Site icon अग्नि आलोक

आर्यन को क्लीन चिट मिलने के बाद समीर वानखेड़े के खिलाफ डिपार्टमेंटल जांच का आदेश

Share

मुंबई

कॉर्डेलिया क्रूज ड्रग्‍स केस में आर्यन खान को मिली क्लीन चिट के बाद अब NCB पर सवालियां निशान लगने लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक, आर्यन खान को गिरफ्तार करने वाले NCB के पूर्व जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के खिलाफ डिपार्टमेंटल जांच का आदेश दे दिया गया है। यह जांच केंद्रीय गृह मंत्रालय के कहने पर करवाई जा रही है। दोषी साबित होने पर वानखेड़े के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सकती है। आर्यन केस में विवादों में घिरने के बाद उन्हें डायरेक्टरेट ऑफ रेवेनुए इंटेलिजेंस (DRI) में ट्रांसफर कर दिया गया है।

ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पता चला है कि सरकार ने सक्षम अधिकारियों को आर्यन खान ड्रग्स मामले में पूर्व NCB अधिकारी समीर वानखेड़े की गलत जांच के लिए उचित कार्रवाई करने के लिए कहा है। सरकार पहले ही समीर वानखेड़े के फर्जी जाति प्रमाण पत्र मामले में कार्रवाई कर चुकी है।

NCB की जांच में मिली गड़बड़ी: डीजी प्रधान
इस मामले में आर्यन सहित 19 लोग आरोपी थे। हालांकि, इस मामले में NCB की साख पर उठे सवाल के बाद DG एसएन प्रधान मीडिया के सामने आए और कहा कि अभी जांच पूरी नहीं हुई है, सबूत मिले तो पूरक (सप्लीमेंट्री) चार्जशीट दयार की जाएगी। प्रधान ने यह भी कहा कि इस मामले में NCB की पहली टीम (समीर वानखेड़े) ने जांच के दौरान कई लापरवाही बरती है। इसलिए दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

NCB के डीजी ने भी दिए जांच के संकेत
डीजी एस एन प्रधान ने कहा अगर पहली जांच टीम से गलती नहीं होती तो SIT जांच टेक ओवर क्यों करती? कुछ तो कमियां रह गईं तभी तो SIT ने केस लिया। इन कमियों को दूर करने के लिए या फिर कम से कम आगे की कार्रवाई सही हो, इसको ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की गई। इतना ही नहीं NCB डीजी ने संकेत दिए हैं कि छापेमारी और जांच के दौरान चूक के आरोप में क्रूज पर छापेमारी करने वाले NCB के अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की जा सकती है।

आर्यन के अलावा इन्हें भी मिली क्लीन चिट
NCB ने इस मामले में 6 हजार पन्‍नों की चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें 20 में से 14 आरोपियों के नाम हैं। आर्यन का नाम इसमें शामिल नहीं है। आर्यन के अलावा इस केस में गिरफ्तार 5 अन्य आरोपियों का नाम सबूत न होने के चलते चार्जशीट में शामिल नहीं है। इनमें एविन शाहू, गोपाल जी आनंदो, समीर साईघान, भास्कर अरोड़ा और मानव सिंघली शामिल हैं। मामले में जांच एजेंसी तय समय में चार्जशीट दाखिल करने में नाकाम रही थी, इसके बाद कोर्ट ने मार्च में इसे दो माह का अतिरिक्‍त समय दिया था। गौरतलब है कि एनसीबी ने आर्यन खान समेत 19 अन्य लोगों को इस मामले में आरोपी बनाया था। एनसीबी ने 2 अक्टूबर को आर्यन को मुंबई के तटीय इलाके में एक क्रूज जहाज से गिरफ्तार किया था।

मलिक ने भी लगाए थे कई गंभीर आरोप

समीर वानखेड़े के खिलाफ महाराष्ट्र सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नवाब मलिक भी कई गंभीर आरोप लगा चुके थे, इसमें आर्यन केस के आरोपियों से रिश्वत लेने, फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनवाने और धर्म बदल कर दूसरी शादी करने के आरोप शामिल हैं। मलिक के आरोपों के बाद NCB की SIT टीम भी वानखेड़े का बयान दर्ज कर चुकी है।

Exit mobile version