Site icon अग्नि आलोक

75 साल में दूसरी बार रंगपंचमी पर रंग बरसाते नहीं निकली गेर

Share

इंदौर

रंगों के त्योहार रंगपंचमी पर निकलने वाली गेर को प्रशासन ने निरस्त कर दिया है। 75 साल से निकाली जा रही परंपरा में दूसरा मौका है, जब गेर नहीं निकली। जिला प्रशासन ने यह साफ कर दिया है कि रंगपंचमी पर बेवजह घूमने वालों की खैर नहीं होगी। रंगपंचमी पर हर साल सैकड़ों लोग राजबाड़ा पहुंच गए थे, लेकिन इस बार पुलिस ने चारों तरफ बेरिकेड्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया। सिर्फ यहां से इमरजेंसी काम के लिए निकलने वाले लोगों और वैक्सीनेशन के लिए जाने वालों को ही इजाजत रहेगी। अफसरों का कहना है कि त्योहार घर पर मनाएं ताकि देश और शहर भी सुरक्षित रहे। शहर में शुक्रवार को सड़कों पर हुड़दंग रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

डीआईजी मनीष कपूरिया के अनुसार रंगपंचमी पर लोगों को घरों में ही त्योहार मनाने की अपील की जा रही है। लोगों को कहा जा रहा है कि वे त्योहार पर हुड़दंग ना करें, घरों में रहें। अभी हालात बहुत खराब हैं। इसलिए वे किसी भी सार्वजनिक स्थान पर जाने से बचें। इसके बाद भी कोई नहीं मानता है तो उसे सबक सिखाने के लिए पुलिस मैदान में खड़ी रहेगी।

आने जाने वाले मार्ग सूनसान

रंगपंचमी पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस के साथ नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, आबकारी, वन विभाग के अलावा नगर सुरक्षा समिति, एसएएफ औऱ ट्रैफिक पुलिस के अलावा और भी विभागों का अमला खड़ा रहेगा। हुड़दंगियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा जाएगा। पिछली बार की तरह इस बार राजबाड़ा पर भीड़ ना पहुंचे इसके लिए चारों तरफ नजर रखी जाएगी। छतों पर भी पुलिस तैनात रहेगी।

इंदौर में रंगपंचमी पर यहां सख्ती और इन्हें रहेगी छूट

इंदौर में अब 3 दिन वैक्सीनेशन महोत्सव- शहर में 3 दिनों का वैक्सीनेशन महोत्सव शुरू हो गया है। इसे लेकर कलेक्टर मनीष सिंह ने सभी निजी अस्पतालों के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। रंगपंचमी पर भी सभी अस्पतालों में वैक्सीन लगाई जाएगी, किसी को रोका नहीं जाएगा। वहीं, सभी निजी अस्पताल कॉलोनी/ क्षेत्रों/ टाऊनशिप में कैंप के माध्यम से वैक्सीनेशन को गति दें। कलेक्टर ने बताया कि हमारे पास वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। लिस्ट के अनुसार नागरिक स्वेच्छा से अपने नजदीकी अस्पताल में जाकर टीकाकरण करा सकते हैं।

Exit mobile version