गुना जिले की चांचौड़ा विधानसभा सीट से प्रत्याशी तय होने के बाद BJP में बगावत बढ़ गई है। टिकट नहीं मिलने से नाराज पूर्व विधायक ममता मीणा ने सोमवार को बीनागंज में कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई। इसके बाद रैली भी की। उन्होंने कहा, ‘पैराशूट से आया प्रत्याशी नहीं चलेगा। भाजपा एक बार फिर विचार करे।’
उन्होंने कहा, ‘किसी भी कार्यकर्ता को टिकट दे दें, उसके लिए जी जान से काम करेंगे।’ पार्टी नेतृत्व पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘बिना कार्यकर्ताओं से पूछे और बिना रायशुमारी के टिकट दिया गया है। यह भाजपा की कार्यशैली कभी नहीं रही।’
स्पीच के दौरान उनका गला भर आया। बोलीं, ‘मेरे साथ अन्याय हुआ है। जिस तरह द्रौपदी की मुसीबत के समय भगवान कृष्ण उनकी रक्षा के लिए आए थे, उसी तरह आप सब कार्यकर्ताओं को मेरी रक्षा करनी है।’ गुना जिले की चाचौड़ा सीट से प्रियंका मीणा का नाम BJP ने घोषित किया है।
बीनागंज में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद ममता मीणा ने रैली निकालकर ताकत दिखाई।
प्रधानमंत्री बोले- MP सरकार बधाई की पात्र, 3 साल में 50 हजार शिक्षकों की भर्ती की
मध्यप्रदेश रोजगार मेले को वर्चुअल संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा, ‘मैं मध्यप्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में नियुक्त होने वाले 5.5 हजार से ज्यादा शिक्षकों को बधाई देता हूं। मुझे बताया गया कि पिछले 3 साल में MP में 50 हजार शिक्षकों की भर्ती हुई है। इसके लिए राज्य सरकार बधाई की पात्र है।’
PM ने कहा, ‘मातृभाषा में पढ़ाई को लेकर बहुत बड़ा काम हुआ है। अंग्रेजी न जानने वाले छात्रों को उनकी मातृभाषा में पढ़ाई न कराकर, एक तरह से उनके साथ अन्याय किया गया था। यह सामाजिक न्याय के विरुद्ध था। हमारी सरकार ने इस अन्याय को दूर कर दिया है। अब सिलेबस में क्षेत्रीय भाषाओं की पुस्तकों पर बल दिया गया है। देश की शिक्षा व्यवस्था में यह बहुत बड़े बदलाव का आधार बनेगा।’

