है कि हम सही दिशा में प्रगति कर रहे हैं।

फरवरी में चुनाव के लिए बांग्लादेश तैयार : युनूस
बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस ने स्पष्ट किया है कि देश फरवरी में होने वाले संसदीय चुनावों और जनमत संग्रह के लिए पूरी तरह तैयार है। सोमवार को अमेरिकी चार्ज डी अफेयर्स ट्रेसी एन जैकबसन ने अपनी विदाई मुलाकात के दौरान प्रोफेसर यूनुस से भेंट की। दोनों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और चुनावी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।

प्रोफेसर यूनुस ने आश्वासन दिया कि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि मतदान में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जैकबसन ने अंतरिम सरकार की ओर से किए गए श्रम सुधारों की सराहना करते हुए उन्हें असाधारण बताया और कहा कि इससे विदेशी निवेश बढ़ेगा। बैठक में रोहिंग्या शरणार्थियों की सहायता और व्यापार पर भी चर्चा हुई। यूनुस ने जैकबसन को उनके कार्यकाल के लिए बांग्लादेश का मित्र बताते हुए धन्यवाद दिया। हालांकि, यह चुनावी घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब बांग्लादेश आंतरिक अशांति और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है।

पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान में चार विद्रोही मारे
पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान प्रांत के कलात जिले में चार विद्रोहियों को मार गिराया है। यह घटना संदिग्ध ठिकाने पर कार्रवाई के दौरान हुई। पिछले सप्ताह सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान के कलात, कोहलू और पंजगुर क्षेत्रों में तीन अभियानों में 17 आतंकियों को मार गिराया था। एक रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में इस साल 2,115 आतंकी हताहत हुए, जबकि 664 सुरक्षाकर्मी भी मारे गए।

यूएन को अमेरिका से 2 अरब डॉलर की मदद
ट्रंप प्रशासन द्वारा अमेरिकी विदेशी सहायता में लगातार कटौती किए जाने के बीच सोमवार को संयुक्त राष्ट्र के मानवीय सहायता कार्यक्रमों के लिए दो अरब डॉलर देने की घोषणा की। यह घोषणा नए आर्थिक हालात में यूएन निकायों को परिस्थितियों के अनुसार ढलने, खुद को सीमित करने या समाप्त होने की चेतावनी देने के बाद की गई है। आलोचकों का कहना है कि पश्चिमी देशों की सहायता में कटौती से लाखों लोग भूख, विस्थापन या बीमारी की ओर धकेल दिए गए हैं।

यह धनराशि अमेरिका की ओर से अतीत में दिए गए योगदान की तुलना में बेहद कम है लेकिन प्रशासन यह मानता है कि यह धनराशि उतनी कम नहीं है और अमेरिका को मानवीय कार्यों के लिए दुनिया के सबसे बड़े दानदाता के रूप में अपनी स्थिति बनाए रखने में सक्षम बनाएगी। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, यह दो अरब डॉलर संयुक्त राष्ट्र समर्थित कार्यक्रमों के लिए पारंपरिक मानवीय सहायता का एक छोटा सा हिस्सा है, जो हाल के वर्षों में वार्षिक रूप से 17 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इनमें से 8-10 अरब डॉलर स्वैच्छिक योगदान के रूप में है। इसके अलावा अमेरिका अपनी संयुक्त राष्ट्र सदस्यता से संबंधित वार्षिक शुल्क के रूप में भी अरबों डॉलर का भुगतान करता है। एजेंसी

इस्राइल में मिले 2000 वर्ष पुराने मंदिर काल के अवशेष
यरूशलम के पुराने शहर में पश्चिमी दीवार प्लाजा के नीचे पुरातात्विक खोदाई में एक मिकवेह (स्नानघर) के अवशेष मिले हैं। ये अवशेष 2000 वर्ष पुराने हैं और द्वितीय मंदिर काल के हैं। उस समय इनका इस्तेमाल क्षेत्र में रहने वाले यहूदियों और मंदिर में आने-जाने वाले तीर्थयात्री करते थे।

Exit mobile version