सबलगढ़ – जन समस्याओं को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की विशाल आमसभा सबलगढ़ के मंडी संतर नंबर 1 में संपन्न हुई। आम सभा को संम्बोधित करते हुए देश की जानी मानी नेत्री पूर्व सांसद माकपा की पोलित ब्यूरो सदस्या बृंदा करात ने कहा कि मोदी सरकार देश को तबाह करने पर आमादा है। देश को बर्बादी की ओर ले जाने वाला अदानी वायरस तेजी से फैल रहा है। यह अडानी वायरस देश को बर्बाद कर देगा। बजट पर टिप्पणी करते हुए बृंदा करात ने कहा बजट में मनरेगा, खाद्य सुरक्षा किसानों के उपयोग में आने वाले खाद बीज अनुसंधान आज पर बजट में भारी कटौती की गई है। इससे देश की कृषि पर नकारात्मक असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां देश को बदहाली के रास्ते पर ले जा रही है। उन्होंने बताया कि देश में महिलाओं में कुपोषण तेजी से बढ़ रहा है। आम लोगों की स्थिति अत्यंत खराब है। सरकार सांप्रदायिकता के नाम पर देश की जनता को असली मुद्दों से भटका रही है। इसको समझने की और इसका मुकाबला करने की जरूरत है। उन्होंने संविधान को बचाने के संघर्ष में भी सभी से आगे आने की अपील की। साथ ही चंबल क्षेत्र में अटल प्रोग्रेस वे को रद्द करने की मांग कर रहे किसानों के बारे में उन्होंने कहा कि चंबल के किसान पहले भी चार बार जीते हैं और पांचवी बार भी जीतेंगे। माकपा किसानों के संघर्ष में पूरी तरह साथ है।
आम सभा को संबोधित करते हुए माकपा के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने कहा कि किसानों की फसल के वाजिब दाम भी नहीं मिल पा रहे हैं। किसानों की लूट हो रही है। लागत बढ़ने से किसान की बदहाली और बड़ी है। उन्होंने विकास यात्रा के नाम पर किए जा रहे छलावे की भी कटु आलोचना की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आगामी दिनों में आने वाले राजनीतिक संघर्ष में भी माकपा सबलगढ़ क्षेत्र से विधानसभा के चुनावी संग्राम में जोरदार तरीके से उतरेगी। जिससे किसानों ,आम जनों की आवाज को सड़क के साथ मध्यप्रदेश की विधानसभा में गुंजाया जा सके।
आम सभा को माकपा के राज्य सचिव मंडल सदस्य पूर्व नपाध्यक्ष अशोक तिवारी ने संबोधित करते हुए अटल प्रोग्रेस वे, आवास, सबलगढ़ को जिला बनाने, कर्ज माफी फसल के दाम आदि सभी मुद्दे उठाए।
साथ ही यह भी कहा कि अटल प्रोग्रेस वे के मामले पर किसान की महापंचायत मुरैना में बुलाकर, आयुक्त चंबल संभाग के कार्यालय पर जोरदार आंदोलन करने की जल्द ही घोषणा की जाएगी।
आम सभा की अध्यक्षता माकपा के राज समिति सदस्य पूर्व नपाध्यक्ष मुरारी लाल धाकड़ ने की और आम सभा का संचालन भी किया। सभा में वरिष्ठ नेतागण गयाराम सिंह धाकड़, महेश प्रजापति, ओमप्रकाश श्रीवास, इसराइल खान आदि ने संबोधित किया।
आम सभा की समाप्ति पर जन समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी सबलगढ़ के प्रतिनिधि नायब तहसीलदार प्रदीप कैन को दिया गया। इसके अलावा अटल प्रोग्रेस वे से संबंधित किसानों की ओर से एक ज्ञापन सर्वश्री भानु सिंह जादौन, राकेश शुक्ला, गोपाल रावत, खचेरू लाल सरपंच, शंकर सिंह आदि के द्वारा वृंदा करात जी को सौंपा गया। उन्होंने हर किस्मी सहयोग का वायदा किया है।

