Site icon अग्नि आलोक

पहले उज्जैन और अब बैतूल, कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया?

Share

पिछले कुछ समय से मध्य प्रदेश में खूब हिंसा हो रही है और पुलिस प्रशासन भी समय रहते इनकी काट नहीं ढूंढ पाया है. पहले उज्जैन के तराना में हिंसा हुई और इसकी लपटें कुछ शांत ही हुई थी कि अब बैतूल जिले से करीब 110 किलोमीटर दूर दामजीपुरा गांव में जमकर बवाल हुआ, जिसने सभी का ध्यान अपनी तरफ खींचा है.

पशु से दुष्कर्म का वीडियो हुआ था वायरल
मध्य प्रदेश के बैतूल से पशु से दुष्कर्म का एक वीडियो सामने आया था, जिसके वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. जैसे ही आरोपी को गिरफ्तार किया गया. उसके बाद भीड़ पुलिस चौकी में घुस गई, जहां माहौल बिगड़ गया और आरोपी को पीटा भी गया.

पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों को बताया हिंसा की वजह
इसके बाद भीड़ ने उग्र रूप धारण कर लिया और भीड़ ने एक खास वर्ग के लोगों के घरों पर पथराव किया. दुकानों को तोड़ा गया और उनमें आग लगाई गई. दामजीपुर गांव में जो भी हुआ. उसने सभी को हैरान कर दिया. ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस बल समय से नहीं पहुंच पाया. इसी वजह से कई दुकानें और वाहन आग के हवाले हो गए. पुलिस की तरफ से बताया गया है कि सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों की वजह से हिंसा हुई है. जबकि आरोपी को सुबह ही हिरासत में ले लिया गया था.

सोहेल ठाकुर पर हुआ था हमला
कुछ समय पहले ही उज्जैन के तराना में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के नगर मंत्री सोहेल ठाकुर मंदिर के सामने खड़े थे. इसी दौरान ईशान मिर्जा और उसके साथियों ने वहां पहुंचकर उनसे कुछ सवाल जवाब किए. इसी बात पर विवाद बढ़ गया और कुछ युवकों ने पीछे से हमला कर दिया. इसके बाद सोहेल को तराना अस्पताल ले जाया गया. फिर उन्हें उज्जैन रेफर कर दिया गया था.

आक्रोशित लोगों ने मचाया बवाल
इसके बाद जैसे ही सोहेल ठाकुर से मारपीट की खबर फैली, वैसी ही आक्रोशित लोगों और उपद्रवियों ने शहर में उत्पात मचाना शुरू कर दिया. कई बसों को तोड़ दिया गया. वही दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया था. मामला इतना बिगड़ गया कि हालात को संभालने के लिए उज्जैन से भारी पुलिस बुलाना पड़ा और तराना को एक छावनी में तब्दील कर दिया गया. फिर पुलिस ने लाठीचार्ज करते हुए उपद्रवियों को खदेड़ दिया था.

Exit mobile version