भोपाल
शहर के कोहेफिजा इलाके में एक मैरिज हॉल की बिल्डिंग में आग लग गई। बिल्डिंग में नीचे पार्टी चल रही थी और पहली मंजिल पर खाना बन रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ और आग लग गई।दूसरी मंजिल पर फंसे 35 लोगों को स्थानीय लोगों ने रस्सी और साड़ी के सहारे नीचे उतारा। इससे कोई जनहानि नहीं हुई। किचन का पूरा सामान जल गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची दमकल की 7 गाड़ियों ने आधे घंटे में आग पर काबू पाया।
दमकल कर्मी आतिम खान ने बताया कि कोहेफिजा में होंडा शोरूम के बगल में स्थित ऑर्चिड मैरिज हॉल में मंगलवार शाम को रिसेप्शन चल रहा था। पहली मंजिल पर किचन था। शाम करीब 7 बजे किचन में सिलेंडर ब्लॉस्ट से आग लग गई। दूसरी मंजिल पर लोग फंसे हुए थे। बिल्डिंग से कुल 35 लोगों को बाहर निकाला गया। वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि दमकल की गाड़ियां देरी से पहुंची। इसके पहले ही लोगों को रस्सी और साड़ी के सहारे नीचे उतारा गया।
प्रत्यक्षदर्शी…बच्चों की चीखें मेन रोड तक सुनाई दे रही थीं, कांच फोड़कर निकाला
ग्राउंड फ्लोर पर सगाई कार्यक्रम चल रहा था। मंगल गीत बज रहे थे। रस्में शुरू करने की तैयारी चल रही थी। सागर से आए मेहमान हमारे रिश्तेदारों के साथ सेकंड फ्लोर पर कमरों में थे। काफी लोग ग्राउंड फ्लोर पर थे। इस बीच पहली मंजिल से धुआं आने और आग की लपटें उठने पर अफरा-तफरी मच गई। दरअसल एक रसोई गैस सिलेंडर में नली से गैस लीक होने के बाद उसने आग पकड़ ली। सबसे पहले फ्रिज में शॉर्ट सर्किट हुआ। हम लोग घबरा गए। दूसरी मंजिल पर मौजूद लोगों में बच्चों की चीखें सड़क तक सुनाई देने लगी। इस दौरान काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। होटल के आसपास खड़े वाहनों को हटवाया गया।
होटल की बिजली काटी गई। इस बीच दमकल को फोन किया गया। होटल में फायर सेफ्टी उपकरण नहीं होने से काफी समस्या आई। चारों तरफ धुआं होने पर हम चाहकर भी सीढ़ियों से सेकंड फ्लोर तक नहीं पहुंच पा रहे थे। इस दौरान पड़ोसियों और दमकल कर्मियों ने रस्सी के सहारे सेकंड फ्लोर पर फंसे लोगों को मेन रोड साइड में उतारने के लिए खिड़कियों में लगे कांचों को तोड़ा। महिलाओं को उतारने में काफी मशक्कत करना पड़ी। लेकिन सभी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। हमने कार्यक्रम में होटल के बदले बाहर से खाना बुलवाया था। होटल का हाॅल सिर्फ फंक्शन के लिए लिया था।”
– पंकज बिसौरिया (इन्हीं की भांजी श्वेता की सगाई का कार्यक्रम था।)
न शादी हॉल का लाइसेंस और न फायर एनओसी- इस होटल में शादी और सगाई जैसे कार्यक्रमों के लिए जरूरी लाइसेंस लिया गया और न फायर एनओसी ली गई। 6 जनवरी को जारी नोटिफिकेशन के अनुसार बिना लाइसेंस के इस तरह के कार्यक्रम नहीं किए जा सकते। नोटिफिकेशन में लाइसेंस के लिए 31 मार्च तक का समय दिया गया है, लेकिन छूट की अवधि नए शादी हॉल पर भी लागू होना आश्चर्यजनक है।
बंद पड़ी आइस फैक्टरी से अमोनिया रिसी, आंखों में जलन और घुटन की शिकायत
अचारपुरा क्षेत्र के पतलोन गांव में डेढ़ साल से बंद पड़ी एक आइस फैक्टरी में मंगलवार शाम को गैस रिसाव हो गया, जिससे आसपास रहने वालों को आंखों में जलन और घुटन होने लगी। मामले की सूचना जिला प्रशासन और पुलिस के अमले को दी गई, जिसके बाद फैक्टरी का ताला तोड़कर फायर ब्रिगेड और भेल की टेक्निकल टीम की मदद से गैस सिलेंडर में रखी अमोनिया को नष्ट कराया। घटना के बाद एहतियात के तौर पर यहां रहने वाले 7 परिवारों को शिफ्ट कर दिया गया ।

