आज: टी20 विश्वकप में न्यूजीलैंड-श्रीलंका के बीच
आज 25 फरवरी 2026 को शुक्ल पक्ष की नवमी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार से दो दिन के इस्राइल दौरे पर रहेंगे। वहीं, टी20 विश्वकप में न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच सुपर-8 का मुकाबला खेला जाएगा।
राष्ट्रपति मुर्मू का महाराष्ट्र दौरा
शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से। उनका महाराष्ट्र दौरे का दूसरा दिन है। इस दौरान बुधवार को वे बुलढाणा जिले के शेगांव में आयोजित ‘राष्ट्रीय आरोग्य मेला 2026’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके बाद नागपुर में ब्रह्माकुमारीज के ‘एकता और विश्वास के माध्यम से महाराष्ट्र का स्वर्णिम युग’ कार्यक्रम के राज्यस्तरीय शुभारंभ समारोह में भी भाग लेंगी।
पीएम मोदी का इस्राइल दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार से दो दिन के इस्राइल दौरे पर रहेंगे। वे इस दौरान इस्राइली संसद नेसेट में भाषण देंगे और यरूशलम में एक नवाचार कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके साथ ही वे होलोकॉस्ट पीड़ितों के लिए इस्राइल के आधिकारिक स्मारक, याद वाशेम भी जाएंगे। इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बताया कि दोनों देशों के बीच एआई और क्वांटम कंप्यूटिंग समेत उच्च तकनीकी क्षेत्रों में सहयोग को भी बढ़ावा देने पर बात होगी।
गृह मंत्री अमित शाह का बिहार दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार से तीन दिन के बिहार के दौरे पर जा सकते हैं। उनका सीमांचल दौरा सुरक्षा और सीमा प्रबंधन के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी का जापान दौरा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज से दो दिन के जापान के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 33 ग्लोबल कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इस यात्रा की खास बात यह होगी कि मुख्यमंत्री जी-टू-बी (गवर्नमेंट टू बिजनेस) बैठकों और राउंड टेबल मीटिंग के जरिए निवेशकों से सीधे संवाद करेंगे। यूपी के सीईओ की तरह वे निवेशकों से प्रदेश के औद्योगिक रोडमैप, नीति स्थिरता और कारोबारी संभावनाओं पर बातचीत करेंगे। प्रवासी भारतीयों और उत्तर प्रदेश वासियों को संबोधित करने के साथ स्कूली बच्चों से भी संवाद करेंगे।
नैनीताल में विकसित भारत युवा संसद का आयोजन
नैनीताल में विकसित भारत-युवा संसद का आयोजन बुधवार को किया जाएगा। यह कार्यक्रम डीएसबी परिसर के सेमिनार हॉल में होगा। इस वर्ष युवा संसद का विषय ‘आपातकाल के 50 वर्षः भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख’ निर्धारित किया गया है।
पूसा कृषि विज्ञान मेला का उद्घाटन
पूसा परिसर स्थित मेला ग्राउंड में बुधवार को ‘पूसा कृषि विज्ञान मेला 2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 27 फरवरी तक चलेगा। इसका उद्घाटन केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। मेले के समापन दिवस यानी 27 फरवरी को केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी विभिन्न प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।
आज से हरियाणा बोर्ड परीक्षा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं बुधवार से शुरू होंगी।
टी20 विश्वकप मैच
टी20 विश्वकप में न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच सुपर-8 का मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे से कोलंबो में खेला जाएगा।
आज से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस्राइल के दो दिवसीय दौरे पर रवाना होंगे। बतौर प्रधानमंत्री मोदी की यह दूसरी इस्राइल यात्रा है। इससे पहले उन्होंने 2017 में इस्राइल की यात्रा की थी और तब वे इस यहूदी बहुल देश का दौरा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने थे। वहीं ट्रंप प्रशासन ने 10 प्रतिशत टैरिफ लागू किया है और इसे 15% तक बढ़ाने की तैयारी चल रही है। दिल्ली में लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े वकील की गाड़ी पर फायरिंग हुई, जिसमें कार में सवार पांच लोगों में से एक घायल हुआ; मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार से दो दिन की इस्राइल यात्रा पर रहेंगे। यह यात्रा इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर हो रही है। विदेश मंत्रालय ने दौरे के बारे में मंगलवार को बयान जारी कर कहा पीएम मोदी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मुलाकात करेंगे। पीएम के दौरे से ठीक पहले मंगलवार को इस्राइल के भारत स्थित महावाणिज्यदूत यानिव रेवाच ने कहा, हम अपनी विश्व प्रसिद्ध आयरन डोम वायु रक्षा प्रणाली, तकनीक के साथ भारत को देने के लिए तैयार हैं। यह केवल एक खरीद सौदा नहीं होगा, बल्कि मेक इन इंडिया के तहत इन प्रणालियों का निर्माण भारत में ही किया जाएगा।
ट्रंप का 10% वैश्विक टैरिफ लागू
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन ने कहा कि वैश्विक टैरिफ को 15 फीसदी तक बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इससे कुछ घंटों पहले ही अमेरिका के सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा विभाग (कस्टम) की ओर से 10 फीसदी नए वैश्विक टैरिफ की घोषणा की थी। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, मंगलवार को व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि ट्रंप ने 15 फीसदी टैरिफ लगाने के अपने फैसले पर कोई बदलाव नहीं किया है।
IDFC Bank Fraud: मास्टरमाइंड बैंक मैनेजर समेत चार गिरफ्तार, मामले की गहन जांच जारी
आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में हरियाणा सरकार के विभिन्न खातों में 583 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार रात मास्टरमाइंड एयू स्मॉल बैंक की जीरकपुर शाखा के मैनेजर रिभव ऋषि समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एसआईटी प्रमुख डीएसपी शुक्रपाल ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की पुष्टि की। चारों आरोपियों का देर रात पंचकूला सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया गया।
लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े वकील की गाड़ी पर फायरिंग, कार सवार पांच में से एक व्यक्ति घायल
दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में एक कार पर फायरिंग की खबर है। घटना के समय वाहन में पांच लोग सवार थे, जिनमें से एक घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, वाहन में सवार लोगों में से एक वकील है, जो लॉरेंस बिश्नोई की कानूनी टीम का हिस्सा होने का दावा कर रहा है। पुलिस ने बताया कि गाड़ी में कुल पांच लोग सवार थे। गोलीबारी के बाद हमलावर फरार हो गए। घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
रूस-यूक्रेन के बीच बिना शर्त सीजफायर की मांग वाला मसौदा प्रस्ताव
रूस-यूक्रेन संघर्ष के चार वर्ष पूरे होने पर संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में लाए गए शांति प्रस्ताव पर भारत ने एक बार फिर अपना स्वतंत्र और तटस्थ रुख स्पष्ट किया है। मंगलवार (24 फरवरी) को महासभा में यूक्रेन द्वारा प्रस्तुत स्थायी शांति के समर्थन वाले मसौदे पर मतदान के दौरान भारत ने हिस्सा नहीं लिया। 193 सदस्यीय महासभा में इस प्रस्ताव को 107 देशों के समर्थन के साथ अपनाया गया, जबकि भारत, चीन, ब्राजील और यूएई सहित 51 देशों ने मतदान से दूरी बनाए रखी।
जम्मू-कश्मीर में छिपे 85 दहशतगर्द, मोर्टार से ध्वस्त होंगे ठिकाने
जम्मू-कश्मीर में छिपे पाकिस्तानी आतंकियों को अब उनके ठिकानों पर ही खत्म किया जाएगा। सुरक्षाबल आतंकियों के बाहर निकलने का इंतजार नहीं करेंगे। जम्मू-कश्मीर में फिलहाल, यूएस एम-4 राइफल और स्टील की गोलियों से लैस लगभग ‘85’ पाकिस्तानी दहशतगर्द छिपे हैं। ये गोलियां, ‘लेवल 3’ श्रेणी के बुलेटप्रूफ वाहन, मोर्चा, जैकेट और पटके को भेद देते हैं। सुरक्षाबलों ने अब इसका तोड़ निकाल लिया है।
गिरफ्तारी से बचने के लिए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पहुंचे हाईकोर्ट
नाबालिगों के यौन शोषण के आरोप से घिरे ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य मुकुंदानंद ने गिरफ्तारी से बचने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। एक जाने-माने धर्मगुरु के शिष्य की ओर से नाबालिगों के संरक्षक के रूप में प्रयागराज के झूंसी थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत शंकराचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
अक्षर पटेल को जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में मिल सकता है मौका
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद भारतीय टीम की नजरें वापसी पर टिकी हुई हैं। भारत का सामना अब गुरुवार को चेन्नई में जिम्बाब्वे से होगा। भारत को अगर सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहना है तो उसे हर हाल में जिम्बाब्वे को हराना होगा। भारत ने मंगलवार को जमकर अभ्यास किया और इस दौरान सबसे ज्यादा ध्यान अक्षर पटेल पर रहा। अक्षर को पिछले दो मैच से आराम दिया गया था जिसकी कड़ी आलोचना हुई थी।
रोहित शेट्टी फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा, कहां रची गई साजिश?
पिछले दिनों निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग हुई, इस घटना से पूरा बॉलीवुड सहम गया। अब इस मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया। इस क्राइम की साजिश कहां रची गई, इसे लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मुंबई क्राइम ब्रांच रोहित शेट्टी मामले में पूछताछ कर रही है। हाल ही में हरियाणा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की गई। रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग करने की जिम्मेदारी आगरा मॉड्यूल को दी गई थी।
प्रसवोत्तर तनाव के शक में महिला ने की 2 माह के बेटे की हत्या; पार्किंग विवाद में सरकारी अफसर की हत्या
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक 21 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर अपने दो महीने के बेटे की हत्या कर दी, क्योंकि वह शिशु के लगातार रोने से परेशान हो गई थी। बच्चे के पिता, जो एक प्रवासी मजदूर हैं, ने पुलिस को बताया कि वह सुबह लगभग 11 बजे घर लौटे और अपनी पत्नी को अपने बेटे को जलाते हुए पाया। उन्हें एहसास हुआ कि बच्चा पहले ही मर चुका था।
पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, अपनी शिकायत में उस व्यक्ति ने कहा कि उसकी पत्नी ने बच्चे को इसलिए मार डाला क्योंकि वह लगातार रो रहा था। पुलिस ने बताया कि शिशु का शव उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ और शरीर पर जलने के निशान के साथ मिला। मामला दर्ज कर लिया गया है और हत्या की सटीक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
अधिकारियों को संदेह है कि महिला ने तनाव में आकर ऐसा किया, क्योंकि कथित तौर पर बच्चे के जन्म के बाद उसे किसी तरह का सहारा नहीं मिला। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश के मूल निवासी ये दंपति निर्माण स्थल पर बने मजदूर क्वार्टर में रह रहे थे।
तमिलनाडु: पार्किंग विवाद में सरकारी अधिकारी की हत्या
तमिलनाडु के होसुर में मामूली पार्किंग विवाद ने एक सरकारी अधिकारी की जान ले ली। रविवार को घर के सामने खड़ी बाइक को एसयूवी से टक्कर मारे जाने के बाद शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि डीएमके पार्षद श्रीनिवासन के बेटे आदित्य ने बहस के दौरान आवेश में आकर सहायक श्रम कल्याण निरीक्षक एस. शिवमूर्ति (53) और उनके परिवार पर गाड़ी चढ़ा दी।
इस हमले में गंभीर रूप से घायल शिवमूर्ति ने सोमवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी और बेटा उपचाराधीन हैं। पुलिस ने आदित्य और उसके दो साथियों ऋतिक व हरीश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में किसी पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है। यह वारदात आवेश में की गई प्रतीत होती है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सीएपीएफ की 50 कंपनियां होंगी तैनात
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 की आहट के साथ प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां तेज हो गई हैं। गृह मंत्रालय ने राज्य में स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की शुरुआती 50 कंपनियां आवंटित कर दी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक ने मंगलवार को जानकारी दी कि सुरक्षा बलों का यह पहला जत्था 10 मार्च 2026 को तमिलनाडु पहुंच जाएगा।
इन सुरक्षा बलों को राज्य के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में क्षेत्र प्रभुत्व और मतदाताओं के बीच विश्वास बहाली के उपायों के लिए तैनात किया जाएगा। तमिलनाडु की सभी 234 सीटों और पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में अप्रैल में मतदान होने की संभावना है। चुनाव आयोग का लक्ष्य इन अतिरिक्त सुरक्षा बलों के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।
मिलावटी घी से करोड़ों लड्डू बनाकर आस्था के साथ किया गया खिलवाड़-नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को विधानसभा में तिरुपति लड्डू प्रसादम विवाद पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे संगठित अपराध करार दिया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछली वाईएसआरसीपी सरकार के दौरान 60 लाख किलो मिलावटी घी का उपयोग कर 20 करोड़ से अधिक पवित्र लड्डू बनाए गए। उन्होंने फॉरेंसिक साक्ष्यों का हवाला देते हुए कहा कि इस गिरोह ने न केवल करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया, बल्कि निविदा शर्तों में बदलाव कर भ्रष्टाचार को भी बढ़ावा दिया।
सीएम नायडू ने सदन में प्रस्तुति देते हुए बताया कि टीटीडी ने मिलावटी घी की खरीद पर 234.51 करोड़ रुपये खर्च किए। जांच को दबाने के लिए अधिकारियों को रिश्वत दी गई और मंदिर की पवित्रता से समझौता किया गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान एनडीए सरकार ने टीटीडी के शुद्धिकरण और प्रसादम की गुणवत्ता सुधारने का काम शुरू कर दिया है। उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी दोषियों को सख्त सजा दिलाने की बात दोहराई।
मणिपुर में विस्थापित हुए लोगों के पुनर्वास के लिए पांच हजार घरों को केंद्र की मंजूरी
केंद्र सरकार ने जातीय हिंसा से प्रभावित मणिपुर में आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों (आईडीपी) के पुनर्वास के लिए पांच हजार घरों के निर्माण को मंजूरी दी है। ये आवास प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत बनाए जाएंगे।
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार शाम नई दिल्ली में मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह से मुलाकात की थी। राज्य के दो उपमुख्यमंत्री, नेमचा किपगेन और लोसी दिखो भी खेमचंद के साथ इउ बैठक में शामिल हुए थे। अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान चौहान ने इन घरों के निर्माण को मंजूरी दी। साथ ही, राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मणिपुर सरकार ने इसी महीने की शुरुआत में इन घरों के निर्माण का प्रस्ताव रखा था।
इस बीच, ग्रामीण विकास मंत्रालय ने पात्र प्रभावित परिवारों का विवरण जुटाने के लिए विशेष व्यवस्था की है। इसके तहत आवास+ 2024 परिवार सर्वेक्षण की एक विशेष विंडो को मंजूरी दे दी है। यहां सभी पात्र परिवार अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
बांग्लादेश में राष्ट्रपति को फिर मिला प्रेस विंग; दक्षिण-पूर्वी ब्राजील में भीषण बाढ़, 25 मौत
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की नई सरकार ने मंगलवार को राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन के कार्यालय में दोबारा प्रेस विंग स्थापित कर दिया। राष्ट्रपति का प्रेस विंग इससे पहले अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के कार्यकाल में समाप्त कर दिया गया था।
लोक प्रशासन मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मोहम्मद सरवर आलम को बंगभवन राष्ट्रपति भवन में फिर से प्रेस सचिव नियुक्त किया गया है। वह कार्यभार संभालने की तारीख से एक वर्ष तक इस पद पर रहेंगे। सरवर आलम वर्ष 2024 में सत्ता परिवर्तन के समय भी प्रेस सचिव थे, लेकिन यूनुस की अंतरिम सरकार ने उनकी संविदा नियुक्ति को समाप्त कर दिया था। इसी के साथ राष्ट्रपति के उप-प्रेस सचिव और सहायक प्रेस सचिव के पद भी खत्म कर दिए गए थे। इसके अलावा, बंगभवन में करीब 30 वर्षों से कार्यरत दो फोटोग्राफरों को भी हटा दिया गया था।
दक्षिण-पूर्वी ब्राजील में भीषण बाढ़, कम से कम 25 की मौत, सैकड़ों लोग विस्थापित
ब्राजील के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में आई भीषण बाढ़ में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनों लोग लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार सबसे ज्यादा प्रभावित मिनास गेरैस प्रांत में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में और बारिश की चेतावनी दी है।
मूसलाधार बारिश सोमवार को जुइज़ डी फोरा और उबा शहरों में शुरू हुई, जो रियो डी जनेरियो से लगभग 310 किलोमीटर उत्तर में स्थित हैं। भारी वर्षा के कारण करीब 440 लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। मिनास गेरैस के अग्निशमन विभाग ने बताया कि सोमवार देर रात से अब तक 43 लोग लापता हैं और उनकी तलाश जारी है। विभाग द्वारा जारी वीडियो में दोनों शहरों की जलमग्न सड़कें दिखाई गईं, जहां एक नदी ने अपना मार्ग बदल लिया।
100 साल पुराने रेस्तरां वीरास्वामी को बचाने की मांग बकिंघम पैलेस पहुंची, 20 हजार लोगों ने किया समर्थन
लंदन के प्रसिद्ध भारतीय रेस्तरां वीरास्वामी को बंद होने से बचाने की मांग अब बकिंघम पैलेस तक पहुंच गई है। 20 हजार से अधिक लोगों ने एक याचिका पर हस्ताक्षर कर किंग चार्ल्स तृतीय से हस्तक्षेप की अपील की है।
रेस्तरां के कर्मचारी और समर्थक पैलेस के बाहर इकट्ठा हुए और अपनी मांग रखी। याचिका की एक प्रति क्राउन एस्टेट को भी सौंपी गई, जो रीजेंट स्ट्रीट स्थित विक्ट्री हाउस इमारत का मालिक है। इसी इमारत में वीरास्वामी पिछले करीब 100 साल से संचालित हो रहा है। प्रबंधन का कहना है कि रेस्तरां मार्च 1926 में शुरू हुआ था और यह भारत-ब्रिटेन सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक बन चुका है। यहां कई प्रसिद्ध हस्तियां भोजन कर चुकी हैं। क्राउन एस्टेट का कहना है कि इमारत में बड़े स्तर पर मरम्मत की जरूरत है और जगह का उपयोग कार्यालय के रूप में किया जाएगा। रेस्तरां संचालित करने वाली कंपनी ने अपने किरायेदारी अधिकार बचाने के लिए कानूनी कदम उठाए हैं। मामले में अंतिम फैसला जुलाई 2026 तक आने की उम्मीद है।
नेपाल में आम चुनाव के लिए 3 दिन होगी सार्वजनिक छुट्टी
नेपाल सरकार ने 5 मार्च को होने वाले आम चुनाव के मद्देनजर देश में तीन दिवसीय सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। कैबिनेट के निर्णय के अनुसार निर्वाचन आयोग की सिफारिश पर 4, 5 और 6 मार्च को अवकाश रहेगा। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नेपाल के मधेस प्रांत से लगी भारतीय सीमा को मतदान संपन्न होने तक 72 घंटों के लिए पूरी तरह सील करने का निर्णय लिया गया है।
भारत और नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद यह तय हुआ कि बारा और पर्सा जिलों से सटे सीमा बिंदु 3 मार्च से बंद रहेंगे। पिछले वर्ष के राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद यह नेपाल का पहला चुनाव है। कार्यवाहक मुख्य निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने निष्पक्ष चुनाव का भरोसा जताते हुए इसे लोकतंत्र की मजबूती के लिए अनिवार्य बताया है।
सीमा विवाद के बीच गिनी की सेना ने सिएरा लियोन के सुरक्षाकर्मियों को हिरासत में लिया
सिएरा लियोन सरकार ने मंगलवार को बताया कि उसकी सुरक्षा टीम के कई सदस्यों, जिनमें एक अधिकारी भी शामिल है, को पड़ोसी देश गिनी की सेना ने सीमा पार ले जाकर हिरासत में ले लिया है। दोनों पश्चिमी अफ्रीकी देशों के बीच पिछले दो दशकों से सीमा विवाद चला आ रहा है, जिसकी जड़ 1991 से 2002 के बीच हुए सिएरा लियोन के गृहयुद्ध से जुड़ी है। उस समय सिएरा लियोन सरकार ने अपनी पूर्वी सीमा की सुरक्षा के लिए गिनी को आमंत्रित किया था, लेकिन युद्ध समाप्त होने के बाद भी गिनी की सेना पूरी तरह वापस नहीं गई।
पिछले वर्ष गिनी की सेना सिएरा लियोन के एक खनिज-समृद्ध सीमावर्ती शहर में दाखिल हुई थी, जिससे क्षेत्रीय स्तर पर चिंता पैदा हो गई थी। सरकारी बयान के अनुसार, ताजा घटना सोमवार को फालाबा जिले के सीमावर्ती कस्बे कालीयेरेह में हुई। यहां सिएरा लियोन की सेना और पुलिस के जवान सीमा चौकी और आवासीय सुविधा के निर्माण के लिए ईंटें बना रहे थे। इसी दौरान गिनी की सेना ने उन्हें हिरासत में ले लिया। सरकार ने बताया कि हिरासत में लिए गए सुरक्षाकर्मियों के हथियार और गोला-बारूद भी जब्त कर लिए गए हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया कि कुल कितने लोगों को गिनी ले जाया गया।
पेरिस में क्राउन ज्वेल्स चोरी कांड के बाद लूव्र संग्रहालय की निदेशक ने दिया इस्तीफा
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मंगलवार को लूव्र संग्रहालय की निदेशक का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। अक्टूबर में फ्रांसीसी राजसी गहनों की चोरी के बाद वह लगातार आलोचना के घेरे में थीं।
राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि संग्रहालय की निदेशक लॉरेंस दे कार्स के इस्तीफे को स्वीकार कर लिया गया है। बयान में मैक्रों ने उनके फैसले की सराहना करते हुए कहा कि यह ‘जिम्मेदारी का परिचायक है, ऐसे समय में जब दुनिया के सबसे बड़े संग्रहालय को शांति और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा आधुनिकीकरण जैसी बड़ी परियोजनाओं के लिए नई ऊर्जा और दिशा की जरूरत है।’
गौरतलब है कि अक्टूबर में चोरों ने सप्ताहांत के दौरान महज आठ मिनट से भी कम समय में संग्रहालय से करीब 8.8 करोड़ यूरो (लगभग 10.2 करोड़ डॉलर) मूल्य के फ्रांसीसी क्राउन ज्वेल्स चुरा लिए थे। इस घटना ने दुनिया के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले संग्रहालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हड़कंप मचा दिया था।
भारत के खिलाफ चीन ने की शिकायत, डब्ल्यूटीओ ने गठित की समिति
भारत के बढ़ते औद्योगिक कदमों को रोकने के प्रयास में चीन ने अब विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) का दरवाजा खटखटाया है। चीन की शिकायत पर मंगलवार को डब्ल्यूटीओ ने भारत की ऑटोमोबाइल व नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी पीएलआई योजनाओं की जांच के लिए एक विवाद निपटान पैनल गठित कर दिया है। बीजिंग का आरोप है कि भारत की ये नीतियां चीनी उत्पादों से भेदभाव करती हैं। भारत ने स्पष्ट किया है कि ये योजनाएं आत्मनिर्भरता और वैश्विक मानकों के अनुरूप हैं।
चीन के साथ भारत का व्यापार घाटा 99.2 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर है। ऐसे में भारत अपनी घरेलू विनिर्माण नीतियों का पुरजोर बचाव करेगा। वहीं, चीन ने 20 जापानी कंपनियों को निर्यात नियंत्रण और 20 अन्य को निगरानी सूची में डाल दिया है। ताइवान को लेकर जापानी पीएम ताकाइची की टिप्पणियों से पैदा विवाद के बाद यह कदम उठाया गया है। एजेंसी
खुलासा : मेटा की अफसर ने एन्क्रिप्शन योजना को बताया था गैर-जिम्मेदाराना
न्यू मेक्सिको राज्य की कोर्ट में दायर कंपनी के आंतरिक दस्तावेज बताते हैं कि मेटा ने फेसबुक-इंस्टाग्राम एप से जुड़ी मैसेजिंग सेवाओं को एन्क्रिप्ट करने की योजना पर आगे बढ़ते हुए आंतरिक चेतावनियां नजरअंदाज कर दी थीं। इससे कंपनी की बाल शोषण मामलों को कानून प्रवर्तन एजेंसियों के समक्ष उजागर करने की क्षमता बाधित होगी। मेटा की कंटेंट नीति प्रमुख मोनिका बिकर्ट ने कहा, हम एक गलत काम करने जा रहे हैं, यह गैर-जिम्मेदाराना है।
मोनिका ने यह टिप्पणी मार्च 2019 में सीईओ मार्क जुकरबर्ग द्वारा योजना की सार्वजनिक घोषणा की तैयारी के दौरान एक आंतरिक चैट में की। यह दस्तावेज हाल ही में सार्वजनिक हुआ, लेकिन पहले रिपोर्ट नहीं किया गया था। यह संदेश कंपनी के ईमेल और ब्रीफिंग दस्तावेज में शामिल है, जो न्यू मेक्सिको कते अटॉर्नी जनरल राउल टॉरेज द्वारा दायर मुकदमे के लिए हासिल किए गए थे। ये बताते हैं कि कंपनी ने योजना के प्रभाव का क्या आकलन किया था। टॉरेज का आरोप है कि मेटा ने नाबालिग यूजरों तक शिकारियों की बेरोकटोक पहुंच बनाई और उन्हें पीड़ितों से जोड़ा। इससे वास्तविक दुनिया में मानव तस्करी जैसी घटनाएं हुईं।