अग्नि आलोक

देश-दुनिया :राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव आज, पश्चिम बंगाल के मुख्य और गृह सचिव हटाए गए;पश्चिम बंगाल चुनाव: ममता का चौका या कमल को मौका? ऑस्कर 2026 का हुआ आगाज

Share

पेरू में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की सड़क हादसे में मौत; IEA का तेल आपूर्ति पर बड़ा बयान

राज्यसभा चुनाव के लिए बिहार, ओडिशा और हरियाणा की37 सीटों पर मतदान आज होगा। वहीं, ग्लोबल ग्लैमर की दुनिया में ऑस्कर 2026 का आगाज हो चुका है और रेड कार्पेट पर प्रियंका चोपड़ा अपने पति निक जोनास के साथ छा गईं। राजनीति के दूसरे मोर्चे पर बंगाल चुनाव से जुड़ी बड़ी खबर आई है, चुनाव आयोग ने मुख्य सचिव और गृह सचिव को हटा दिया है। दिल्ली मेट्रो ने ड्राइवरलेस तकनीक में 2025 में दुनिया भर में रिकॉर्ड बनाया। घरेलू मामलों में भी राहत की खबर आई है, एलपीजी बुकिंग घटकर 77 लाख हुई है, जबकि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति स्थिर बनी हुई है और सरकार ने दोहराया कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है।

आज : राज्यसभा की 37 सीटों पर आज मतदान, राहुल गांधी से जुड़े एक मामले पर सुनवाई

आज 16 मार्च 2026 को कृष्ण पक्ष की द्वादशी है। आज राज्यसभा की 37 सीटों के मतदान होगा। राहुल गांधी से जुड़ें एक मामले पर सुनवाई होगी। 

राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव 

राज्यसभा की 37 सीटों पर सोमवार को चुनाव होंगे। यह चुनाव सुबह 9 बजे से 4 बजे तक मतदान होगाष वहीं सोमवार को वोटों की गिनती होगी। इनमें महाराष्ट्र की सात, पश्चिम बंगाल और बिहार की 5-5 सीटों पर चुनाव कराया जाएगा। वहीं ओडिशा की चार, तमिलनाडु की छह, असम की तीन, छत्तीसगढ़ की दो, हरियाणा की दो, तेलंगाना की दो और हिमाचल प्रदेश की एक राज्यसभा सीट पर चुनाव होना है। वहीं, कई नेताओं का राज्यसभा कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त हो रहा है, इसमें शरद पवार, प्रियंका चतुर्वेदी, कनिमोझी, साकेत गोखले, उपेंद्र कुशवाहा, राज्यसभा के डिप्टी स्पीकर हरिवंश नारायण सिंह, रामनाथ ठाकुर और अभिषेक मनु सिंघवी शामिल हैं।

राहुल गांधी से जुड़ें एक मामले पर सुनवाई

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हाथरस की एक विशेष अदालत ने सोमवार को सुनवाई होगी। दरअसल कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाथरस सामूहिक बलात्कार मामले में आरोपियों के रूप में तीन युवकों का जिक्र करके मानहानिकारक टिप्पणी की, जबकि उन्हें बलात्कार के आरोपों से बरी कर दिया गया था।

 मेटा एआई के गलत जवाब देने के मामले पर सुनवाई

मेटा एआई से शिव पार्वती पर पूछे गए सवाल पर गलत जवाब देने के मामले में सोमवार को सुनवाई होगी। दरअसल, वाराणसी जिले के सारनाथ तिलमापुर के समाजसेवी नागेश्वर मिश्र ने अमेरिकी सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म मेटा एआई के खिलाफ एक याचिका दायर किया।

रमजान में नमाज रोके जाने के मामले पर सुनवाई

संभल में रमजान के दौरान नमाज रोके जाने के मामले पर सोमवार को सुनवाई होगी। शनिवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने नमाजियों की संख्या सीमित करने के स्थानीय प्रशासन के फैसले पर सख्त रुख अपनाया। सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने कहा कि मस्जिद में नमाजियों की संख्या सीमित नहीं की जा सकती। अगर अधिकारी कानून-व्यवस्था सुनिश्चित नहीं कर सकते तो इस्तीफा दें या तो तबादला करवा लें।

अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव की शुरुआत

गढ़वाल मंडल विकास निगम की ओर से मुनि की रेती स्थित जीएमवीएन गंगा रिजॉर्ट में 16 से 22 मार्च तक सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन होगा। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। महोत्सव के दौरान योग जिज्ञासु राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क अंतर्गत महर्षि महेश योगी की भावातीत चौरासी कुटिया में हेरिटेज वॉक करेंगे।

राज्यसभा चुनाव: बिहार-ओडिशा और हरियाणा की 11 सीटों पर वोटिंग आज
राज्यसभा की 11 सीटों के लिए सोमवार को चुनाव कराए जाएंगे। इनमें बिहार की पांच, ओडिशा की चार और हरियाणा की दो सीटें शामिल हैं। नतीजे सोमवार को ही घोषित किए जाएंगे। गौरतलब है कि देशभर में इस बार राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। इनमें से 26 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। 

ऑस्कर 2026 का हुआ आगाज
98वें ऑस्कर अवॉर्ड समारोह का आयोजन अमेरिका के हॉलीवुड स्थित डॉल्बी थिएटर में किया जा रहा है। इस साल सेरेमनी में भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा बतौर अवॉर्ड प्रेजेंटर शामिल होंगी। यहां 24 कैटेगरी में साल 2025 में रिलीज हुई फिल्मों को सम्मानित किया जाएगा

बंगाल के मुख्य सचिव और गृह सचिव हटाए गए
विधानसभा चुनाव की घोषणा के कुछ ही घंटों के भीतर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव और गृह सचिव को बदलने का फैसला किया है। चुनाव की तारीखों के एलान के बाद रविवार रात आयोग ने यह आदेश जारी किया। आयोग के निर्देश के अनुसार राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह अब दुष्यंत नारियावाला को नया मुख्य सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही राज्य के गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को भी उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह संघमित्रा घोष को नया गृह सचिव नियुक्त किया गया है। 

West Asia Crisis: पश्चिम एशिया के लिए आज से शुरू होगी 48 उड़ानें
एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने घोषणा की है कि सोमवार यानी 16 मार्च को दोनों एयरलाइन्स मिलकर पश्चिम एशिया के लिए कुल 48 शेड्यूल और नॉन-शेड्यूल उड़ानें संचालित करेंगी। एयरलाइन के प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इन उड़ानों में जेद्दा और मस्कट के लिए शेड्यूल सेवाएं शामिल हैं। 
 

पश्चिम बंगाल चुनाव: ममता का चौका या कमल को मौका?
पिछली बार के आठ चरणों के बजाय पश्चिम बंगाल में इस बार दो चरणों में चुनावी रणभेरी बजने के बाद फिजा में एक ही सवाल है। मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर छ़िड़े संग्राम के बीच हो रहे चुनाव में ममता बनर्जी जीत का चौका लगाकर इतिहास रचेंगी, या घुसपैठ के दांव में भाजपा को वाकई कमल को खिलाने का मौका लगेगा? भाजपा खराब कानून व्यवस्था, घुसपैठ और ममता सरकार के खिलाफ 15 साल की एंटी इन्कम्बेंसी को मुद्दा बनाकर जीत का ख्वाब देख रही है, तो ममता फिर से मुस्लिमों (28 फीसदी) के ध्रुवीकरण के लिए जी जान से जुटी हैं।

तीन देशों भुटान, नेपाल और बांग्लादेश से घिरे इस राज्य में भाजपा बीते ढाई दशक से कमल खिलाने का सपना पाले हुए है। बीते चुनाव में पार्टी वाम दलों और कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए मुख्य विपक्षी दल बनने में तो कामयाब रही, मगर सत्ता हासिल करने का सपना अधूरा ही रहा। इस बार वह घुसपैठ के कारण जनसांख्किीय बदलाव और भ्रष्टाचार को प्रमुख मुद्दा बनाया है। साथ ही बीते चुनाव से सबक सीखते हुए पाला बदल करने वाले नेताओं की जगह खांटी कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ाने की रणनीति बनाई है।

36 सीटों पर बेहद कड़ा मुकाबला 
राजनीतिक विश्लेषण के अनुसार पिछले चुनाव में लगभग 36 सीटों पर जीत का अंतर 5000 वोट से कम था। इनमें से कई सीटें ऐसी थीं जहां हार-जीत का फैसला कुछ सौ वोटों से हुआ। यही कारण है कि इन सीटों को आगामी चुनाव का सबसे अहम रणक्षेत्र माना जा रहा है। अगर इन सीटों पर थोड़े से वोटों का झुकाव बदलता है तो सत्ता का समीकरण भी बदल सकता है।

उत्तर बंगाल और जंगलमहल पर नजर
भाजपा की रणनीति उत्तर बंगाल और जंगलमहल क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने की है। नॉर्थ बंगाल के कूचबिहार, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जैसे जिलों में भाजपा को पिछले चुनाव में अच्छी सफलता मिली थी। वहीं, ममता के नेतृत्व में तृणमूल सरकार सामाजिक और कल्याणकारी योजनाओं के सहारे उतर रही है। तृणमूल का दावा है कि महिलाओं, किसानों और गरीब तबकों के लिए चलाई गई योजनाओं ने उसे मजबूत जनसमर्थन दिलाया है।

फ्रंट फुट पर खेल रहीं ममता
मुस्लिम वोट बैंक को साधे रखने के लिए ममता लगातार फ्रंट फुट पर खेल रही हैं। खासतौर पर एसआईआर के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट, सड़क और संसद में आक्रामक मोर्चा खोलना इसी वोट बैंक को साथ बनाए रखने की रणनीति है। बीते लोकसभा चुनाव में भाजपा और तृणमूल के बीच मतों का अंतर सात फीसदी रहा है। भाजपा आदिवासी, मतुआ, महिला मतदाताओं को एकजुट कर इस अंतर को पाटना चाहती है। वहीं, राज्य में नेता विपक्ष भाजपा के शुभेंदु अधिकारी घुसपैठ से जुड़े मुद्दे पर बेहद आक्रामक नजर आ रहे हैं।

नए समीकरण पर होगी नजर
यहां जनादेश के लिए मुस्लिम वोट बैंक सबसे अहम है। दशकों तक यह वोट बैंक जिसके साथ रहा, सत्ता उसी के पास रही। इस बार मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव रखने वाले हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी, असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और फुरफुरा शरीफ के पीरजादा अब्बास सिद्दीकी की पार्टी आईएसएफ के बीच गठबंधन की संभावना बन रही है। एआईएमआईएम बिहार के सीमांचल से लगते दिनाजपुर, मालदा, कबीर मुर्शिदाबाद और सिद्दीकी कोलकाता क्षेत्र में तृणमूल के लिए परेशानी का कारण बन सकते हैं।  

राष्ट्रीय राजनीति पर भी असर
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिम बंगाल का चुनाव केवल राज्य की सत्ता तक सीमित नहीं है। यह मुकाबला राष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। तारीखों की घोषणा के साथ ही साफ हो गया है कि बंगाल की राजनीति और ज्यादा गरमाने वाली है। बड़ा सवाल यही है कि क्या तृणमूल किला बचा पाएगी या भाजपा पहली बार सत्ता तक पहुंचने में सफल होगी।

पिछला चुनाव-2021  कुल सीट 294
पार्टी              सीट   वोट %
तृणमूल कांग्रेस   215   48
भाजपा                77    38
अन्य                  02    10

क्या अरब देशों पर अमेरिका-इस्राइल ही कर रहे हमले? 
ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने दावा किया कि अमेरिका और इस्राइल कुछ जगहों से पश्चिम एशिया में अरब देशों पर हमले कर रहे हैं। यह बात उन्होंने खाड़ी देशों के एक समाचार आउटलेट अल-अरबी अल-जहीद के साथ साक्षात्कार में कही। शिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, अराघची ने कहा कि ईरान क्षेत्रीय देशों के साथ मिलकर बैठक करने और हमलों के लक्ष्यों की प्रकृति की जांच के लिए एक संयुक्त समिति बनाने के लिए तैयार है। 

ड्राइवरलेस तकनीक में दिल्ली मेट्रो का दुनिया भर में डंका
दिल्ली मेट्रो ने चालक रहित (ड्राइवरलेस) मेट्रो नेटवर्क के मामले में वैश्विक स्तर पर अपना दबदबा कायम कर लिया है। पिंक और मजेंटा लाइन के विस्तार के साथ दिल्ली मेट्रो अब दुनिया के सबसे बड़े चालक रहित मेट्रो प्रणालियों में शुमार हो गई है। भविष्य की जरूरतों और फेज-4 की चुनौतियों को देखते हुए डीएमआरसी ने 52 नई ट्रेनों की खरीद का खाका तैयार किया है। दुनिया में सऊदी अरब की रियाद मेट्रो सबसे लंबे पूर्णतः चालक रहित नेटवर्क के रूप में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज है।

एलपीजी बुकिंग घटकर 77 लाख, पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति स्थिर
देश में सिलिंडर को लेकर पिछले कुछ दिनों से जारी अफरा-तफरी के बीच एक अच्छी खबर सामने आई है। एलपीजी सिलिंडर बुकिंग 88.8 लाख से घटकर 77 लाख रह गई है, जो स्थिति में सुधार का संकेत है। सरकार ने दोहराया कि देशभर में पेट्रोल, डीजल या खाना पकाने की गैस की कोई कमी नहीं है। पश्चिम एशिया संघर्ष के बावजूद आपूर्ति स्थिर बनी हुई है। सरकार ने लोगों को सलाह भी दी कि वे घबराहट में खरीदारी ना करें।

यूएई में 35 लोग गिरफ्तार, 19 भारतीय भी शामिल
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में सोशल मीडिया पर भ्रामक और फर्जी वीडियो पोस्ट करने के आरोप में 35 लोगों की गिरफ्तारी का आदेश दिया गया है। इन आरोपियों में 19 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन लोगों ने क्षेत्रीय तनाव के बीच इंटरनेट पर ऐसी सामग्री साझा की जिससे लोगों में भ्रम और डर फैल सकता था।

गिल-मंधाना सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: बिन्नी और द्रविड़ को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने नई दिल्ली में आयोजित नमन अवॉर्ड्स 2026 समारोह में साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों और दिग्गजों को सम्मानित किया। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को बीसीसीआई के प्रतिष्ठित ‘पॉली उमरीगर क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड से नवाजा गया। वहीं महिलाओं में स्मृति मंधाना को उनके करियर में पांचवीं बार सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार मिला। 

पेरू में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की सड़क हादसे में मौत; IEA का तेल आपूर्ति पर बड़ा बयान

पेरू के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की रविवार को एक राजमार्ग पर कार हादसे में मौत हो गई। वह एक राजनीतिक रैली में शामिल होने जा रहे थे। 61 वर्षीय नेपोलियन बेसेरा 12 अप्रैल को हुए चुनाव में पेरू की वर्कर्स एंड एंटरप्रेन्योर्स पार्टी के उम्मीदवार थे। वामपंथी विचारधारा वाले बेसेरा 36 उम्मीदवारों में से एक थे और हाल ही में हुए एक सर्वेक्षण में उन्हें एक फीसदी से भी कम मतदान मिलने की संभावना जताई गई थी।

स्थानीय पुलिस ने बताया कि राजधानी लीमा से 430 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित पिलपिचाका शहर के ग्रामीण इलाके में बेसेरा का वाहन सड़क से उतर गया। मेयर बल्विन हुआमानी ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि उम्मीदवार की कार में सवार तीन यात्री घायल हो गए। 

आईईए बोला- जल्द वैश्विक बाजारों में पहुंचेगा तेल का आपातकालीन भंडार
अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) ने रविवार को कहा कि एशिया और ओशिनिया में उसके सदस्य देश तेल के आपातकालीन भंडार को तत्काल जारी करने की योजना बना रहे हैं और यूरोप और अमेरिका के भंडार मार्च के अंत से उपलब्ध कराए जाएंगे। एक बयान में कहा गया है, “यह आपातकालीन सामूहिक कार्रवाई, जो अब तक की सबसे बड़ी है, एक महत्वपूर्ण और स्वागत योग्य सुरक्षा प्रदान करती है।”

पेरिस स्थित यह एजेंसी कीमतों को कम करने के अंतरराष्ट्रीय प्रयासों के समन्वय में मदद कर रही है। आईईए ने बुधवार को घोषणा की थी कि वह सदस्य देशों के आपातकालीन भंडार से 400 मिलियन बैरल तेल उपलब्ध कराएगा। यह मात्रा 182.7 मिलियन बैरल से दोगुनी से भी अधिक है, जिसे आईईए के 32 देशों ने 2022 में रूस द्वारा यूक्रेन पर किए गए पूर्ण पैमाने के आक्रमण के जवाब में जारी किया था।

गाजा में इस्राइली हवाई हमलों में 12 फिलिस्तीनियों की मौत, बच्चों और गर्भवती महिला भी शामिल
गाजा पट्टी में इस्राइली हवाई हमलों में रविवार को कम से कम 12 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई। मरने वालों में दो बच्चे, एक गर्भवती महिला और आठ पुलिसकर्मी शामिल हैं। यह जानकारी अस्पताल अधिकारियों ने दी।

Exit mobile version