संपूर्ण क्रांति दिवस की पूर्व संध्या पर संयुक्त किसान मोर्चा के आवाहन पर इंदौर में हुआ विरोध प्रदर्शन
इंदौर। संयुक्त किसान मोर्चा की इंदौर इकाई द्वारा संपूर्ण क्रांति दिवस की पूर्व संध्या पर आज सांसद शंकर लालवानी के कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर तीनों कृषि कानूनों की होली जलाई गई । गौरतलब है कि संयुक्त किसान मोर्चा और अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति ने संपूर्ण क्रांति दिवस के मौके पर तीनों किसान विरोधी कानूनों की सांसद , विधायक के कार्यालय के समक्ष होली जलाने का आव्हान किया था । इसी के तहत इंदौर के सांसद शंकर लालवानी के पलासिया स्थित कार्यालय के समक्ष इंदौर के किसान संगठनों ने संयुक्त रूप से किसान विरोधी कानूनों की होली जलाई ।कार्यकर्ताओं ने बड़ी देर तक नारेबाजी की । आज के इस प्रदर्शन में अखिल भारतीय किसान सभा, किसान खेत मजदूर संगठन और किसान संघर्ष समिति के कार्यकर्ता शरीक थे। कार्यकर्ताओं ने तीनों क्रृषि कानूनों को जनविरोधी बताते हुए इन्हे तत्काल वापस किए जाने की मांग की । प्रदर्शन का नेतृत्व सर्वश्री रामस्वरूप मंत्री, अरुण चौहान, हरिओम सूर्यवंशी ,प्रमोद निदेश, सोनू शर्मा आदि ने किया। प्रदर्शनकारी तीनों किसान विरोधी कानूनों को रद्द कराने, बिजली संशोधन बिल वापस लेने एवं सभी कृषि उत्पादों की लागत से डेढ़ गुना दाम पर खरीद की कानूनी गारंटी की मांग कर रहे थे।

