तमिलनाडु में कल्लाकुरिची जिले के शंकरपुरम शहर में पटाखे की दुकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। राज्य के सीएम एमके स्टालिन ने मरने वालों के परिवार वालों को 5-5 लाख सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही हादसे में घायलों के इलाज के लिए 1 लाख रुपए दिए जाएंगे।
पेगासस जासूसी मामले में स्वतंत्र जांच की मांग पर फैसला आज
पेगासस सॉफ्टवेयर के जरिए देश के जर्नलिस्ट, एक्टिविस्ट, नेताओं और कई प्रमुख लोगों की कथित जासूसी के मामले की आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। चीफ जस्टिस की अध्यक्षता वाली तीन जजों की बेंच ये फैसला सुनाएगी। बुधवार सुबह 10.30 बजे यह निर्णय सुनाया जाएगा। इस बेंच में CJI एनवी रमना, जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस हिमा कोहली शामिल हैं। पेगासस कांड की जांच को लेकर 12 याचिकाएं दायर की गई थीं। केंद्र सरकार ने जनहित और राष्ट्र की सुरक्षा का हवाला देते हुए इस केस में विस्तृत हलफनामा दाखिल करने से इनकार किया था।
पेगासस विवाद क्या है?
खोजी पत्रकारों के अंतरराष्ट्रीय ग्रुप का दावा है कि इजराइली कंपनी NSO के जासूसी सॉफ्टवेयर पेगासस से 10 देशों में 50 हजार लोगों की जासूसी हुई। भारत में भी अब तक 300 नाम सामने आए हैं, जिनके फोन की निगरानी की गई। इनमें सरकार में शामिल मंत्री, विपक्ष के नेता, पत्रकार, वकील, जज, कारोबारी, अफसर, वैज्ञानिक और एक्टिविस्ट शामिल हैं।

