Site icon अग्नि आलोक

डीके शिवकुमार बोले- मैं बगावत या ब्लैकमेल नहीं करता

Share

नई दिल्ली

आज कर्नाटक के अगले CM के नाम पर फैसला हो सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक के बाद कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि खड़गे सोनिया और राहुल गांधी से सलाह लेंगे। इसके बाद वे शाम तक CM का नाम तय कर लेंगे।

सीएम पद के दावेदार सिद्धारमैया दिल्ली पहुंच गए। सीएम कौन बनेगा इसके जवाब में बोले- मैं नहीं जानता, देखते हैं क्या होता है। डीके शिवकुमार पेट में इन्फेक्शन का हवाला देकर कल दिल्ली नहीं गए। देर शाम उन्होंने कहा कि वे मंगलवार को जाने का कोशिश करेंगे। सीएम पद की दावेदारी को उन्होंने कहा, मेरा कोई विधायक नहीं है। मैं बगावत नहीं करता। ब्लैकमेल नहीं करता।

डीके शिवकुमार ने की ममता की तारीफ
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार काे कहा था कि जिस राज्य में कांग्रेस मजबूत है, वहां उन्हें आगे किया जाए। इसमें किसी अन्य पार्टी को परेशानी नहीं होनी चाहिए, लेकिन उन्हें भी अन्य राज्यों में दूसरी पार्टियों को सपोर्ट करना चाहिए। मैं कर्नाटक में कांग्रेस को सपोर्ट कर रही हूं, लेकिन उसे बंगाल में मेरे खिलाफ लड़ाई बंद करनी चाहिए।

इस बयान को लेकर डीके शिवकुमार ने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि ममता बनर्जी और कई विपक्षी नेता कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनने से खुश हैं। यह विपक्ष के लिए अच्छा है।

शिवकुमार ने पहले सोमवार शाम को दिल्ली जाने की बात कही थी, लेकिन बाद में उन्होंने दौरा रद्द कर दिया।

सुरजेवाला बोले- रिपोर्ट पढ़ने के बाद चर्चा करेंगे खड़गे
सोमवार शाम को कांग्रेस के तीनों ऑब्जर्वर्स- सुशील कुमार शिंदे, भंवर जितेंद्र सिंह और दीपक बावरिया ने अपनी रिपोर्ट खड़गे को सौंप दी थी। रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे ऑब्जर्वर्स की रिपोर्ट को पढ़ेंगे। इसके बाद वे राज्य और केंद्र के नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।

उन्होंने बताया कि खड़गे सिद्धारमैया, डीके शिवकुमार और कर्नाटक के अन्य नेताओं के साथ भी चर्चा करना चाहते हैं। इसी के लिए पार्टी हाईकमान ने सोमवार को सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार को दिल्ली बुलाया था। सिद्धारमैया सोमवार शाम ही दिल्ली पहुंच गए थे, हालांकि अभी तक उनकी खड़गे से मुलाकात नहीं हुई है। वहीं, डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश सोमवार रात को खड़गे के घर पहुंचे थे।

तीनों ऑब्जर्वर्स सोमवार शाम को खड़गे के घर पहुंचे और अपनी रिपोर्ट सौंपी।

डीके बोले- पार्टी ने मेरी अध्यक्षता में 135 सीटें जीतीं
डीके शिवकुमार ने सोमवार को मीडिया से कहा कि पार्टी ने मेरी अध्यक्षता में 135 सीटें जीतीं। मुझे जो काम सौंपा गया था, वो मैंने पूरा कर दिया है। जब हमारे विधायकों के पार्टी छोड़ने के बाद सरकार गिर गई थी, तब भी मैंने हिम्मत नहीं हारी थी। पिछले 5 साल में क्या हुआ, यह मैं नहीं बताऊंगा।

कांग्रेस नेता बोले- राय जानने के लिए सीक्रेट वोटिंग हुई
कांग्रेस लीडर बीके हरि प्रसाद ने सोमवार को बताया कि मीटिंग में विधायकों की राय जानने के लिए सीक्रेट बैलेट वोटिंग भी हुई। बेंगलुरु में ऑब्जर्वर्स ने विधायक दल की बैठक के दौरान MLAs से 4-5 घंटे तक बातचीत की।

Exit mobile version