Site icon अग्नि आलोक

देश-दुनिया:सुप्रीम कोर्ट में आज ईडी की याचिका पर सुनवाई,न्यूयॉर्क के चर्च में विस्फोट, नौसैनिक अभ्यास ‘मिलन’ में दिखेगी भारत की ताकत, आज से यूपी बोर्ड की परीक्षा

Share

आज: ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा का भारत दौरा, टी20 विश्वकप में भारत का मुकाबला नीदरलैंड से

आज 18 फरवरी 2026 को शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा है। बुधवार को ब्राजील के राष्ट्रपति भारत के दौरे पर आएंगे। वहीं, यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होंगी। टी20 विश्व कप के ग्रुप चरण में भारत अहमदाबाद में अपना आखिरी मुकाबला नीदरलैंड से खेलेगा। 

ब्राजील के राष्ट्रपति का भारत दौरा

शुरुआत ब्राजील के राष्ट्रपति के दौरे से। राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा बुधवार से चार दिन के भारत दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे दिल्ली में आयोजित एआई समिट में भाग लेंगे। ब्राजील के राष्ट्रपति के साथ अब तक सबसे बड़े प्रतिनिधिमंडल भी होगा। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस दौरान दोनों देशों के बीच फार्मा, खनिज और विमानन क्षेत्र में कई अहम समझौते होने की उम्मीद है। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा और कृषि जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम तय किए गए हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशाखापत्तनम दौरा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को दौरा विशाखापत्तनम के दौरे पर रहेंगी। यहां वे प्रमुख नौसैनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगी। इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू कार्यक्रम में राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी शामिल होंगे।

गृह मंत्री का बंगाल दौरा

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह बुधवार को पश्चिम बंगाल दौरे पर रहेंगे। वे मायापुर जाएंगे, जहां इस्कॉन मंदिर में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। 

प्रियंका गांधी का असम दौरा

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार से असम के दो दिन के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान पार्टी की कई बैठकों में शामिल होंगी। असम में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह दौरा अहम माना जा रहा है।  

यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू

यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षाएं बुधवार से शुरू होंगी। 52.30 लाख से अधिक छात्र 8033 केंद्रों पर परीक्षा देंगे। बोर्ड ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही सख्त नकल-रोधी नियम लागू रहेंगे।

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों एआई सम्मेलन में शामिल होंगे

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत दौरे पर हैं। इस बीच वे बुधवार को दोपहर 1 बजे एआई सम्मेलन में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है। इसका मकसद जिम्मेदार एआई शासन, नवाचार तंत्र, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, जलवायु-जागरुक प्रौद्योगिकी और उभरती प्रौद्योगिकियों तक समान पहुंच पर संवाद को बढ़ावा देना है।

भोजशाला मंदिर पर सुनवाई

धार भोजशाला मंदिर व कमाल मौला मस्जिद परिसर से जुड़े मामले पर बुधवार को सुनवाई होगी।22 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट को निर्देश दिया था कि एएसआई द्वारा सीलबंद लिफाफे में जमा की गई वैज्ञानिक सर्वे रिपोर्ट को खोला जाए। इसके बाद यह मामला बीते सोमवार को पहली बार हाई कोर्ट में सुनवाई के लिए लगा था। 

विक्रम भट्ट से जुड़े एक मामले पर सुनवाई 

विक्रम भट्ट से जुड़े मामले पर बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। दरअसल, 17 नवंबर को उदयपुर में विक्रम भट्ट समेत 8 लोगों के खिलाफ 30 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया था। आरोप है कि उनकी पत्नी की बायोपिक बनाने के नाम पर यह रकम ली गई। (

विश्व कप में भारत अपना आखिरी ग्रुप मैच खेलेगा
टी20 विश्व कप 2026 में बुधवार शाम सात बजे भारत और नीदरलैंड के बीच मुकाबला होगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत पहले ही सुपर-8 में पहुंच चुका है। वहीं, नीदरलैंड को सुपर-8 की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए यह मुकाबला जीतना ही होगा। हालांकि, इस मैच से पहले होने वाले पाकिस्तान और नमीबिया के मुकाबले में अगर पाकिस्तान जीत जाता है तो नीदरलैंड मुकाबला शुरू होने से पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा। बुधवार को विश्व कप के कुल तीन मुकालबे होने हैं। दिन का पहला मैच दक्षिण अफ्रीका और यूएई  के बीच सुबह 11 बजे से दिल्ली में खेला जाएगा। दूसरा मैच दोपहर 3 बजे से पाकिस्तान और नामीबिया के बीच कोलंबो में खेला जाएगा। 

आज विशाखापत्तनम में इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू के जरिये भारत की नौसैनिक का प्रदर्शन देखने को मिलेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सलामी लेंगी। वहीं, यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू होंगी, जिसमें 53 लाख से ज्यादा छात्र भाग लेंगे। सुप्रीम कोर्ट में आज ईडी की याचिका पर सुनवाई होगी, जिसमें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से जुड़े मामले पर भी सुनवाई होगी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने हिंदू धर्म में लौट रहे लोगों का ध्यान रखने पर जोर दिया, वहीं प्रगति मैदान में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट में हाई सिक्योरिटी जोन से एआई वियरेबल चोरी की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मचा दिया। चार राज्यों और पुडुचेरी में अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने हैं। 27 शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है, जिससे रबी की फसलों पर प्रतिकूल असर का खतरा बढ़ गया है। भारत और फ्रांस ने अपनी रणनीतिक साझेदारी को ‘विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ में बदलते हुए रक्षा, तकनीक और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में बड़े समझौते किए। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। अहमदाबाद में नीदरलैंड के खिलाफ मैच में भारतीय क्रिकेट टीम दो तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकती है। 

आज गरजेंगे मिग-29के, एलसीए तेजस और पी-8आई टोही विमान; राष्ट्रपति लेंगी अंतरराष्ट्रीय बेड़े की सलामी
सिटी ऑफ डेस्टिनी कहे जाने वाले विशाखापत्तनम के समुद्री तट पर बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू (आईएफआर) के जरिये दुनिया को भारत की बढ़ती नौसैनिक शक्ति का परिचय देंगी। इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने के लिए राष्ट्रपति मुर्मू मंगलवार शाम विशाखापत्तनम पहुंची।

UPMSP Exam 2026 : यूपी बोर्ड परीक्षा आज से, 8033 केंद्रों पर नकल रोकने के विशेष इंतजाम
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक चलेंगी। इस बार परीक्षा अवधि लगभग 15 कार्य-दिवस में पूर्ण कराने की तैयारी है। प्रदेश भर में कुल 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस बार 53,37,778 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। नकल रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

IPAC Raid Row: ईडी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज, क्या CM ममता के खिलाफ दर्ज होगी FIR?
सुप्रीम कोर्ट बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की उस याचिका पर सुनवाई करेगा, जिसमें पश्चिम बंगाल सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कोलकाता में इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी के दफ्तर और इसके सह-संस्थापक प्रतीक जैन के आवास पर छापेमारी के दौरान हस्तक्षेप का आरोप लगाया गया है। 

मोहन भागवत: जो लोग हिंदू धर्म में लौटें हमें उनका ख्याल रखना होगा, तेज होना चाहिए घर वापसी का काम; तीन बच्चे जरूरी
हिंदू समाज को किसी से भी खतरा नहीं है, लेकिन हमको सावधान रहना होगा। यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने मंगलवार को कही। वह निराला नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में सामाजिक सद्भाव बैठक में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने हिंदुओं की घटती जनसंख्या पर चिंता जताते हुए उन्होंने लालच और जबरदस्ती हो रहे मतांतरण पर रोक लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि घर वापसी का काम तेज होना चाहिए। जो लोग हिंदू धर्म में लौटें, उनका ध्यान भी हमें रखना होगा।

पीएम की मौजूदगी में हाई सिक्योरिटी जोन में हो गई चोरी, सुरक्षा एजेंसियों में मचा हड़कंप
प्रगति मैदान में चल रहे भारतीय एआई इम्पैक्ट समिट में हाई सिक्योरिटी जोन से एआई फिटनेस वेयरबल चोरी होने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मचा हुआ है। एआई वियरेबल डिवाइस बातचीत को ट्रैक करने और भावनाओं का विश्लेषण करने में सक्षम हैं। ये चोरी भी उस समय हुई है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समिट का उद्घाटन करने भारत मड़ंपम पहुंचे थे और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त थी। दिल्ली पुलिस के तिलक मार्ग थाने में चोरी को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एआई समिट के दौरान काफी अव्यवस्थाएं भी देखने को मिल रही है। 

Elections 2026: बंगाल, असम, तमिलनाडु और केरल में अप्रैल में होंगे चुनाव, जानें कब तक होगा तारीखों का एलान
चार राज्यों पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल व केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा के चुनाव अप्रैल में हो सकते हैं।  निर्वाचन आयोग चुनाव कार्यक्रम की घोषणा मार्च के दूसरे सप्ताह में कर सकता है। असम में इस बार एक चरण में चुनाव होने की उम्मीद है। 

Temperature: फरवरी में ही गर्मी की दस्तक, 27 प्रमुख शहरों का तापमान सामान्य से ऊपर; रबी की फसलों पर खतरा बढ़ा
फरवरी को आमतौर पर सर्दियों का अंतिम महीना माना जाता है, लेकिन इस साल मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। महीने के पहले 15 दिनों में ही देश के अधिकतर हिस्सों में दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से ऊपर चला गया। 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के 36 प्रमुख शहरों में से 27 में अधिकतम तापमान औसत से ज्यादा दर्ज किया गया, जबकि 20 राज्यों में कम से कम 10 दिनों तक न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर रहा। 

सैन्य तनाव के बीच जिनेवा में अमेरिका-ईरान न्यूक्लियर वार्ता बेनतीजा, अब आगे क्या होगा?
ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर जिनेवा में बातचीत का नया दौर खत्म हो गया है। ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, यह बैठक लगभग तीन घंटे तक चली। मंगलवार को हुई यह मुलाकात परमाणु मुद्दे पर दोनों देशों के बीच दूसरे दौर की बातचीत थी। जिनेवा में वार्ता व अभ्यास ऐसे समय हुए जब अमेरिका ने पश्चिम एशिया में अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ा दी है। जिनेवा में ईरान-अमेरिका की परोक्ष वार्ता 3 घंटे चली, जिसमें कोई नतीजा नहीं निकला।

‘स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ का एलान, रक्षा-तकनीकी क्षेत्रों में भी बड़े
भारत और फ्रांस ने मंगलवार को अपने रिश्तों को एक नई और ऐतिहासिक ऊंचाई दी है। दोनों देशों ने अपनी दोस्ती को ‘विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ में बदल दिया है। मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच हुई बैठक में रक्षा, तकनीक, स्टार्टअप, जरूरी खनिज, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में कई बड़े ऐलान हुए। यह साझेदारी दोनों देशों के बीच बढ़ते भरोसे और मजबूत होते रिश्तों को दिखाती है। 

अस्पताल में भर्ती हैं लेखक सलीम खान, मिलने पहुंचे परिवार के सदस्य; जावेद अख्तर ने भी जाना हाल
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के पिता और इंडस्ट्री के दिग्गज स्क्रिप्ट राइटर सलीम खान की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे उन्हें मुंबई स्थित लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पिता की सेहत की जानकारी मिलते ही सलमान खान भी तुरंत ही अस्पताल पहुंचे। खान परिवार के सदस्य लगातार सलीम खान का हालचाल लेने अस्पताल पहुंच रहे हैं। इस बीच डॉ. जलील पार्कर ने सलीम खान की सेहत को लेकर अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि सलीम खान की हालत स्थिर है, लेकिन उनके क्लिनिकल स्टेटस के संबंध में उन पर कड़ी नजर रखी जा रही है’।

दो तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकता है भारत, कुलदीप की जगह खतरे में? क्या होंगे बड़े बदलाव
लगातार तीन मैच जीतकर ग्रुप ए में शीर्ष पर मौजूद भारतीय टीम का सामना अब बुधवार को नीदरलैंड से होगा। भारत पहले ही सुपर आठ में जगह बना चुका है, इसलिए उसके पास अगले दौर से पहले अपनी कमियों में सुधार लाने का यह अच्छा अवसर होगा। पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में खेले गए पिछले मैच में टीम ने तीन स्पिनरों को प्लेइंग-11 में मौका दिया था, लेकिन अब मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में है। ऐसे में टीम फिर से दो विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकती है। 

न्यूयॉर्क के चर्च में विस्फोट, दमकलकर्मी समेत 5 लोग घायल; अफगानिस्तान ने रिहा किए तीन PAK सैनिक

अमेरिका के न्यूयॉर्क के उत्तरी हिस्से में एक चर्च में भीषण धमाका होने से इलाके में अफरातफरी मच गई। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को न्यूयॉर्क के उत्तरी हिस्से में एक चर्च में भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। इनमें एक दमकलकर्मी भी शामिल है जो इमारत में गैस की गंध की सूचना पर प्रतिक्रिया देते हुए बुरी तरह झुलस गया था। अधिकारियों के मुताबिक सिरैक्यूज से लगभग 50 मील उत्तर-पूर्व में एक ग्रामीण क्षेत्र में स्थित एबंडेंट लाइफ फेलोशिप चर्च में सुबह लगभग 10:30 बजे धमाका हुआ था। न्यूयॉर्क राज्य पुलिस विस्फोट के कारण की जांच कर रही है। 

स्थानीय पुलिस पांच लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले गई। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनमें घटनास्थल पर पहुंचे एक दमकलकर्मी भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि शेष तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें जानलेवा नहीं माना जा रहा है। पुलिस ने कहा कि विस्फोट से संबंधित किसी भी आपराधिक गतिविधि का प्रारंभिक संकेत नहीं मिला है, जिससे हवा में काले धुएं के घने गुबार उठे और चर्च को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचा। राज्य पुलिस के अनुसार, चर्च को कथित तौर पर प्रोपेन सिलेंडरों से गर्म किया जाता था।

अफगानिस्तान ने रिहा किए तीन पाकिस्तानी सैनिक
अफगानिस्तान ने पिछले वर्ष अक्टूबर में सीमा पार हुई झड़प के दौरान पकड़े गए तीन पाकिस्तानी सैनिकों को रिहा कर दिया है। अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने एक बयान में कहा कि 12 अक्टूबर को लड़ाई के दौरान पकड़े गए तीनों लोगों को सऊदी प्रतिनिधिमंडल को सौंप दिया गया, जिसने दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता की और सोमवार को काबुल की यात्रा की थी। उन्होंने कहा कि रमजान के पवित्र महीने, जो उपवास और चिंतन का महीना है, की शुरुआत को देखते हुए रिहाई का निर्णय लिया गया है।

अक्टूबर में सीमा पर हुई घातक झड़पों के बाद से अफगानिस्तान और पड़ोसी पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। इन झड़पों में दर्जनों सैनिक, नागरिक और संदिग्ध आतंकवादी मारे गए और दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग घायल हुए। हिंसा 9 अक्टूबर को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में हुए विस्फोटों के बाद भड़की, जिसके लिए तालिबान सरकार ने पाकिस्तान को दोषी ठहराया और बदला लेने की कसम खाई।

कोलोराडो हाइवे पर 30 से अधिक वाहनों की टक्कर, 4 लोगों की मौत
अधिकारियों ने बताया कि कोलोराडो में मंगलवार को एक अंतरराज्यीय राजमार्ग पर धूल भरी आंधी के कारण चालकों को देखने में कठिनाई होने से छह सेमीट्रेलरों सहित 30 से अधिक वाहनों की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। कोलोराडो स्टेट पेट्रोल ने बताया कि तेज हवाओं से उड़ी धूल के कारण सुबह करीब 10 बजे प्यूब्लो के दक्षिण में इंटरस्टेट 25 पर हुए हादसे के समय स्थिति “धुंधली” हो गई थी। उन्होंने कहा कि ड्राइवरों को “बहुत कम या बिल्कुल भी दिखाई नहीं दे रहा था”।

पुलिस ने बताया कि 29 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी चोटों की गंभीरता के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। दुर्घटना के कारणों की अभी भी जांच चल रही है। गश्ती दल की प्रवक्ता शेरी मेंडेज़ ने बताया कि कम दृश्यता को दुर्घटना के एक कारण के रूप में माना जाएगा, लेकिन अन्य कारण भी हो सकते हैं। मंगलवार को कोलोराडो के पूर्वी हिस्से में तेज हवाएं चल रही थीं, जो गर्म मौसम और अत्यधिक शुष्क परिस्थितियों के साथ मिलकर जंगल की आग के खतरे को भी बढ़ा रही हैं और डेनवर के हवाई अड्डे पर उड़ानों में देरी का कारण बन रही हैं।

वॉशिंगटन में पुलिस ने एक शख्स को किया गिरफ्तार, शॉटगन लेकर अमेरिकी कैपिटल बिल्डिंग की ओर भागने का आरोप
वॉशिंगटन, डीसी में अमेरिकी कैपिटल पुलिस ने मंगलवार को एक 18 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जब वह अपनी गाड़ी से उतरकर शॉटगन लेकर कैपिटल बिल्डिंग के पश्चिमी हिस्से की ओर भागा। कैपिटल पुलिस प्रमुख माइकल सुलिवन ने कहा कि अज्ञात व्यक्ति ने कैपिटल के पास एक मर्सिडीज एसयूवी खड़ी की, उससे बाहर निकला और इमारत की ओर दौड़ने लगा। तभी अधिकारियों ने उसे रोका और जमीन पर लेटने का आदेश दिया।

गिरफ्तारी के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए सुलिवन ने कहा कि बंदूकधारी ने टैक्टिकल वेस्ट और दस्ताने पहने हुए थे और गाड़ी में उसके पास केवलर हेलमेट और गैस मास्क भी था। चीफ ने बताया कि शॉटगन भरी हुई थी और उसके पास अतिरिक्त गोलियां भी थीं। सुलिवन ने कहा कि मकसद की जांच की जा रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि क्या कांग्रेस के सदस्य निशाने पर थे। कांग्रेस का सत्र अभी नहीं चल रहा है।

अमेरिकी सेना ने कथित तौर पर ड्रग्स से भरी तीन नावों पर किए हमले, 11 लोगों की मौत
अमेरिकी सेना ने मंगलवार को कहा कि उसने लैटिन अमेरिकी जलक्षेत्र में ड्रग्स की तस्करी के आरोपी तीन नावों पर हमले किए, जिसमें 11 लोग मारे गए। यह ट्रंप प्रशासन के महीनों से चल रहे अभियान के सबसे घातक दिनों में से एक था। सोमवार को किए गए सिलसिलेवार हमलों के बाद मरने वालों की संख्या कम से कम 145 हो गई है, जब से प्रशासन ने सितंबर की शुरुआत से छोटे जहाजों में उन लोगों को निशाना बनाना शुरू किया है जिन्हें वह नारकोटेररिस्ट कहता है।

42 ज्ञात हमलों पर सेना के अधिकांश बयानों की तरह, अमेरिकी दक्षिणी कमान ने कहा कि उसने ज्ञात तस्करी मार्गों पर कथित मादक पदार्थों के तस्करों को निशाना बनाया। उसने कहा कि पूर्वी प्रशांत महासागर में चार-चार लोगों को ले जा रहे दो जहाजों पर हमला किया गया, जबकि कैरेबियन सागर में तीन लोगों को ले जा रहे एक तीसरे जहाज पर हमला किया गया। सेना ने इस बात का कोई सबूत नहीं दिया कि ये जहाज ड्रग्स की ढुलाई कर रहे थे, लेकिन उसने ऐसे वीडियो पोस्ट किए जिनमें नौकाओं को नष्ट होते हुए दिखाया गया था।

एपस्टीन कनेक्शन: हयात होटल के चेयरमैन थॉमस प्रिट्जकर ने दिया इस्तीफा
अमेरिका के न्याय विभाग (यूएस डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस) की ओर से जारी नई फाइलों में दोषी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से करीबी संपर्क सामने आने के बाद अरबपति कारोबारी थॉमस प्रिट्जकर ने वैश्विक होटल शृंखला हयात होटल के चेयरमैन पद से हटने की घोषणा की है। प्रिट्जकर ने स्वीकार किया कि एप्स्टीन से संपर्क बनाए रखना भयानक निर्णय था। बीबीसी के अनुसार, हाल में सार्वजनिक फाइलों से पता चला कि प्रिट्जकर 2008 में एपस्टीन के यौन अपराधों में दोष स्वीकार करने के बाद भी कई वर्ष उसके संपर्क में थे। प्रिट्जकर ने कहा कि उन्होंने एपस्टीन से दूरी बनाने में देर कर गंभीर गलती की। उन्होंने कहा, मेरी जिम्मेदारी हयात को सही दिशा में आगे बढ़ाने की है।

ब्रिटेन और भारत में एमपॉक्स की पहचान, दो अलग-अलग क्लेड से मिलकर बना वायरस
ब्रिटेन और भारत में एमपॉक्स वायरस के एक नए बदले हुए स्वरूप की पहचान हुई है, जिसे वैज्ञानिक रिकॉम्बिनेंट वायरस कह रहे हैं। यह नया रूप वायरस के दो अलग-अलग प्रकार  क्लेड आईबी और क्लेड आईआईबी के आपस में मिल जाने से बना है। अब तक ऐसे दो ही मामले सामने आए हैं और दोनों मरीज स्वस्थ हैं। डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि फिलहाल आम जनता के लिए जोखिम कम है, हालांकि उच्च जोखिम समूहों में सतर्कता जरूरी बनी हुई है। डब्ल्यूएचओ के अनुसार यह एक संक्रामक बीमारी है, जो एमपॉक्स वायरस से होती है। एमपॉक्स वायरस के दो मुख्य क्लेड माने जाते हैं, क्लेड आई और क्लेड आईआई। क्लेड आई के भीतर आईए और आईबी उपसमूह आते हैं, जबकि क्लेड आईआई में आईआईए और आईआईबी  शामिल हैं। हाल का वैश्विक प्रकोप मुख्य रूप से क्लेड आईआईबी से जुड़ा रहा है। अब जो नया रीकॉम्बिनेंट मामला सामने आया है, उसमें क्लेड आईबी और क्लेड आईआईबी दोनों के जीन पाए गए हैं।

भारत का मामला बेहद महत्वपूर्ण
भारत में पाया गया यह केस दुनिया में इस नए रीकॉम्बिनेंट एमपॉक्स वायरस का सबसे शुरुआती ज्ञात मामला माना जा रहा है। मरीज को अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन उसे कोई गंभीर समस्या नहीं हुई और कुछ ही हफ्तों में वह पूरी तरह स्वस्थ हो गया। जिन लोगों से उसका संपर्क हुआ था, उनकी भी जांच की गई, पर किसी में संक्रमण नहीं मिला। इससे संकेत मिलता है कि फिलहाल इस नए स्वरूप से बड़े पैमाने पर फैलाव का खतरा नजर नहीं आ रहा है।

Exit mobile version