एस पी मित्तल,अजमेर
राजस्थान पर्यटन विकास निगम (आरटीडीसी) के अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ अजमेर जिले के पुष्कर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए लालायित हैं। हालांकि राठौड़ को खुद के टिकट का पता नहीं है, लेकिन भीलवाड़ा के उद्योगपति रिजु झुनझुनवाला को अजमेर का सांसद और डॉ. श्रीगोपाल बाहेती को विधायक बनवाने का दावा कर रहे हैं। इसे सत्ता का नशा ही कहा जाएगा कि राठौड़ सार्वजनिक समारोह में कांग्रेस के नेताओं को सांसद और विधायक बनाने की बात कह रहे हैं। 10 सितंबर को अजमेर के आदर्श नगर स्थित राजकीय सैटेलाइट अस्पताल में आधुनिक ऑपरेशन थियेटर का उद्घाटन समारोह में राठौड़ ने कहा कि अजमेर के लोगों ने पिछली बार झुनझुनवाला को लोकसभा चुनाव में हरवा दिया, लेकिन हारने के बाद भी झुनझुनवाला अजमेर के लोगों की सेवा करते रहे। इस बार सेवा का फल झुनझुनवाला को मिलना चाहिए। राठौड़ ने जिस अंदाज में यह बात कही उससे प्रतीत होता है कि लोकसभा के अगले चुनाव में झुनझुनवाला ही अजमेर से कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। इतना ही नहीं राठौड़ ने कांग्रेस के पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती को अगले वर्ष होने वाले विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस का उम्मीदवार बनाए जाने की बात भी कही। राठौड़ ने कहा कि डॉ. बाहेती दोबारा से विधायक बनना चाहते हैं और उनकी यह मनोकामना अगले वर्ष पूरी हो जाएगी। यानी धर्मेन्द्र राठौड़ डॉ. बाहेती को भी कांग्रेस का उम्मीदवार मानकर चल रहे हैं। डॉ. बाहेती पूर्व में पुष्कर से विधायक रह चुके हैं, जबकि उन्होंने दो बार अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा है। डॉ. बाहेती की आज भी पुष्कर में लोकप्रियता मानी जाती है। चूंकि धर्मेन्द्र राठौड़ पुष्कर से चुनाव लड़ना चाहते हैं इसलिए उन्हें डॉ. बाहेती की मदद की दरकार है। यह सही है कि धर्मेन्द्र राठौड़ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विश्वासपात्र नेता हैं। जुलाई 2020 में गहलोत सरकार को बचाने में राठौड़ की भी भूमिका रही। कई संकटों के समय धर्मेन्द्र राठौड़ गहलोत के साथ रहे। लेकिन पुष्कर की पूर्व विधायक श्रीमती नसीम अख्तर की राजनीतिक सक्रियता के चलते राठौड़ को पुष्कर से टिकट कैसे मिलेगा यह आने वाला समय ही बताएगा। नसीम अख्तर मौजूदा समय में प्रदेश कांग्रेस की उपाध्यक्ष भी हैं। चूंकि धर्मेन्द्र राठौड़ इन दिनों ताकतवर नेता है, इसलिए अजमेर में होने वाले सरकारी समारोह में भी श्रीमती अख्तर की उपेक्षा की जा रही है। इससे श्रीमती अख्तर के समर्थकों ने राठौड़ के प्रति नाराजगी है।
मंत्रियों ने लिया श्रेय:
10 सितंबर को आदर्श नगर स्थित राजकीय सैटेलाइट अस्पताल के नए ऑपरेशन थियेटर के उद्घाटन समारोह में प्रभारी मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय और आरटीडीसी के अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ भी मौजूद रहे। ऑपरेशन थियेटर का श्रेय इन दोनों मंत्रियों ने लिया। जबकि सच्चाई यह है कि थियेटर के निर्माण में सरकार ने एक रुपया भी खर्च नहीं किया है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश पोरवाल के प्रयासों से थियेटर का निर्माण हुआ है। इसमें रोटरी क्लब अजमेर मिडटाउन ने 10 लाख, जतन कंस्ट्रक्शन के मालिक रमेश अग्रवाल ने 5 लाख, भगवती मशीन के मालिक यशवंत शर्मा ने 5 लाख तथा उद्योगपति रिजु झुनझुनवाला ने अपने जवाहर फाउंडेशन के माध्यम से 11 लाख रुपए की राशि दी है। लेकिन समारोह में ऐसा दर्शाया गया कि थियेटर का निर्माण सरकार की ओर से किया गया है। हकीकत यह है कि सैटेलाइट अस्पताल जिस जमीन पर बना हुआ है, उस जमीन को भी आदर्श नगर हाउसिंग सोसायटी की ओर से उपलब्ध करवाया गया है। समारोह में दान दाताओं को मंच पर बैठे का अवसर भी नहीं दिया गया। उद्योगपति झुनझुनवाला भी कांग्रेस के नेता की हैसियत से मंच पर बैठे।

