Site icon अग्नि आलोक

दिल्ली LG ने केजरीवाल को हाथ से पीछे किया: कर्नाटक के बाद अब कश्मीर में हिजाब विवाद

Share

अरब सागर में आया इस साल का पहला चक्रवाती तूफान बिपोरजॉय तेजी से गंभीर हो गया है। इससे केरल में मॉनसून की धीमी शुरुआत होने का अनुमान है। साथ ही मॉनसून के आगे कमजोर रहने की भी संभावना है। आज 5 किसान संगठनों की मीटिंग है जिसमें हरियाणा-पंजाब के बीच पानी बंटवारे पर बात होगी। पहलवानों और सरकार के बीच बातचीत हुई है। पहलवान 15 जून तक प्रदर्शन न करने के लिए राजी हो गए हैं। 15 जून को बृजभूषण सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल होगी। बिहार में नौकरशाही में बड़ा फेरबदल हुआ है, राज्य के 15 आईएएस अफसरों के हुए ट्रांसफर किए गए हैं। वहीं, भारत और ऑस्ट्रेलिया के चल रहे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल मुकाबले का दूसरा दिन है

 आमतौर पर 1 जून को केरल पहुंचने वाला मानसून एक हफ्ते लेट है। वहीं केरल के पड़ोसी राज्य कर्नाटक का हिजाब विवाद अब कश्मीर पहुंच गया है। आपके राज्य में मानसून की दस्तक कब होगी और हिजाब विवाद की वजह क्या रही, 

आज के प्रमुख इवेंट्स

  1. मुख्तार गैंग के शूटर जीवा की पत्नी पायल की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। फरार चल रही पायल ने अपने लिए गैंगस्टर एक्ट में जमानत मांगी है। उसे आशंका है कि पति के अंतिम संस्कार में शामिल होने पर उसकी गिरफ्तारी हो सकती है।
  2. बृजभूषण सिंह पर आरोप लगाने वाले रेसलर्स के खिलाफ दाखिल याचिका पर दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई होगी। शिकायतकर्ता का कहना है कि पहलवानों ने PM और भाजपा सांसद पर झूठे आरोप लगाए हैं।

श्रीनगर के स्कूल में हिजाब विवाद; मुस्लिम लड़कियों का प्रदर्शन, स्कूल प्रशासन ने सफाई दी

मुस्लिम छात्राओं की यह तस्वीर प्रोटेस्ट के दौरान की है। इन्होंने कहा कि हिजाब हमारे धर्म का हिस्सा है।

श्रीनगर के विश्व भारती गर्ल्स स्कूल की मुस्लिम छात्राओं का कहना है कि उन्हें हिजाब पहनने से रोका जा रहा है। एक स्टूडेंट ने कहा कि स्कूल प्रशासन कह रहा है कि हम या तो हिजाब हटाकर आएं या फिर किसी दरगाह में जाएं। छात्राओं ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ सड़क पर विरोध प्रदर्शन भी किया।

वहीं प्रिसिंपल ने बताया कि स्कूल के अंदर चेहरा खुला रखने को कहा गया है। क्योंकि चेहरा पूरी तरह से ढंका होने से पहचान करने में मुश्किल होती है। स्कूल के ड्रेस कोड में सफेद रंग का हिजाब भी शामिल है, लेकिन कई लड़कियां ब्लैक या फिर अलग-अलग रंग के डिजाइनर हिजाब पहनकर आती हैं।

छात्राओं का सवाल- हिजाब पहनने वाली लड़कियों को शिक्षा का अधिकार नहीं?
मुस्लिम छात्राओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि स्कूल प्रशासन इस मुद्दे को धार्मिक बना रहा है। उनकी तरफ से सांप्रदायिक बयान दिए जा रहे हैं।

एक मुस्लिम लड़की ने कहा कि स्कूल प्रशासन कह रहा है कि हम या तो हिजाब को हटाकर आएं या फिर किसी दरगाह में जाएं। लड़कियों का सवाल है कि क्या हिजाब पहनने वाली लड़कियों को शिक्षा का अधिकार नहीं है?

मुस्लिम छात्राओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि स्कूल प्रशासन इस मुद्दे को धार्मिक बना रहा है।

स्कूल प्रशासन की दी गई सफाई को 2 पॉइंट्स में समझें…

1. प्रिंसिपल बोलीं- स्कूल के अंदर चेहरा खुला रखने के लिए कहा गया
स्कूल की प्रिंसिपल मीम रोज शफी ने इस मामले पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कुछ गलतफहमी हुई है। हमारी तरफ से छात्राओं को स्कूल के अंदर चेहरा खुला रखने के लिए कहा गया था, क्योंकि कई लड़कियों का चेहरा पूरी तरह से ढंका होता है। टीचर के लिए छात्र की पहचान करना मुश्किल होता है और कुछ मामलों में कई बच्चे अपनी प्रॉक्सी अटेंडेंस भी लगवा देते हैं। इस वजह से हमने स्कूल के अंदर चेहरा नहीं ढंकने के लिए कहा था।

2. स्कूल के ड्रेस कोड में हिजाब है, उसे पहनकर आएं
प्रिंसिपल ने आगे सफाई देते हुए कहा कि स्कूल का अपना ड्रेस कोड है। इसमें सफेद रंग का हिजाब भी शामिल है, लेकिन कई लड़कियां सफेद हिजाब की जगह ब्लैक या फिर अलग-अलग रंग के डिजाइनर हिजाब पहनकर आती हैं। उन्हें कहा गया था कि अगर हिजाब पहनना ही है तो सफेद रंग का पहनें, जो ड्रेस कोड में शामिल है।

एक हफ्ते की देरी से केरल पहुंचा मानसून; उत्तर भारत में एक हफ्ते बाद आएगा
अरब सागर में उठे बिपरजॉय तूफान की वजह से मानसून एक हफ्ते की देरी से केरल पहुंचा है। इसके उत्तर भारत में एक हफ्ते बाद पहुंचने का अनुमान है। 10 जून तक मानसून महाराष्ट्र पहुंच जाएगा। 15 जून को गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार पहुंचेगा।

मानसून 20 जून को उत्तर प्रदेश में दस्तक देगा। 30 जून को राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब पहुंचेगा। आज केरल, दक्षिण कर्नाटक, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में लू चल सकती है।

दिल्ली LG ने केजरीवाल को हाथ से पीछे किया; यूनिवर्सिटी कैंपस उद्घाटन में तनातनी

यूनिवर्सिटी कैंपस के उद्घाटन के दौरान LG वीके सक्सेना के आगे CM केजरीवाल आए तो उन्होंने हाथ से उन्हें पीछे कर दिया।

दिल्ली में गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी के ईस्ट दिल्ली कैंपस के उद्घाटन के दौरान राज्यपाल ने CM केजरीवाल को हाथ से पीछे कर दिया। शिलापट के उद्घाटन के लिए केजरीवाल आगे आने लगे तो वीके सक्सेना ने उन्हें हाथ से इशारा करके पीछे हटने को कहा।

हालांकि दोनों ने साथ में उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद जब केजरीवाल ने भाषण देना शुरू किया तो वहां मौजूद BJP कार्यकर्ता मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। केजरीवाल ने कहा- आपसे हाथ जोड़कर निवेदन है कि मेरी बात 5 मिनट सुन लीजिए। पर नारे लगाने वाले नहीं माने।

उद्घाटन के बाद जब केजरीवाल ने समारोह में भाषण देना शुरू किया तो वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ता मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। केजरीवाल ने भाषण रोक कर कहा- मेरा आप सब से हाथ जोड़कर निवेदन है कि मेरी बात पांच मिनट सुन लीजिए। अगर अच्छी न लगे तो छोड़ देना। हालांकि नारे लगाने वाले नहीं माने।

इस कार्यक्रम में दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी और भाजपा सांसद गौतम गंभीर भी मौजूद रहे।

क्या था पूरा मामला…
LG ऑफिस की तरफ से जानकारी दी गई कि वे गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी के ईस्ट दिल्ली कैंपस का उद्घाटन सुबह 11 बजे करेंगे। इसके बाद सुबह 7:22 बजे आम आदमी पार्टी ने ट्वीट किया कि CM केजरीवाल 10:30 बजे कैंपस का इनॉगरेशन करेंगे।

इसके बाद भाजपा और आप कार्यकर्ता यूनिवर्सिटी में जुटने लगे। हंगामे के आसार के चलते लिए यूनिवर्सिटी में फोर्स तैनात की गई थी। यूनिवर्सिटी में दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। इस हंगामे के बीच मुख्यमंत्री और LG ने कैंपस का उद्घाटन किया।

कैंपस में जमकर नारेबाजी हुई। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने के बाद फोर्स तैनात करनी पड़ी।

दोनों पार्टियों का दावा- कैंपस हमने बनवाया
आम आदमी पार्टी की शिक्षा मंत्री आतिशी ने यूनिवर्सिटी की फोटो ट्वीट करते हुए कहा कि हर बच्चे तक विश्वस्तरीय उच्च शिक्षा पहुंचाने के क्रम में अरविंद केजरीवाल 8 जून को GGSIP यूनिवर्सिटी के नए ईस्ट कैंपस का उद्घाटन कर इसे देश को समर्पित करेंगे। यह कैंपस मनीष सिसोदिया के सपने और सालों की मेहनत का नतीजा है, जो युवाओं को 21वीं सदी में तरक्की करने के लिए तैयार करेगा।

आतिशी ने ट्वीट करके बताया कि यह कैंपस मनीष सिसोदिया के सपने और सालों की मेहनत का नतीजा है।

इसके जवाब में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने ट्वीट किया कि 2014 में उस समय की केंद्रीय शिक्षा मंत्री स्मृति ईरानी ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के पूर्वी दिल्ली परिसर का शिलान्यास किया था और इसका उद्घाटन अब LG करेंगे।

अरविंद केजरीवाल कुछ तो शर्म करो, कब तक मोदी सरकार के कामों को अपना बताकर झूठा क्रेडिट लेते रहोगे? अगर असलियत में दिल्ली के लिए कुछ काम किया होता तो झूठा क्रेडिट नहीं लेना पड़ता। केजरीवाल, जनता से झूठ बोलना, झूठा क्रेडिट लेना बंद करो और दिल्ली की जनता के लिए जमीन पर काम करो।

वीरेंद्र सचदेवा ने यह फोटो पोस्ट करके कहा कि 2014 में तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री स्मृति ईरानी ने इस परिसर का शिलान्यास किया था।

केजरीवाल बोले- नारों से सिस्टम बेहतर नहीं होता
कैंपस के उद्घाटन के बाद जब केजरीवाल मंच पर बोलने के लिए पहुंचे तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोदी-मोदी के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस पर CM कुछ देर शांत रहे, फिर बोले कि अगर ऐसे नारों से एजुकेशन सिस्टम बेहतर होता, तो पिछले 70 साल में हो गया होता। इसके बाद वे बोले कि मैं हाथ जोड़ रहा हूं अभी रुक जाइए।

जब नारे नहीं रुके तो केजरीवाल बोले कि प्लीज मुझे पांच मिनट बोलने दीजिए। मैं दोनों पार्टियों के लोगों से निवेदन करता हूं कि मुझे बोलने दीजिए। मुझे पता है कि आपको मेरे आइडिया या विचार पसंद नहीं आएंगे। आप कमेंट कर सकते हैं, लेकिन ये सही नहीं है। लोकतंत्र में सबको बोलने का अधिकार होता है।


लिव-इन पार्टनर की हत्या, बॉडी पार्ट्स कुकर में उबाले; बदबू आने पर लोगों ने पुलिस को बताया
मुंबई में के मीरा रोड इलाके में 56 साल के आरोपी ने 32 साल की लिव-इन पार्टनर का मर्डर किया और आरी से शव के टुकड़े कर दिए। आरोपी मनोज साने ने टुकड़े कुकर में उबाले। फ्लैट से बदबू आने पर बिल्डिंग के लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। कोर्ट ने उसे 16 जून तक ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा है।

मुंबई पुलिस के DCP जंयत बजबाले ने बताया- हमें फ्लैट में लाश के सड़-गले टुकड़े मिले थे। वहीं सोसाइटी के रहवासियों ने बताया कि आरोपी को पिछले दो-तीन दिनों में कुत्तों को कुछ खिलाते देखा गया। इन लोगों ने बताया कि आरोपी को पहले ऐसा करते कभी नहीं देखा गया।

कनाडा की आग का असर; US के शहरों में फ्लाइट्स कैंसिल, 10 करोड़ लोगों के लिए अलर्ट

1. न्यूयॉर्क शहर में धुएं की वजह से आसमान का रंग पीला हो गया। 2. यहां के समुद्र तट पर धुंध की वजह से लोगों को किनारे से दूर रहने को कहा जा रहा है।

कनाडा के जंगलों में लगी आग का धुआं अमेरिका तक पहुंच चुका है। यहां कई प्रमुख एयरपोर्ट पर उड़ानें रोक दी गई हैं। दोनों देशों के करीब 10 करोड़ लोग प्रदूषण की जद में हैं। यहां हर व्यक्ति रोजाना 10 सिगरेट के बराबर धुआं सांस के जरिए अंदर ले रहा है। लोग मास्क पहनने को मजबूर हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने गुरुवार को आग से निपटने के लिए 600 फायरफाइटर्स को कनाडा भेजा। हालात का जायजा लेने के लिए उन्होंने कनाडा के PM जस्टिन ट्रूडो से फोन पर बात की। उन्होंने कनाडा को हर संभव मदद का भरोसा दिया।

तस्वीर अमेरिकी शबहर मैनहेटन की है, जहां कनाडा में लगी आग से धुआं छा गया । लोग मास्क पहनकर खुद को सेफ रख रहे हैं।

अमेरिका का मशहूर स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी धुएं की वजह से धुंधला दिख रहा है।

आग के चलते 1 लाख 20 हजार से ज्यादा लोगों ने घर छोड़ा
दरअसल, कनाडा के जंगलों में अब तक की सबसे भयानक आग लगी है। यहां सभी 10 प्रांतों और शहरों में इसका असर देखा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, अगस्त तक स्थिति और खराब होने की आशंका है। अब तक करीब 38 हजार स्क्वायर किमी का क्षेत्र जल चुका है। ये पिछले 10 साल के औसत से 13 गुना ज्यादा और बेल्जियम के कुल क्षेत्रफल से भी बड़ा है। इसकी वजह से 1 लाख 20 हजार से ज्यादा लोगों को घर छोड़ना पड़ा है।

सैटेलाइट तस्वीर में अमेरिका और कनाडा पर धुएं के बादलों को देखा जा सकता है।

दिल्ली से भी ज्यादा बुरी हुई न्यूयॉर्क की एयर क्वालिटी
कनाडा के जंगलों में लगी आग का अमेरिका पर कितना असर हुआ इसका अंदाजा न्यूयॉर्क के एयर क्वालिटी इंडेक्स से लगाया जा सकता है। वहां बुधवार को एयर क्वालिटी सबसे ज्यादा बुरी हो गई। बुधवार दोपहर न्यूयॉर्क का एयर क्वालिटी इंडेक्स 342 पहुंच गया था। जो दिल्ली के एयर क्वालिटी इंडेक्स 164 और दुबई के एयर क्वालिटी इंडेक्स 168 से दोगुना है।

तस्वीर कनाडा के क्यूबेक की है, जहां एक फायरफाइटर जंगल में लगी आग को बुझा रहा है।

तेज हवाओं की वजह से अमेरिका तक पहुंच रहा धुआं
कनाडा का जो इलाका जंगलों की आग से सबसे ज्यादा प्रभावित है वो अमेरिका से 800 से 970 किलोमीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद वहां का जहरीला धुआं अमेरिका तक पहुंचा है इसकी एक वजह तेज रफ्तार से चल रही हवाएं हैं।

कम दबाव के चलते हवाएं धुएं के कणों को दूर तक ले जा रही हैं। एक एयर क्वालिटी एक्सपर्ट के मुताबिक कनाडा के जंगल में लगी आग से निकले धूएं में कार्बन और जहरीले मेटल के कण हैं। जो फेफड़ों में अंदर तक जाकर नुकसान पहुंचाता है।

सऊदी अरब के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से पीएम मोदी ने की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग के कई मुद्दों की समीक्षा की और आपसी हित के विभिन्न बहुपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री ने अप्रैल 2023 में जेद्दा के रास्ते सूडान से भारतीय नागरिकों की निकासी के दौरान सऊदी अरब के उत्कृष्ट समर्थन के लिए क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान को धन्यवाद दिया। उन्होंने आगामी हज यात्रा के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दीं।

सर्बिया हमारा पारंपरिक मित्र है इसलिए हम भी उनके साथ: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार कहा कि मुझे सर्बिया की यात्रा करके बहुत खुशी हो रही है जो किसी यूरोपीय देशों की मेरी पहली राजकीय यात्रा है। मैं राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वूसिक और सर्बिया के लोगों को मेरे तथा मेरे प्रतिनिधिमंडल के स्वागत के लिए धन्यवाद करती हूं। हमारा रिश्ता आपसी विश्वास और आपसी समझ पर आधारित है। हम इस रिश्ते में और मजूबती लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। राष्ट्रपति अलेक्जेंडर भारत के साथ हर क्षेत्र में काम करने चाहते हैं और सर्बिया हमारा पारंपरिक मित्र है इसलिए हम भी उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं।

एशियाई खेलों में अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद : अनुराग ठाकुर

आगामी एशियाई खेलों में भारत के अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद जताते हुए खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को कहा कि तोक्यो ओलंपिक और पैरालम्पिक की सफलता को अब हांगझाऊ में होने वाले इस खेलों में दोहराने का समय है। उन्होंने हालांकि पदकों की संख्या के बारे में कयास लगाने से इनकार किया। चीन के हांगझाऊ में एशियाई खेल 23 सितंबर से आठ अक्टूबर के बीच खेले जायेंगे जिसमें भारत के 600 खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है जो भारत का अब तक का सबसे बड़ा दल होगा ।

आखिकार केरल पहुंच ही गया मॉनसून, आईएमडी ने की घोषणा

दक्षिण पश्चिम मॉनसून ने अपने सामान्य समय से एक सप्ताह के विलंब के बाद गुरुवार को भारत में दस्तक दे दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मॉनसून के केरल आगमन की घोषणा की है। मौसम विज्ञानियों ने इससे पहले कहा था कि चक्रवात ‘बिपरजॉय’ मॉनसून को प्रभावित कर रहा है। केरल में इसकी शुरुआत ‘मामूली’ होगी। आईएमडी ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि दक्षिण पश्चिम मॉनसून आज 8 जून को केरल पहुंच गया। मौसम विभाग ने कहा कि मॉनसून दक्षिण अरब सागर के शेष हिस्सों और मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों तथा समूचे लक्षद्वीप क्षेत्र, केरल के अधिकतर क्षेत्र, दक्षिण तमिलनाडु के अधिकतर हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र के शेष हिस्सों, मन्नार की खाड़ी और दक्षिण पश्चिम, मध्य एवं उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों की ओर बढ़ रहा है।

Exit mobile version