भोपाल
मध्यप्रदेश में हो रही भारी बारिश से नर्मदा, ताप्ती, बेतवा, शिप्रा सहित कई नदियां उफान पर हैं। छोटी नदियां और नाले भी चढ़े हुए हैं। नदी के निचले इलाकों में बाढ़ के हालात हैं। भोपाल-नागपुर हाईवे दो दिन में दूसरी बार सुखतवा पुल पर पानी आने से बंद हो गया। सोमवार को भी सुखतवा नदी की बाढ़ में अस्थाई पुल का कोना बह गया था। इस वजह से भोपाल-नागपुर हाईवे 11 घंटे बंद रहा था।
धार जिले के सुसारी गांव में मंगलवार दोपहर कुक्षी-डही मार्ग पर एक टैंकर पलट गया। दरअसल टैंकर उफान पर आए नाले पर बनी पुलिया पार कर रहा था, इसी दौरान वो रास्ते से भटककर सड़क से नीचे उतर गया और पलट गया। टैंकर का चालक तैरकर बाहर आ गया, जिससे उसकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि यह निजी दूध डेरी का टैंकर था।
खंडवा में आबना नदी में उफान आने से किशोर कुमार समाधि स्थल और इंदौर रोड तक पानी आ गया। नदी किनारे के खेत डूब गए। मौसम को देखते हुए खंडवा प्रशासन ने मंगलवार को स्कूलों में क्लास 1 से 8वीं तक के बच्चों की छुट्टी घोषित कर दी। नर्मदापुरम जिले में तवा बांध के गेट खुलने से खंडवा में इंदिरा सागर बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इंदिरा सागर के गेट खुलने की संभावना है, इससे पहले ओंकारेश्वर डैम से एक-दो दिन में पानी छोड़ा जाएगा।
तवा डैम से छोड़ा जा रहा पानी 32 किलोमीटर आगे नर्मदापुरम शहर के पास बांद्राभान में नर्मदा नदी में मिलता है। इससे हरदा, देवास, सीहोर, खरगोन, बड़वानी के नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा है।
खरगोन में कुंदा और वेदा नदी उफना गई हैं। झिरन्या इलाके में वेदा नदी पर बने अपरवेदा बांध के गेट खोलना पड़ गए। सोमवार को बांध के सात में से चार गेट खोलकर पानी छोड़ा गया। आज तीन गेट बंद कर दिए गए। खरगोन जिले में केवट नदी भी उफना गई है।
भोपाल में सोमवार शाम दो मासूमों की बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। मंदसौर में उफनाए नाले को पार करने की कोशिश में बाइक सवार बेटा और मां बह गए। बेटे को वहां मौजूद लोगों ने बचाया। मां का शव मिला। उज्जैन के महिदपुर में बोलेरो बह गई। तीन लोगों को बचाया गया। प्रदेश में अब तक 23% बारिश ज्यादा हो चुकी है। यानी अब तक 12.40 इंच बारिश होना चाहिए थी, लेकिन 15.32 इंच पानी गिर चुका चुका है।
24 घंटे में कहां-कितनी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान खंडवा में सबसे ज्यादा 3 इंच पानी गिरा। धार, इंदौर, नर्मदापुरम और खरगोन में 2-2 इंच बारिश हुई। उज्जैन में 1.5 इंच, रतलाम और रायसेन में 1-1 इंच, भोपाल, छिंदवाड़ा में आधा-आधा इंच पानी गिरा। पचमढ़ी, बैतूल, मंडला, सिवनी, मलाजखंड, गुना, ग्वालियर और जबलपुर में भी बारिश हुई।
आगे क्या… निवाड़ी में अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, सीहोर, बुरहानपुर, खंडवा, अशोकनगर, गुना, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर कलां, छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिवनी, मंडला, नरसिंहपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, दमोह, पन्ना, टीकमगढ़, सागर और छतरपुर में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है। धार, इंदौर, देवास, आगर-मालवा, शाजापुर, उज्जैन में भारी और निवाड़ी में अति भारी बारिश हो सकती है।
लगातार बारिश से भोपाल के बड़े तालाब का जलस्तर 1664.85 फीट तक पहुंच गया। तालाब का फुल टैंक लेवल 1666.80 है।
बुरहानपुर में मांजरोद-दर्यापुर के बीच राजेंद्र दादू सेतु पुल बाढ़ में डूब गया। यहां ताप्ती खतरे के निशान के ऊपर बह रही है।
बीते चौबीस घंटों में यह हालत बने
- भोपाल के बैरसिया इलाके में सोमवार शाम करीब 5 बजे दो नाबालिगों की घर के पास गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से मौत हो गई। बताया जाता है कि वे खेलते समय उसमें फिसलकर गिर गए। मृतकों की पहचान 13 साल के सेटू जाटिव पिता रामचरण और 12 साल के राजवीर पिता ज्ञानसिंग की मौत हो गई। बारिश के कारण मिट्टी फिसलन होने के कारण गड्ढे में गिरने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
- राजगढ़ में 4 घंटे हुई भारी बारिश ने जिले के संडावता, हराना और भ्याना गांव में हालात बिगाड़ दिए हैं। रात 3 बजे से रुक-रुक कर हो रही बारिश की वजह से घरों में पानी भर गया। संडावता सांसद रोडमल नागर का गोद लिया आदर्श गांव है। भ्याना गांव की निचली बस्तियां डूब गईं।
- बैतूल, पिपरिया और पचमढ़ी के ऊंचे इलाकों में हो रही भारी बारिश की वजह से तवा डैम के गेट इस सीजन में दूसरी बार खोलना पड़े। रविवार रात में सभी 13 गेट 10-10 फीट तक खोलकर पानी छोड़ा गया। सुबह तक 6 गेट बंद कर दिए गए। अब 7 गेट 10-10 फीट खुले हुए हैं। इससे पहले 15 जुलाई को डैम के 7 गेट, फिर 9 और फिर 11 गेट खोलना पड़े थे। 16 जुलाई को डैम के सभी गेट बंद कर दिए गए थे।
- इटारसी शहर में बाढ़ के हालात बना दिए। नाला मोहल्ला और मेहरागांव के घरों में पानी घुस गया है। कई जगह तो पानी 2 से 3 फीट तक भरा है। भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे-69 पर नवनिर्मित सुखतवा पुल का एक हिस्सा बह गया।
मध्यप्रदेश में 1 जून से अब तक बारिश (इंच में)
| जिला | अब तक बारिश हुई | बारिश होनी थी | बारिश % में |
| अनूपपुर | 14.45 | 14.33 | 101 |
| बालाघाट | 20.12 | 17.48 | 115 |
| छतरपुर | 6.85 | 10.94 | 63 |
| छिंदवाड़ा | 27.05 | 13.78 | 196 |
| दमोह | 12.28 | 14.06 | 87 |
| डिंडोरी | 12.28 | 16.46 | 75 |
| जबलपुर | 16.10 | 14.13 | 114 |
| कटनी | 8.54 | 12.72 | 67 |
| मंडला | 15.51 | 16.34 | 95 |
| नरसिंहपुर | 14.80 | 13.54 | 109 |
| निवाड़ी | 6.46 | 9.02 | 72 |
| पन्ना | 8.03 | 13.62 | 59 |
| रीवा | 5.39 | 13.62 | 40 |
| सागर | 16.65 | 14.65 | 114 |
| सातना | 5.71 | 12.52 | 46 |
| सिवनी | 22.24 | 15.28 | 146 |
| शहडोल | 10.91 | 12.60 | 87 |
| सीधी | 5.16 | 13.82 | 37 |
| सिंगरौली | 5.91 | 11.18 | 53 |
| टीकमगढ़ | 5.87 | 11.85 | 50 |
| उमरिया | 9.21 | 13.39 | 69 |
| आगर मालवा | 18.35 | 10.79 | 170 |
| अलीराजपुर | 7.64 | 10.94 | 70 |
| अशोकनगर | 10.35 | 11.06 | 94 |
| बाड़वानी | 12.13 | 8.90 | 136 |
| बैतूल | 28.19 | 13.54 | 208 |
| भिंड | 3.94 | 7.52 | 52 |
| भोपाल | 25.94 | 12.56 | 207 |
| बुरहानपुर | 20.04 | 10.04 | 200 |
| दतिया | 4.69 | 8.62 | 54 |
| देवास | 22.24 | 11.30 | 197 |
| धार | 10.67 | 10.35 | 103 |
| गुना | 17.40 | 11.89 | 146 |
| ग्वालियर | 8.66 | 7.99 | 108 |
| हरदा | 28.46 | 13.46 | 211 |
| इंदौर | 15.00 | 10.75 | 140 |
| झाबुआ | 8.07 | 10.63 | 76 |
| खंडवा | 23.03 | 10.63 | 217 |
| खरगोन | 13.58 | 9.69 | 140 |
| मंदसौर | 11.81 | 9.65 | 122 |
| मुरैना | 7.32 | 7.56 | 97 |
| नर्मदापुरम | 28.03 | 16.26 | 172 |
| नीमच | 13.23 | 9.02 | 147 |
| रायसेन | 19.41 | 14.13 | 137 |
| राजगढ़ | 18.31 | 10.87 | 168 |
| रतलाम | 13.54 | 10.16 | 133 |
| सीहोर | 23.78 | 13.03 | 182 |
| शाजापुर | 19.29 | 10.79 | 179 |
| श्योपुरकलां | 11.61 | 8.31 | 140 |
| शिवपुरी | 9.13 | 9.96 | 92 |
| उज्जैन | 15.91 | 11.02 | 144 |
| विदिशा | 21.38 | 13.46 | 159 |

