Site icon अग्नि आलोक

चोरी के शक में देवास में खंभे से बांधकर युवक की पिटाई, 3 दिन बाद सड़क पर मिली लाश

Share

देवास. देवास का एक वीडियो वायरल हो रहा है. ये एक युवक की पिटाई और पुलिस की लापरवाही का नमूना है. कुछ लोग युवक को खंभे से बांधकर पीट रहे हैं. बाद में पुलिसने उसे अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन फिर युवक की लाश सड़क किनारे पड़ी मिली.ये वीडियो  देवास के कन्नौद गांव का है जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इसमें दिखाई दे रहा है कि कुछ लोगों ने एक युवक को खंभे के सहारे रस्सी से बांध कर रखा है और फिर बेरहमी से बेल्ट से पिटाई कर रहे हैं.

पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया
आरोपी उसे बुरी तरह मारपीट चुके थे. उसके बाद पुलिस को सूचना मिली. खबर मिलते ही कन्नौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पिटाई के कारण युवक बुरी तरह घायल हो चुका था. पुलिस ने घटना का वीडियो बनाने के साथ घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया. उसके बाद क्या हुआ पता नहीं.

पुलिया के नीचे लाश
तीन दिन बाद युवक का शव अस्पताल से दूर एक पुलिया के नीचे संदिग्ध पड़ा मिला. शव नग्न अवस्था में था जो पूरी तरह सड़ चुका था. इस मामले में अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. ऐसा लगता है कि युवक को अस्तपात में भर्ती कराने के बाद पुलिस ने उसकी सुध नहीं ली. या शायद उसके घर वालों को सूचना नहीं दी. युवक की मौत कैसे हुई औऱ उसकी लाश वहां कैसे पहुंची ये रहस्य बना हुआ है.

ये है मामला
जिस शख्स के साथ मारपीट और मौत हुई उसका नाम मनीराम था. वो पेशे से ड्राइवर और बंजारी गांव का रहने वाला था. 28 अगस्त की रात मनीराम कन्नौद से गुजरते वक्त मालजीपुरा में शराब पीने के लिए रुका था. तभी चोरी के शक में वहां रहने वाले छगनलाल मीणा और उसके तीन बेटों अजय, राजेश और जयप्रकाश ने उसे पकड़ लिया और फिर एक खंभे से बांधकर उसे बेल्ट से पीटा. मनीराम बेसुध हो गया लेकिन चारों आरोपी उसे मारते ही रहे. उसी हालत में उसे घंटों तक खंभे से बांधे रहे. तब कहीं जाकर पुलिस को खबर ली. कन्नौद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी और उसने भी पूरी घटना का एक वीडियो बनाया और मनीराम को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया.

पुलिया के नीचे कैसे पहुंची लाश
उसके बाद मनीराम की मौत कैसे हुई और उसकी लाश अस्पताल के बजाए पुलिया के नीचे कैसे पहुंची, इसका जवाब पुलिस के पास नहीं है. अब पुलिस ने मारपीट करने वाले चार आरोपियों पर धारा 302 के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है.

Exit mobile version