नई दिल्ली
संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने आज यानी 20 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में महापंचायत बुलाई है। यहां सुबह 10 बजे से शाम 3:30 बजे तक बैठक होगी। ये महापंचायत किसानों पर दर्ज मामले वापस न लेने, कर्ज माफी, मुफ्त बिजली और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) न देने के विरोध में हो रही है। इसमें शामिल होने के लिए किसान रविवार शाम को ही रामलीला मैदान में जुटना शुरू हो गए थे।
संयुक्त किसान मोर्चा के कार्यकर्ता केंद्र सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार ने उत्पादन की कुल लागत पर 50% MSP लागू करने का लिखित आश्वासन दिया था। इसके लिए सरकार ने जो कमेटी बनाई थी, उसमें 26 सदस्य इंडस्ट्रियल घरानों के पक्ष में थे।
महापंचायत में 32 किसान संगठन शामिल होंगे
किसान नेता राकेश टिकैत ने 12 मार्च को बताया था कि इस महापंचायत में 32 किसान संगठन शामिल होंगे। इस बार तब तक आंदोलन जारी रहेगा, जब तक सरकार हमारी मांगें पूरी नहीं कर देती। उन्होंने बताया कि सरकार ने हमने से जो वादे किए थे, वो अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। सरकार किसानों को दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर कर रही है।
बता दें कि किसान कर्ज माफी, 5000 रुपए की हर महीने पेंशन, सिंचाई के लिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली और एमएसपी की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही किसान आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज हुए मामले वापस लेने की मांग कर रहे हैं।

