Site icon अग्नि आलोक

दिल्ली पुलिस दीप सिद्धू को लेकर लाल किला पहुंची; उपद्रवी वहां तक कैसे गए, इसका सीन री-क्रिएट होगा

Share

नई दिल्ली 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड के दौरान हिंसा कैसे हुई? इसकी जांच के लिए दिल्ली पुलिस लाल किले पर सीन री-क्रिएशन करेगी। हिंसा उकसाने के आरोपियों दीप सिद्धू और इकाबाल सिंह को लेकर दिल्ली पुलिस शनिवार को उन रास्तों पर गई, जहां-जहां से उपद्रवी लाल किले तक पहुंचे थे। इससे पहले दीप सिद्धू और इकबाल सिंह से चाणक्यपुरी स्थित क्राइम ब्रांच में करीब एक घंटे पूछताछ की गई। दिल्ली पुलिस ने लालकिला हिंसा मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी थी।

8 फरवरी को हुइ थी दीप सिद्धू की गिरफ्तारी
दीप सिद्धू को पुलिस ने हिंसा के 15 दिन बाद सोमवार रात 10.40 बजे करनाल बायपास से गिरफ्तार किया था और मंगलवार सुबह गिरफ्तारी की जानकारी दी थी। दो दिन पहले ही इस मामले में दूसरे बड़े आरोपी इकबाल सिंह की गिरफ्तारी होशियारपुर से हुई। तीन फरवरी को दिल्ली पुलिस ने दीप सिद्धू, जुगराज सिंह, गुरजोत सिंह व गुरजंत सिंह पर एक-एक लाख और जगबीर सिंह, बूटा सिंह, सुखदेव सिंह व इकबाल सिंह पर 50-50 हजार का इनाम घोषित किया था। इकबाल सिंह ग्रंथी है।सिद्धू पर लाल किले में उपद्रवियों को भड़काने का आरोप है। उपद्रवियों ने किले की प्राचीर पर धार्मिक झंडा लगाया था और हिंसा भी की थी।

अमेरिका से वीडियो पोस्ट करवाता था सिद्धू
पुलिस का कहना है कि 26 जनवरी की घटना के बाद से सिद्धू को नहीं देखा गया था। हालांकि, उसके वीडियो लगातार आ रहे थे। पिछले दिनों उसका एक वीडियो सामने आया। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि आरोपी वीडियो पोस्ट करने के लिए अपनी गर्लफ्रैंड और उसके मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा है। उसकी फेसबुक ID कई मोबाइल फोन में खुली हुई थी। पता चला कि वह वीडियो बनाकर पहले उसे वॉट्सऐप से कैलिफोर्निया में अपनी गर्लफ्रैंड को भेजता था और उसके बाद उसकी गर्लफ्रैंड के मोबाइल से उसे पोस्ट किया जाता था।

Exit mobile version