शाजापुर । प्लॉट दिखाने के बहाने युवक का अपहरण कर फिरौती मांगने वाले पांच बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी अभी फरार है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 जून को फरियादी सतीष पिता रामेश्वर पाटीदार ने कोतवाली थाने पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई देवनारायण को 29 जून 2021 को लक्ष्मीनारायण निवासी गुंदड़लिया थाना लालघाटी एवं अंतरसिंह भिलाला निवासी कतवारिया माकड़ोन उज्जैन प्लॉट दिखाने के बहाने बाइक पर बैठाकर ले गए हैं और बाद में फोन कर ढाई लाख रुपए की फिरौती की मांग कर रहे हैं।
इस दौरान आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसने अपहर्त देवनारायण को इन्दौर में उसके जीजा धर्मेन्द्र के यहां छुपा कर रखा है। आरोपी की निशानदेही पर मय फोर्स पुलिस पंचवटी कॉलोनी मांगलियां इन्दौर पहुंची और अपहर्त देवनारायण को आरोपी शिवाल सालवे, वरूण जाट के कब्जे से बरामद किया। इस दौरान आरोपी धर्मेन्द्र जाट मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। अपहर्त देवनारायण ने पुलिस को बताया कि अपहरण के कुछ दिन पूर्व उसके दोस्त श्याम भिलाला ने लक्ष्मीनारायण उर्फ पंडा से उसे मिलवाया था और बातचीत के दौरान श्याम भिलाला द्वारा लक्ष्मीनारायण उर्फ पंडा को बता दिया था कि देवनारायण ने अभी 15 लाख रुपए के लहसुन-प्याज का व्यापार किया है। तब से लक्ष्मीनारायण उर्फ पंडा लगातार बातचीत करता रहता था और दिनांक 29 तारीख को प्लॉट दिखाने के बहाने इन्दौर लेकर गया जहां टूटे मकान में कुर्सी पर रस्सी से बांधकर रखा गया और मारपीट की। साथ ही ढाई लाख रुपए की फिरौती मांगी। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में पुलिस ने थाना कोतवाली पर अपराध क्रमांक 291/2021 धारा 363, 34 भादवि ईजाफा 364ए, 365 भादवि का कायम कर विवेचना में लिया और पुलिस फरियादी सतीष पाटीदार एवं साक्षी राहुल खत्री के साथ बायपास पहुंची तथा फिरौती के रुपए लेने के लिए आने वाले आरोपी प्रेमसिंह राजपूत को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अन्य आरोपियों को पकडऩे के लिए पुलिस ने प्रेमसिंह को मोहरा बनाया जिस पर प्रेमसिंह ने पुलिस के कहने पर अन्य आरोपी लक्ष्मीनारायण उर्फ पण्डा को फोन पर फिरौती के रुपए प्राप्त होने का बताकर बुलाया। कुछ देर बाद फिरौती के रुपए लेने के लिए आरोपी लक्ष्मीनारायण उर्फ पंडा अपने अन्य दो साथियों के साथ प्रेमसिंह के पास आया जिन्हे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

