अग्नि आलोक

देश-दुनिया: दिल्ली समेत मैदानों में बारिश से बढ़ेगी ठंड, द. अफ्रीका में मिनीबस-ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत; पाकिस्तान में ईसाई बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास

Share

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि दिल्ली समेत मैदानों में बारिश की वजह से ठंड और कंपकंपी बढ़ सकती है। उत्तराखंड में अब धार्मिक स्थलों पर गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लागू कर दी गई है; यमुनोत्री धाम, बदरी-केदार और गंगोत्री में आम प्रवेश फिलहाल बंद रहेगा। वहीं, आर्थिक मोर्चे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में जारी इकोनॉमिक सर्वे को ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस की झलक’ बताते हुए कहा कि मुश्किल दौर में भी भारत की आर्थिक गति तेज बनी हुई है। इधर 14 साल बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच सीधी फ्लाइटें बहाल हुई हैं और ढाका-कराची हवाई कनेक्टिविटी फिर से शुरू हो गई है। ऐसे समय में कीमती धातुओं की कीमतों में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला; चांदी ₹19,500 उछलकर ₹4.04 लाख प्रति किलो पर पहुंच गई, जबकि सोना ₹1.83 लाख प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है।

पश्चिमी विक्षोभ से फिर बदलेगा मौसम, पहाड़ पर बर्फबारी
जनवरी के आखिरी दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 30 जनवरी की रात एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश, बर्फबारी, तेज हवाएं, शीतलहर और घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा। एक फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका है, जबकि दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा समेत मैदानी इलाकों में ठंड और शीतलहर का प्रकोप बढ़ सकता है। दक्षिण भारत में समुद्री इलाकों में भी तूफानी हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

14 साल बाद बांग्लादेश से पाकिस्तान सीधी फ्लाइट बहाल
बांग्लादेश की राजधानी ढाका से पाकिस्तान के कराची के जिन्ना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 14 साल बाद पहली सीधी फ्लाइट पहुंची, जिससे दोनों देशों के बीच हवाई कनेक्टिविटी फिर से बहाल हो गई। पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, बिमान बांग्लादेश एयरलाइन की फ्लाइट BG-341 गुरुवार शाम ढाका से कराची पहुंची। 

चांदी 19500 रुपये उछलकर ₹4 लाख पार, जानिए सोना का भाव
चांदी और सोने की कीमतें थमने का नाम नहीं ले रहीं। देश की राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी गुरुवार को चांदी चार लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार कर गई। सोना भी 1.83 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वैश्विक बाजारों में तेज उछाल और निवेशकों की ओर से सुरक्षित माने जाने वाले चांदी-सोने की मजबूत मांग के चलते कीमतों में यह इजाफा हुआ है।

बदरी-केदार व गंगोत्री में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक
गंगोत्री धाम के बाद अब यमुनोत्री धाम में भी गैर सनातनियों के प्रवेश को वर्जित करने का निर्णय लिया गया है। यमुनोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि आगामी अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के दौरान धाम में नियम लागू कर दिया जाएगा। वहीं प्रयागराज में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज सहित अन्य संतों के साथ हुए दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा की। 

इंस्टाग्राम से गायब हुआ विराट कोहली का अकाउंट
पूर्व भारतीय कप्तान और स्टार क्रिकेटर विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट गुरुवार-शुक्रवार की देर रात अचानक गायब हो गया। इंस्टाग्राम पर उनका नाम सर्च करने पर न तो उनकी प्रोफाइल दिख रही है और न ही कोई पोस्ट, जिससे फैंस हैरान और चिंतित नजर आ रहे हैं।

बंगाल सरकार को BSF को सौंपनी होगी नौ सीमावर्ती जिलों की जमीन
कलकत्ता हाईकोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार को आदेश दिया कि वह भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे 9 जिलों में पहले से अधिग्रहित जमीन 31 मार्च तक सीमा सुरक्षा बल (BSF) को सौंपे। इस जमीन

नक्सलवाद के अंत के लिए खुलेगा खजाना
नक्सलवाद के पूर्ण सफाए की समयसीमा बेहद करीब है। गृह मंत्री अमित शाह की 31 मार्च, 2026 की डेडलाइन को धरातल पर उतारने के लिए बजट में सुरक्षा-केंद्रित विकास का बड़ा मॉडल पेश किया जा सकता है। नक्सलियों के गढ़ में सुरक्षा बलों की बढ़ती पैठ और पिछले वर्ष 1,300 नक्सलियों के आत्मसमर्पण के बाद बड़ी चुनौती वहां शांति को स्थायी बनाने की है। बजट में छत्तीसगढ़, झारखंड व ओडिशा जैसे राज्यों में विकास की रफ्तार तेज करने के लिए विशेष आवंटन की उम्मीद है। 

UGC के नए नियमों पर ‘सुप्रीम’ रोक
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को एक जनहित याचिका (पीआईएल) पर सुनवाई के दौरान विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की ओर से लाए गए ‘समता विनियम 2026’ पर रोक लगा दी। दरअसल, बीते कुछ दिनों से पूरे देश में यूजीसी के इन नए नियमों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी थे। उच्च शिक्षा नियंत्रक शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव को खत्म करने के मकसद से लाए गए नियमों को लेकर ही विवादों में घिर गई थी। पढ़ें पूरी खबर…

पीएम मोदी ने आर्थिक सर्वेक्षण को रिफॉर्म एक्सप्रेस की झलक बताया
संसद में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश की गई आर्थिक समीक्षा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। प्रधानमंत्री ने इस दस्तावेज को भारत की रिफॉर्म एक्सप्रेस की एक व्यापक तस्वीर बताया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने जो स्थिरता और प्रगति दिखाई है, यह सर्वे उसी का प्रमाण है। 

फरवरी 2026 में रिलीज होंगी कई बॉलीवुड फिल्में
 इस साल का पहला महीना, जनवरी, अब समाप्त होने वाला है। इस महीने सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ और वीर दास की ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ जैसी फिल्में रिलीज हुईं। दरअसल, फरवरी में भी सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली हिंदी फिल्मों का एक दिलचस्प कलेक्शन देखने को मिलेगा। देखें पूरी लिस्ट।

फरवरी 2026 में रिलीज होंगी , शाहिद कपूर की ‘ओ रोमियो’ से लेकर नीना गुप्ता की ‘वध 2’ तक

ओ रोमियो
विशाल भारद्वाज ने ‘ओ रोमियो’ को निर्देशित किया है। इसमें शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म बनाने वालों ने कुछ दिन पहले ट्रेलर जारी किया, जिसमें उस्तारा और अफशा की दुनिया की झलक है। साजिद नाडियाडवाला के बैनर तले बनी यह रोमांटिक एक्शन थ्रिलर 13 फरवरी 2026 को रिलीज होगी। मुख्य कलाकारों के अलावा, फरीदा जलाल, तमन्ना भाटिया, नाना पाटेकर, दिशा पटानी, अविनाश तिवारी और विक्रांत मैसी भी हैं।

अस्सी फिल्म – फोटो : सोशल मीडिया

अस्सी
तापसी पन्नू ने अनुभव सिन्हा के साथ ‘मुल्क’ और ‘थप्पड़’ में काम किया। अब उन्होंने ‘अस्सी’ के लिए फिर से साथ काम किया है। इस जासूसी थ्रिलर की पहली झलक सोशल मीडिया पर आई। इसमें तापसी वकील के रूप में हैं, जिनके चेहरे पर काली स्याही के निशान हैं। मनोज पाहवा, कानू कुसृति, रेवती, कुमुद मिश्रा और जीशान अय्यूब के साथ यह फिल्म 20 फरवरी 2026 को रिलीज होगी।

तू या मैं – फोटो : इंस्टाग्राम

तू या मैं
शनाया कपूर ने विक्रांत मैसी के साथ ‘आंखों की गुस्ताखियां’ से बॉलीवुड में शुरुआत की। अब वह अपनी नई फिल्म के साथ तैयार हैं। आदर्श गौरव के साथ ‘तू या मैं’ में मुख्य भूमिका में हैं। बेजॉय नाम्बियार ने इसे निर्देशित किया है। 13 फरवरी को रिलीज होने वाली इस फिल्म में शनाया- अवनी शाह और आदर्श- मारुति कदम के रोल में नजर आएंगे। यह ‘ओ रोमियो’ से बॉक्स ऑफिस पर टकराएगी।

दो दीवाने सहर में – फोटो : एक्स

दो दीवाने सहर में
मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी की ‘दो दीवाने सहर में’ एक आने वाली रोमांटिक ड्रामा है। रवि उदयवार ने इसे निर्देशित किया है। यह 20 फरवरी को रिलीज होगी और ‘अस्सी’ से टकराव होगा। मृणाल और सिद्धांत के अलावा, इला अरुण, आयशा रजा, अचिंत कौर, नवीन कौशिक और अन्य कलाकार हैं। इसका निर्माण जी स्टूडियोज, रैनकॉर्प मीडिया, भंसाली प्रोडक्शंस और रवि उदयवार मीडिया ने मिलकर किया है।

वध 2

वध 2
संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की ‘वध 2’ 2022 की फिल्म ‘वध’ का सीक्वल है। जसपाल सिंह संधू ने इसे लिखा और निर्देशित किया है। यह क्राइम ड्रामा 6 फरवरी 2026 को रिलीज होगी। इसमें मिश्रा शंभूनाथ और नीना मजनू के रोल में हैं। मानव विजय और सौरभ सचदेवा भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।

‘द केरल स्टोरी 2’

‘द केरल स्टोरी 2’
कामाख्या नारायण सिंह ने ‘द केरल स्टोरी 2’ को निर्देशित किया है। यह अदा शर्मा की 2023 की फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ का सीक्वल है। विपुल अमृतलाल शाह ने इसे बनाया है। सनशाइन पिक्चर्स लिमिटेड के बैनर तले यह 27 फरवरी 2026 को रिलीज होगी।

भाबीजी घर पर हैं! फन ऑन द रन

भाबीजी घर पर हैं! फन ऑन द रन
‘भाबीजी घर पर हैं! फन ऑन द रन’ में आसिफ शेख, शुभांगी अत्रे, रोहिताश्व गौड़, विदिशा श्रीवास्तव और अन्य कलाकार हैं। शशांक बाली ने इसे निर्देशित किया है। यह कॉमेडी ड्रामा 6 फरवरी को ‘वध 2’ से टकराएगा। मुकेश तिवारी, दिनेश लाल यादव और रवि किशन भी हैं। यह टीवी शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ पर आधारित है।

द. अफ्रीका में मिनीबस-ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत; पाकिस्तान में ईसाई बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास

ब्रिटिश सरकार ने कहा है कि एक नए कानून के तहत फर्जी वीजा स्पॉन्सरशिप की बिक्री का विज्ञापन देना अपराध घोषित किया जाएगा। दरअसल ब्रिटेन के एक मीडिया चैनल ने स्टिंग ऑपरेशन कर ब्रिटेन में अप्रवासन के लिए फर्जी वीजा विज्ञापन के एक घोटाले का खुलासा किया है। इस घोटाले में एजेंट्स ब्रिटेन में प्रवासियों को धोखाधड़ी से स्किल्ड वर्कर वीजा दिलाने में मदद करने के लिए ऑनलाइन नकली नौकरी का सर्टिफिकेट जारी कर रहे हैं।

ऐसा सर्टिफिकेट किसी प्रवासी को अपने स्किल्ड वर्कर वीजा के लिए आवेदन करने में सक्षम बनाता है, जिसमें हजारों पाउंड के बैंक ट्रांसफर का एक जटिल जाल यह सुनिश्चित करता है कि सैलरी सिर्फ कागजों पर ही मौजूद रहे। ब्रिटेन के गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘अगले हफ्ते, इस सरकार द्वारा लाए गए कानूनों के कारण ऑनलाइन विज्ञापनों के माध्यम से झूठे वीज़ा स्पॉन्सरशिप बेचने का विज्ञापन देना एक अपराध बन जाएगा।’ जांच में पता चला कि अनियमित एजेंट होम ऑफिस द्वारा अप्रूव्ड कंपनियों द्वारा जारी स्पॉन्सरशिप सर्टिफिकेट पेश करके लोगों को वीज़ा दिलाने में मदद करने की पेशकश कर रहे थे। ये नौकरियां हॉस्पिटैलिटी, लॉजिस्टिक्स, सोशल केयर, आईटी, फाइनेंस, मार्केटिंग और ग्राफिक डिजाइन सहित व्यवसायों में दी जा रही थीं।

स्किल्ड वर्कर वीज़ा योजना 2020 में तत्कालीन प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के नेतृत्व वाली कंजर्वेटिव सरकार के तहत शुरू की गई थी और बाद में यूके के सोशल केयर इंडस्ट्री में कमी को पूरा करने के लिए इसका विस्तार किया गया। हालांकि, इससे एक ब्लैक मार्केट भी बन गया, जो उन लोगों को टारगेट करता है जो ब्रिटेन में स्थायी निवास या अनिश्चित काल तक रहने की इजाजत पाना चाहते हैं।

द. अफ्रीका में मिनीबस-ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत

दक्षिण अफ्रीका में गुरुवार को एक मिनीबस टैक्सी और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय सरकारी अधिकारियों और आपातकालीन सेवाओं ने हादसे की पुष्टि की है। यह हादसा बृहस्पतिवार को पूर्वी क्वाज़ुलु-नटाल प्रांत में डरबन शहर के पास हुआ।

पाकिस्तान में छह साल की ईसाई बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में छह साल की एक अल्पसंख्यक ईसाई बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। वारदात फैसलाबाद जिले के जरानवाला में हुआ, जहां आरोपी ने बच्ची का अपहरण कर उससे दरिंदगी की और फरार हो गया। गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी की जंग लड़ रही है। 

नेपाल : भारी बर्फबारी से 5 ट्रेकिंग मार्ग बंद

नेपाल में भारी बर्फबारी के कारण प्रसिद्ध पर्यटन क्षेत्र मस्टंग के पांच प्रमुख ट्रेकिंग मार्ग बंद हो गए हैं। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मस्टंग को पड़ोसी जिलों से जोड़ने वाले पांच उच्च ऊंचाई वाले ट्रेकिंग मार्गों पर आवाजाही पूरी तरह से रोक दी है। भारी बर्फबारी से आम जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हुआ है। 

बिहार के दंपती व बेटे की चेन्नई में हत्या, यौन उत्पीड़न के विरोध पर ले ली जान

चेन्नई में बिहार के एक प्रवासी मजदूर, उसकी पत्नी और बेटे की निर्मम हत्या के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में यौन उत्पीड़न के विरोध में हत्याएं करने का मामला सामने आया है।  पुलिस के अनुसार, पीड़ितों की पहचान बिहार के नालंदा निवासी गौरव कुमार, पत्नी मीनूकुमारी और बेटे बिरमानी कुमार के रूप में हुई है। गौरव, श्रीपेरुम्बुदुर में काम करता था। 25 जनवरी की रात बिहार के कुछ मजदूरों के साथ गौरव ने शराब पी थी। इस दौरान, आरोपियों ने मीनूकुमारी के साथ यौन उत्पीड़न का प्रयास किया। गौरव ने विरोध किया तो गिरोह ने लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। बाद में उसकी पत्नी व बच्चे की भी हत्या कर दी।

बंगाल गोदाम अग्निकांड मृतक संख्या 21 पहुंची 28 अब भी लापता

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के पास 26 जनवरी को लगी आग में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 21 हो गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि जली हुई इमारतों से 13 और शव मिले हैं। 28 लोग अभी भी लापता हैं। इससे मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

विज्ञापन

परमाणु ऊर्जा क्षेत्र को निजी भागीदारी के लिए खोलना ऐतिहासिक सुधार : पीके मिश्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव पीके मिश्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत ने परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में निजी कंपनियों को आने की अनुमति देकर एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस कदम से वर्ष 2047 तक देश में परमाणु ऊर्जा से बनने वाली बिजली में वृद्धि की उम्मीद है। इससे देश को लगातार मिलने वाली, भरोसेमंद और बिना प्रदूषण वाली (शून्य-कार्बन) बिजली उपलब्ध होगी।

सस्टेनेबल एनर्जी ट्रांजिशन पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के शीर्ष अधिकारी मिश्रा ने कहा कि हाल के कानूनों के जरिये परमाणु ऊर्जा क्षेत्र को निजी निवेश के लिए खोलना ऊर्जा क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव है। इससे ऊर्जा संक्रमण को सीधे देश की ऊर्जा सुरक्षा और विदेश से ऊर्जा आयात कम करने से जोड़ा गया है। इससे भारत खुद पर ज्यादा निर्भर बनेगा और उसकी रणनीतिक ताकत बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा विकसित भारत के लक्ष्य का अहम हिस्सा है। यह आर्थिक विकास, प्रतिस्पर्धा, समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और ऊर्जा सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है।

मिश्रा ने कहा, बड़े और ऊंचे लक्ष्य तभी हासिल होते हैं, जब उन्हें मजबूत संस्थाओं का सहारा मिले, लगातार पैसा मिले और योजनाओं को ठीक से लागू किया जाए। भारत ने 2025 तक 50 प्रतिशत स्वच्छ ऊर्जा क्षमता का लक्ष्य समय से पहले हासिल कर लिया है और 100 गीगावाट सौर ऊर्जा का लक्ष्य भी उम्मीद से पहले पूरा किया है। यह दिखाता है कि सरकार की नीतियां लगातार और भरोसेमंद रही हैं। ऊर्जा में बदलाव तभी लंबे समय तक टिकता है, जब उसका सीधा फायदा आम लोगों तक पहुंचता है। 

Exit mobile version