Site icon अग्नि आलोक

जंग के बीच ₹60 महंगी हुई घरेलू एलपीजी

Share

 अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे जंग के बीच आम जनता को महंगाई का झटका लगा है. घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की गई है. 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये का इजाफा हुआ है. सूत्रों के मुताबिक, बढ़ी हुई कीमतें 7 मार्च से लागू हो गई है. इससे पहले शुक्रवार (6 मार्च) को सरकार ने देश की सभी एलपीजी रिफाइनरियों को एलपीजी प्रोडक्शन बढ़ाने का आदेश दिया था.मिडिल ईस्ट तनाव के बीच घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में भारी बढ़ोतरी हुई है. दिल्ली में घरेलू 14.2 किलो का LPG सिलेंडर अब 913 रुपये का हो गया है. इससे पहले यह सिलेंडर 853 रुपये में मिल रहा था. बढ़ी हुई कीमत 7 मार्च, 2026 से लागू हो गई है.

न्‍यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, देश की राजधानी दिल्ली में अब तक 14.2 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर 853 रुपये में मिलता था, वह अब 913 रुपये का हो जाएगा.

115 रुपये महंगा हुआ कमर्शियल गैस सिलेंडर
घरेलू रसोई गैस के साथ-साथ अब बाहर खाना भी महंगा हो सकता है. कमर्शियल एलपीजी (19 किलो वाले सिलेंडर) की कीमतों में 115 रुपये की भारी बढ़ोतरी कर दी गई है. दिल्ली में अब 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 1883 रुपये में मिलेगा, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 1835 रुपये हो गई है. होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा चलाने वालों के लिए यह एक बड़ी चुनौती है, क्योंकि गैस महंगी होने का सीधा असर खाने-पीने की चीजों के बिल पर पड़ सकता है.

रिफाइनरियों को LPG प्रोडक्शन बढ़ाने का आदेश
बता दें कि भारत सरकार ने मिडिल ईस्ट में बढ़ते संकट को देखते हुए देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अहम कदम उठाया है. सरकार ने 6 मार्च को पब्लिक और प्राइवेट सेक्टर की सभी तेल रिफाइनरियों को निर्देश दिया कि वे रसोई गैस यानी एलपीजी का प्रोडक्शन बढ़ाएं. अधिकारियों के अनुसार यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण अगर सप्लाई प्रभावित होती है तो देश में गैस की उपलब्धता पर कोई बड़ा असर न पड़े.

Exit mobile version