Site icon अग्नि आलोक

*इंदौर में किन्नरों के विवाद: 200 करोड़ की संपत्ति, प्रेमी राजा-ब्लैकमेलिंग वीडियो और धर्म परिवर्तन की कहानी*

Share

इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर में किन्नरों द्वारा जहर पीकर कर आत्महत्या करने की कोशिश का मामला अभी थमा नहीं है. फिनायल पीने वाले 24 किन्नरों की हालत स्थिर है और अभी वह अस्पताल में भर्ती हैं. इस विवाद के पीछे 200 करोड़ रुपये की संपत्ति को जड़ माना जा रहा है. नंदलालपुरा डेरे के किन्नरों का आरोप है कि सपना हाजी और उसका प्रेमी राजा हाशमी इसे हथियाना चाहते हैं और उन्हें आए दिन ब्लैकमेल करते रहते हैं.

नंदलालपुरा डेरे की किन्नर सोना मंगला नंद गिरी ने लोकल 18 से खास बातचीत में बताया कि ब्लैकमेलिंग से तंग आकर उनके डेरे के किन्नरों ने जहर पी लिया था. उनका आरोप है कि मुस्लिम किन्नर हिंदू किन्नरों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाते हैं. वहीं कथित पत्रकार पंकज जैन और अक्षय कुमायूं उनके बीच हिंदू-मुस्लिम करके दरार पैदा करते थे जबकि ऐसा कुछ नहीं है. सारे किन्नर साथ मिलकर रहते हैं.

चाकू की नोक पर मारपीट के वीडियो
दरअसल काफी लंबे समय से पायल गुरु और सपना हाजी के बीच विवाद चल रहा था. मुख्य गुरु की मौत के बाद नंदलालपुरा स्थित डेरे की गद्दी पर पायल गुरु को बिठाया गया था जबकि सपना हाजी को निकाल दिया गया था. यह विवाद खासतौर से कमाई के बंटवारे और नंदलालपुरा की संपत्ति को लेकर है. यहां दो डेरों के पास में रोड पर आलीशान बिल्डिंग है, कई गाड़ियां और महंगी ज्वेलरी है. आरोप के अनुसार, सपना हाजी और राजा इसे हथियाना चाहता है. वो कई बार अपने गुंडे लाकर चाकू की नोक पर मारपीट के वीडियो बनवाता था और उसी से ब्लैकमेलिंग करता था. इन्हीं सबसे तंग आकर पायल के समर्थन वाले किन्नरों ने फिनायल पी लिया.

असली-नकली किन्नर पर विवाद
इन सभी के बीच असली किन्नर और नकली किन्नर को लेकर भी अक्सर विवाद होता रहता है. इसपर बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने मांग की है कि सभी का मेडिकल परीक्षण और पंजीकरण होना चाहिए. अवैध वसूली को लेकर भी कार्रवाई की जानी चाहिए. ‌नंदलालपुरा डेरे के सोना मंगल नंदगिरी ने मांग की है कि जल्द से जल्द फरार चल रहे राजा हाशमी, पंकज जैन और अक्षय कुमायूं को गिरफ्तार किया जाना चाहिए.

Exit mobile version