एस पी मित्तल, अजमेर
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जब भी स्वच्छता अभियान और सफल जीवन की बात होतीे है तो नगर निगम के अधिकारी इच्छुक लोगों को न्यू मिनाल रेजीडेंसी में रहने वाले अनिल गुप्ता और उनकी पत्नी उर्मिला गुप्ता के पास भेज देते हैं। भोपाल नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में पहचान बनाने वाले गुप्ता दम्पत्ति का 27 नवंबर को अजमेर में प्रवास रहा। इसी दौरान गुप्ता दम्पत्ति मेरे पुष्कर रोड स्थित निवास पर भी आए। भारत सरकार के उपक्रम भेल से सेवा निवृत्त 66 वर्षीय अनिल गुप्ता ने बताया कि वे देश के अनेक स्वयं सेवी संगठनों से जुड़े हुए हैं। यही वजह है कि जब भी किसी व्यक्ति को किसी भी स्थान पर ब्लड, चिकित्सा उपकरण आदि की जरुरत होती है तो वे उपलब्ध करवा देते हैं। गुप्ता ने माना कि स्वार्थ के इस दौर में भी सेवार्थियों की संख्या ज्यादा है। कोरोना काल में उन्होंने देश में अपने संपर्कों से लोगों को राहत पहुंचाई है। इसी प्रकार 63 वर्षीय उर्मिला गुप्ता ने बताया कि वे घर का कोई सामान बाहर नहीं फेंकती है। यहां तक कि सब्जियों के छिलके अथवा बेकार की चाय की पत्ती भी नगर निगम के कचरा वाहन में नहीं डालती। सब्जी आदि के कचरे का उपयोग गमलों में करती है तो प्लास्टिक की केन, बोतल आदि से घर में ही गमले बना लेती हैं। घर आने वाले मेहमानों को भी उपहार में हाथ से बनाई खूबसूरत सामग्री ही देते हैं। वे सामुदायिक केंद्रों पर जाकर महिलाओं को प्रेरित भी करती हैं। महिलाओं के अधिकारों के लिए भ जागरुकता अभियान चलाती हैं। गुप्ता दम्पत्ति ने बताया कि जरुरतमंद लोगों की मदद कर वे जीवन का पूरा आनंद ले रहे हैं। ईश्वर जब तक स्वास्थ्य बनाए रखेगा, तब तक वे जरुरतमंद लोगों की मदद करते रहेंगे। बदलते हुए सामाजिक परिवेश में बुजुर्ग दम्पत्तियों को अनेक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन गुप्ता दम्पत्ति का मानना है कि संचार क्रांति का लाभ उठाकर आप स्वयं मुसीबत से बाहर निकल सकते हैं और जरूरत पड़ने पर लोगों की मदद भी कर सकते हैं। उर्मिला गुप्ता भी चिकित्सा विभाग से सेवानिवृत्त है। गुप्ता दम्पत्ति अपनी पेंशन से लोगों की मदद करते हैं। अनिल गुप्ता के हौंसले का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वे भोपाल से कार ड्राइव कर अजमेर तक आ गए। गुप्ता दम्पत्ति के जीवन का यही तो आनंद है कि वे हर रंग का मजा ले रहे हैं। उन्हें तो बहुत आनंद आता है, जब कोई मदद प्राप्त करने वाला व्यक्ति धन्यवाद देने के लिए फोन करता है। गुप्ता दम्पत्ति चाहते हें कि अंतिम सांस तक लोगों के काम आए। घर परिवार की स्वच्छता को समझने के लिए मोबाइल नंबर 8989792158 पर उर्मिला गुप्ता तथा देशभर में किसी स्थान पर सहायता देने के लिए मोबाइल नम्बर 9406906373 पर अनिल गुप्ता से संपर्क किया जा सकता है। जिन लोगों का कभी भोपाल जाना हो तो वे गुप्ता दम्पत्ति से जरूर मिले। गुप्ता दम्पत्ति धीरे धीरे भोपाल की पहचान बनते जा रहे हैं। भोपाल का नगर निगम तो गुप्ता दम्पत्ति की लोकप्रियता का पूरा फायदा उठा रहा है। गुप्ता दम्पत्ति उन लोगों के लिए प्रेरणा है जो बुजुर्ग अवस्था में निराश और हताश हो जाते हैं।

