*वामपंथी समाजवादी दलों का प्रतिनिधि मंडल संभाग आयुक्त पुलिस कमिश्नर और श्रम आयुक्त से मिला*
*सीतला माता बाजार में कर्मचारीयो को हिंदू मुसलमान में बांटना देशद्रोह*
*2 अक्टूबर को गांधी प्रतिमा पर धरना*
इंदौर। वामपंथी समाजवादी दलों ने गत दिनों शहर के व्यावसायिक क्षेत्र शीतला माता बाजार में भाजपा नेता एकलव्यसिंह गोड़ द्वारा द्कान दारों से मुस्लिम कर्मचारियों को नौकरी से निकाले जाने के बयान और उसके बाद शीतला माता बाजार के व्यापारियों द्वारा मुस्लिम कर्मचारियों को निकाले जाने की घटना को लेकर आज पुलिस कमिश्नर, संभाग आयुक्त और श्रम आयुक्त से मुलाकात की तथा उन्हें ज्ञापन देकर मांग की की शहर की फिजा बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तथा संविधान के खिलाफ बयान बाजी करने वाले एकलव्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।

ज्ञापन देने वालों में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के रुद्रपाल यादव, शफी शेख, समाजवादी पार्टी के रामस्वरूप मंत्री, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के अरुण चौहान ,कैलाश लिंबोदिया, भागीरथ कछवाय सी एल सर्रावत , प्रगतिशील लेखक संघ के विनीत तिवारी एस यू सी आई के प्रमोद नामदेव तथा असंगठित कामगार संघ के राहुल निहुरे शरीक थे।
दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले दिनों भाजपा नेता एकलव्य गौड ने सितलामाता बाजार के व्यापारियों के यहां काम करने वाले मुस्लिम कर्मचारियों को काम से हटाने का फतवा दिया था, इसके बाद व्यापारियों ने 50 से अधिक मुस्लिम कर्मचारियों को जो कि 15-20 वर्षों से काम कर रहे थे तथा जिन पर आज तक किसी भी प्रकार का आरोप नहीं लगा था उन्हें केवल धर्म के आधार पर काम से बंद कर दिया गया तथा कुछ मुस्लिम दुकानदारों की भी दुकान मालिकों ने दुकानें खाली करवा ली है। हमारे देश का संविधान देश के नागरिकों को बगैर धर्म जाति, भाषा, क्षेत्रियता के आधार पर भेदभाव किये, रोजगार पाने व व्यापार व्यवसाय करने का अधिकार देता है ।
एकलव्य गौड का यह कृत्य केवल संविधान विरोधी हीं नहीं बल्कि शहर के साम्प्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने का भी प्रयास है । इससे शहर की शांति भंग होने का खतरा बना हुआ है ।
ज्ञापन में मांग की गई है कि भाजपा नेता के खिलाफ संविधान विरोधी कृत्य करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर सितलामाता बाजार में जिहादी मुक्त बाजार के जो पोस्टर लगे है उन्हें हटाया जाए ।
2 अक्टूबर को सभी कार्यकर्ता गांधी प्रतिमा पर एकत्रित होंगे और शहर की अस्मिता बचाने धार्मिक सद्भाव बनाए रखने तथा विद्वेष फैलाने वालों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करेंगे ।