अग्नि आलोक

म्यांमार में विनाशकारी भूकंप: मृतकों का आंकड़ा 1644 तक पहुंचा

Share

बैंकॉक म्यांमार में आए विनाशकारी भूकंप में लगातार मृतकों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। ताजा जानकारी के अनुसार, दक्षिण-पूर्व एशियाई देश में आए भूकंप के बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1644 तक पहुंच गया है। वहीं 2000 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही म्यांमार में रेस्क्यू ऑपरेशन बड़े पैमाने पर जारी है।म्यांमार में शनिवार दोपहर 3:30 बजे फिर भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.1 मापी गई। इस तरह 2 दिन में 5 से ज्यादा तीव्रता वाले तीन भूकंप आ चुके हैं। बता दें कि, 28 फरवरी को म्यांमार लगातार छह भूकंप के झटकों से थर्रा गया था और ये सिलसिला आज भी बरकरार रहा है। कल से लेकर आज तक म्यांमार में कुल 16 बार भूकंप के झटके लगे है।

संकट के समय म्यांमार के साथ भारत खड़ा
भारत संकट के समय म्यांमार के साथ खड़ा है। ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ के तहत भारत ने भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों के लिए 15 टन सामग्री, 80 सदस्यीय एनडीआरएफ की टीम और एक फील्ड अस्पताल को मदद के लिए भेजा है।

यूरेशियन और इंडो-ऑस्ट्रेलियाई प्लेटों के बीच टकराव के कारण, म्यांमार में भूकंपीय खतरा उच्च स्तर पर है। अंतर्राष्ट्रीय भूकंपीय केंद्र की तरफ से बताए गए भूकंप मापदंडों के अनुसार, 1990 से 2019 तक हर साल म्यांमार और उसके आसपास के इलाकों में 3.0 से अधिक या उसके बराबर परिमाण वाली लगभग 140 घटनाएं हुई हैं।

न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक मरने वालों का आंकड़ा 1644 हो चुका है, जबकि 3,408 से ज्यादा लोग घायल हैं। उधर, थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक 30 मंजिला इमारत गिर गई है। इसमें 10 लोगों की मौत हुई है।

म्यांमार में शुक्रवार सुबह 11:50 बजे 7.7 तीव्रता का भूकंप आया। म्यांमार और थाईलैंड में यह 200 साल का सबसे बड़ा भूकंप है। भारी तबाही के चलते म्यांमार के 6 राज्यों और पूरे थाईलैंड में इमरजेंसी लगा दी गई है।

म्यांमार के नेपीदा में एक इमारत ढहने से एक मां और उसका बच्चा मलबे में दब गए थे। उन्हें कुछ घंटों बाद रेस्क्यू किया गया।

लाइव अपडेट्स

भारत के INS सतपुड़ा और सावित्री 40 टन राहत सामग्री लेकर म्यांमार रवाना

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया कि भारतीय नौसेना के जहाज INS सतपुड़ा और INS सावित्री ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत 40 टन रिलीफ सामग्री म्यांमार के यांगून बंदरगाह भेजे गए हैं।

इसके अलावा 118 सदस्यीय फील्ड हॉस्पिटल यूनिट आगरा से मांडले के लिए रवाना हो चुकी है।

भूकंप में नेपीदा एयरपोर्ट का एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर गिरा

नेपीदा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का कंट्रोल टावर भूकंप के चलते जमीन से उखड़ गया।

म्यांमार भूकंप के चलते नेपीदा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर गिर गया। सैटेलाइट तस्वीरों में दिख रहा है कि टावर जमीन से उखड़े हुए पेड़ की तरह गिरा हुआ है। भूकंप के समय टावर में मौजूद सभी लोगों का निधन हो गया।

05:59 PM29 मार्च 2025

थाईलैंड PM बोलीं- देश के हालात सामान्य हुए

थाई प्रधानमंत्री पाईतोंग्तार्न शिनवात्रा ने शनिवार को कहा कि शुक्रवार को आए भूकंप के बाद देश में हालात सामान्य हो गए हैं। उन्होंने कहा कि बैंकॉक में सिर्फ एक इमारत गिरी थी, जो कि अंडर कंस्ट्रक्शन थी। उसके अलावा किसी और इमारत पर कोई असर नहीं पड़ा था।

05:43 PM29 मार्च 2025

स्कूली बिल्डिंग के मलबे में फंसे बच्चों को ढूढ़ते रेस्क्यू वर्कर्स

म्यांमार के मांडले में विजडम विला प्राइवेट हाई स्कूल की बिल्डिंग ढह गई। मलबे में कई छात्रों के दबे होने की आशंका है। शनिवार को बचावकर्मियों ने स्टूडेंट्स के नाम पुकारे ताकि अगर कोई छात्र जिंदा हो तो उसे बचाया जा सके।

04:31 PM29 मार्च 2025

UN ने म्यांमार को 43 करोड़ रुपए की मदद

04:20 PM29 मार्च 2025

भारत ने म्यांमार भेजी 15 टन राहत सामग्री और 80 रेस्क्यू वर्कर्स

भूकंप के बाद भारत ने म्यांमार में 15 टन राहत सामग्री और NDRF के 80 बचाव कर्मियों का एक दल भेजा है। इसे ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ नाम दिया गया है।

वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी ने म्यांमार की जनता सरकार के प्रमुख जनरल मिन आंग ह्लाइंग से बातचीत की। पीएम ने कहा कि करीबी दोस्त और पड़ोसी के रूप में, भारत इस कठिन समय में म्यांमार के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है।

04:04 PM29 मार्च 2025

म्यांमार में फिर आया भूकंप, 5.1 तीव्रता

म्यांमार में शनिवार दोपहर 3:30 बजे फिर भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.1 मापी गई। कई इलाकों में दहशत का माहौल बन गया।

शुक्रवार को 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद म्यांमार में 2 आफ्टरशॉक आए थे। इससे भारी तबाही हुई थी। लगातार आ रहे झटकों के कारण लोग सहमे हुए हैं। कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल है।

03:51 PM29 मार्च 2025

बैंकॉक में महिला ने खुली सड़क पर बच्चे को जन्म दिया

थाईलैंड में आए भीषण भूकंप के दौरान बैंकॉक के डॉक्टरों ने हॉस्पिटल के बाहर सड़क पर एक बच्चे को जन्म दिया। महिला बच्चे को जन्म देने के लिए हॉस्पिटल गई हुई थी, इसी दौरान भूकंप आ गया। इसके बाद डॉक्टरों ने हॉस्पिटल को खाली करना पड़ा।

इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर हो रहा है। इसमें महिला को स्ट्रेचर पर लेटी है, जबकि अस्पताल के कर्मचारी खुली जगह पर उसकी डिलीवरी में मदद कर रहे थे।

03:21 PM29 मार्च 2025

बैंकॉक में 2,000 से ज्यादा इमारतों को नुकसान

बैंकॉक शहर के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें अब तक 2,000 से ज्यादा इमारतों के नुकसान की रिपोर्ट मिली है। इसके लिए वे 100 से ज्यादा इंजीनियरों को तैनात करने जा रहे हैं। जियोलॉजिस्ट्स के मुताबिक यह देश में 200 साल में आया सबसे बड़ा भूकंप है। भूकंप के झटके इतने शक्तिशाली थे कि केंद्र से सैंकड़ों किमी दूर बैंकॉक के कई इमारतें नष्ट हो गईं।

02:09 PM29 मार्च 2025

भूकंप के असर के 10 फुटेज…

बैंकॉक में 30 मंजिला इमारत के धराशायी होने का फुटेज।

बैंकॉक में भूकंप से गिरी 30 मंजिला इमारत का मलबा हटाने और उसमें दबे लोगों को निकालने का काम जारी है।

बैंकॉक में 30 मंजिल इमारत के मलबे को साफ करती रेस्क्यू टीम।

म्यांमार के मांडले शहर में भूकंप के बाद एक घर क्षतिग्रस्त हो गया।

म्यांमार के मांडले में शुक्रवार को एक बौद्ध मंदिर टूट गया।

भूकंप के बाद म्यांमार के मांडले में एक पैगोडा क्षतिग्रस्त हो गया।

मांडले में क्षतिग्रस्त इमारत में जीवित बचे लोगों की तलाश करते लोग।

म्यांमार की राजधानी नेपीदा में भूकंप के बाद हाईवे टूटकर दो भागों में बंट गई।

म्यांमार में भूकंप से सबसे ज्यादा नुकसान मांडले में पहुंचा है। रेस्क्यू टीम राहत कार्य में लगी।

म्यांमार की राजधानी नेपीदा में भूकंप के बाद एक इमारत ध्वस्त हो गई।

01:54 PM29 मार्च 2025

म्यांमार को 115 करोड़ रुपए की मदद देगा चीन

दक्षिण कोरिया म्यांमार में भूकंप पीड़ितों के लिए 2 मिलियन डॉलर (करीब 16.5 करोड़ रुपए) की सहायता प्रदान करेगा। यह मदद इंटरनेशनल ह्यूमन ऑर्गेनाइजेशन के जरिए से भेजी जाएगी।

मलेशिया की सरकार ने बताया कि म्यांमार में रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए 25-25 लोगों की दो टीम भेजी जाएंगीं।

वहीं, चीन की विदेशी सहायता एजेंसी ने कहा कि वह म्यांमार को करीब 14 मिलियन डॉलर (115 करोड़ रुपए) की मानवीय सहायता देगा। चाइना एड नाम की यह एजेंसी सोमवार से तंबू, कंबल, फर्स्ट एड किट, भोजन, पीने का पानी और अन्य जरूरी सामान भेजना शुरू करेगी।

चीन ने एक सर्च और रेस्क्यू टीम को म्यांमार के लिए रवाना किया है।

12:41 PM29 मार्च 2025

भूकंप ने 334 परमाणु विस्फोट के बराबर एनर्जी पैदा की

जियोलॉजिस्ट के मुताबिक म्यांमार में आए भूकंप ने 334 परमाणु बम विस्फोट के बराबर एनर्जी पैदा की। जेस फीनिक्स ने CNN से बात करते हुए कहा कि भूकंप के बाद आने वाले झटके कुछ महीनों तक रह सकते हैं।

10:41 AM29 मार्च 2025

बैंकॉक में 31वीं मंजिल पर फंसी एक कोरियाई फैमिली

थाईलैंड के बैंकॉक में भूकंप के बाद एक साउथ कोरियाई फैमिली 31वीं मंजिल पर फंस गई थी। इससे जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक बच्चा घबराया हुआ है। इस दौरान स्वीमिंग पुल का पानी चारों तरफ बह रहा था। बाद में एक फॉलो-अप पोस्ट में यूजर ने बताया कि फैमिली अब सुरक्षित है। वे सीढ़ियों से उतरकर बाहर आए।

09:46 AM29 मार्च 2025

म्यांमार में भूकंप के बाद भारत ने मदद भेजी

म्यांमार में आए भूकंप के बाद भारत ने मदद भेजी है। 15 टन वाली राहत सामग्री की पहली खेप वहां पहुंच गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ने कहा कि इसे ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ नाम दिया गया है।

भारत ने ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत यह राहत सामग्री पहुंचाई है।

भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि म्यांमार के लोगों के लिए पहली खेप के रूप में तात्कालिक मानवीय सहायता भेजी गई है। उन्होंने बताया कि भारतीय वायु सेना का सी-130 प्लेन कंबल, तिरपाल, स्वच्छता किट, स्लीपिंग बैग, सोलर लैंप, फूड पैकेट और किचन सेट ले जा रहा है। प्लेन में एक सर्च और रेस्कूय टीम के अलावा मेडिकल टीम भी है। जयशंकर ने कहा कि हम स्थिति पर नज़र बनाए रखेंगे और आगे भी सहायता भेजी जाएगी।

09:37 AM29 मार्च 2025

भूकंप से सुरक्षित हैं आंग सान सू की

म्यांमार की पूर्व प्रधानमंत्री आंग सान सू की सुरक्षित हैं। यह जानकारी बीबीसी ने सूत्रों के हवाले से दी है। सूची म्यांमार की जेल में कैद हैं। म्यांमार में सेना ने 2021 में तख्तापलट कर दिया था। इसके बाद सूची को हिरासत में रखा गया था। साल 2023 में भ्रष्टाचार समेत कई आरोपों में उन्हें जेल भेज दिया गया।

09:32 AM29 मार्च 2025

थाईलैंड में इमारत के मलबे से 10 लोगों के शव निकाले गए

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भूकंप के बाद एक निर्माणाधीन इमारत गिर गई थी। इसमें से अब तक 10 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। बैंकॉक के डिप्टी गवर्नर ने बताया तीन निर्माणाधीन इमारतों से 101 लोग लापता हैं।

यह इमारत बैंकॉक के चतुचक इलाके में थी। इसे थाईलैंड के ऑडिटर जनरल के ऑफिस के लिए बनाया जा रहा था। यह इमारत निर्माण के अंतिम चरण में थी, जिसके चलते इसमें कई मजदूर काम कर रहे थे। यह 30 मंजिला इमारत एक निजी कंपनी बना रही थी।

सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि इस बिल्डिंग के निर्माण का ठेका चाइनीज कंपनी के पास था। हालांकि थाई अधिकारियों ने भी इस बारे में कोई बयान नहीं दिया है कि ठेकेदार कौन था।

09:30 AM29 मार्च 2025

रेडक्रॉस को बिजली न होने से आ रही मुश्किलें

रेड क्रॉस ने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की वजह से मांडले, सागाइंग और दक्षिणी शान राज्य तक पहुंचने की कोशिशों में जुटी उनकी टीमों को मुश्किलें आ रही हैं। रेड क्रॉस ने कहा कि उसे जो शुरुआती जानकारी मिली है, उसके मुताबिक भूकंप से काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। फिलहाल वे मानवीय मदद को लेकर जानकारी जुटा रहे हैं। म्यांमार और थाईलैंड में भूकंप में राहत और मदद के लिए रेड क्रॉस ने डेढ़ लाख डॉलर देने का वादा किया है। इस फंड का इस्तेमाल जरूरी चीजों जैसे भोजन, पानी, कंबल, तिरपाल, हाईजीन किट में होगा।

09:09 AM29 मार्च 2025

म्यांमार में भूकंप के बाद 14 और झटके

यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक शुक्रवार को आए 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद से म्यांमार में कम से कम 14 और झटके आए हैं। ज्यादातर 5 से कम तीव्रता वाले थे। सबसे शक्तिशाली 6.7 तीव्रता का झटका था जो बड़े भूकंप के लगभग 10 मिनट बाद आया।

08:23 AM29 मार्च 2025

डोनाल्ड ट्रम्प ने म्यांमार की मदद का ऐलान किया

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका भूकंप से प्रभावित म्यांमार की मदद करेगा। ट्रम्प ने कहा कि म्यांमार में जो हुआ वह भयानक है। हमने पहले ही वहां बात कर ली है। जल्द ही मदद पहुंचेगी।

वहीं, चीन ने म्यांमार में राहत कार्यों के लिए 37 सस्दयों की एक टीम भेजी है। इस टीम के पास भूकंप के चेतावनी देने वाला सिस्टम, ड्रोन समेत इमरजेंसी में बचाव के लिए जरूरी उपकरणों के 112 सेट हैं।

Exit mobile version