Site icon अग्नि आलोक

पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन अचानक फिर से सक्रिय, कमलनाथ ने उमेश शर्मा के निधन पर जताया दुख

Share

पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन लंबे समय बाद इंदौर की राजनीति में एक बार फिर सक्रिय नजर आ रही हैं। इसे लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को उन्होंने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत गोपाल मंदिर का निरीक्षण किया। इस मौके पर मीडिया से बातचीत में ताई कभी सहज रही तो कभी चुटकियां ली। राजनीति में फ्री की रेवडी और राजबाडा क्षेत्र के ही एक स्थान पर प्री-वेडिंग फोटो शूट के सवाल पर उन्होंने तीखे तेवर दिखाए। ताई ने कहा कि मैं राजनीति पर अलग से इंटरव्यू दे दूंगी। अब तो और खुलकर दे सकती हूं। ‌साथ ही सवाल किया कि क्या आप पचा सकते हो?

ताई ने कहा, मैं अभी गोपाल मंदिर के दौरे पर हूं। मैं अभी इसलिए नहीं बोल रही हूं, क्योंकि मैंने जिन्हें बुलाया है वो सोचना बंद कर देंगे कि अगर ताई ऐसा कुछ सोच रही है, तो हम ऐसा कुछ सोचेंगे नहीं। प्री-वेडिंग फोटो शूट के सवाल पर ताई ने कहा कि यह 21वीं सदी है। मैं थोड़ा पिछड़ गई हूं। यह अच्छा है या बुरा? मैं अभी चुप हूं क्योंकि मैं कुछ बोलूंगी तो उसका असर होगा कि यह ताई को पसंद नहीं है। सभी को अपने तरीके से सोचने दो? तुम भी सुझाव दे सकते हो।

राज पथ नहीं, कर्त्तव्य पथ है यह

ताई ने कहा कि राजनीति चुनाव से ज्यादा जुड़ी रहती है। कई सारे डिसीजन आपको पसंद नहीं होते। लेकिन चुनाव को देखकर लेना पड़ते हैं, तो जनता की भी वही आदत हो गई है। अब एक ही उदाहरण से बताऊ कि हमारी यह भावना होती चली गई थी कि ये चुनाव जीत गए, मैं सांसद बन गई, सांसद बनकर दिल्ली गई, मैं बहुत बड़ी हो गई, यह मेरी भावना थी या हो सकती है। मैं दिल्ली गई, मंत्री बनी तो राज करने का जैसे मेरे पास अधिकार आया। अब जो मिला है वह यह कि यह राज पथ नहीं है, राज करने का पथ नहीं है, यह कर्त्तव्य पथ है, मैं चुनाव जीती हूं, मैं सांसद बनी हूं, मैं लोगों के हित में काम करने के लिए बनी हूं, यह दृष्टिकोण आना चाहिए।

लोग कहेंगे ताई ने राजनीति में न खुद कमाया और न ही हमें कमाने दिया

ताई ने कहा कि अब जो अच्छा है वह प्रधानमंत्री लेवल से आ रहा है। ताई कुछ भी बोलेगी तो लगेगा कि ताई ने राजनीति में न खुद कमाया और न ही हमें कमाने दिया, इसलिए मैं ज्यादा नहीं बोलती। अभी तो हम सामाजिक बात करते हैं। यह प्रोजेक्ट (गोपाल मंदिर का) रिस्टोरिंग है। इसका अनुकूल प्रयोग हो, चलना चाहिए। उसे किसलिए राजनीति से जोड़ते हो, उन्हें (?) फ्री बांटना है तो बांटे हम नहीं बांटेंगे, ये सामाजिक रूप से भावना जब हम बनाएंगे तो राजनीति में भी उसका असर होगा। समाज प्री (प्री वेडिंग कल्चर) में नहीं जाता, वह अच्छी चीज चाहता है। यह सामाजिक काम करने वाले ही इसमें बदलाव ला सकते हैं। मैं इनसे जुड़ रही हूं। मैं राजनीति में थी तब इनसे नहीं जुड़ी थी, अब जुड़ रही हूं।

ताई का रुख पश्चिम इंदौर की तरफ

ताई ने प्री-वेडिंग कल्चर को लेकर कहा कि बच्चों (अपने से छोटों को) के सामने एकदम नहीं बोल सकती। घर में भी कोई डिस्कशन होता है या क्या सुधार करना है, तो मैं इसमें नहीं बोलती। अब मेरे घर में ही मेरे पोते का रूम बनाना है। जब वह छोटा था तो कमरा बनाया था। अब वह कहता है कि अच्छा रूम चाहिए। यह उसकी कल्पना है और हमने जो उसको बनाकर दिया था, उसमें फर्क है। ताई का आशय था कि अगर गोपाल मंदिर की बात करूं तो वो इंदौर के पश्चिम इलाके में है और मेरा मानना है कि इस इलाके के स्वभाव और लोगों की आस्था को ध्यान में रखकर ही कोई फैसला लेना चाहिए। मेरा पूरा फोकस अभी पश्चिम पर ही है।

क्या मां बेटे को श्रद्धांजलि दे सकती है?

भाजपा प्रवक्ता स्व. उमेश शर्मा के निधन को लेकर भाजपा के रवैये पर उठ रहे सवाल को लेकर कहा कि क्या मां बेटे को श्रद्धांजलि दे सकती है? वह अच्छा बेटा था, ऊर्जावान था, होशियार था। यहां तक होशियार था कि कई बार मुझे कुछ याद नहीं आया तो मैं उसे फोन करती थी कि उमेश ऐसा कुछ हुआ क्या, मुझे कुछ याद आ रहा है, कब हुआ था? वह कहता था ताई आता हूं, बताता हूं, वह पूरा बता देता था। उसकी याददाश्त बहुत अच्छी थी और पढ़ता भी बहुत था। वह अच्छा प्रवक्ता था। तुम लोग अपना हृदय बहुत कमजोर समझते हो। विपत्तियां क्या हम लोगों पर नहीं आई क्या? मुझे मालूम नहीं था कि उसको कुछ ऐसी बीमारी थी? अचानक हृदयघात चिंताजनक है, यह समझना होगा। हमने अच्छा व्यक्ति, प्रवक्ता, वक्ता खोया है।

गोपाल मंदिर का दौरा करती पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन।

इंदौर में पिछले 24 घंटे में डेढ़ इंच बारिश

इंदौर में सोमवार शाम से बारिश का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। पिछले 24 घंटे में शहर में डेढ़ इंच बारिश दर्ज की गई है। इस सीजन में बारिश का आंकड़ा 43 इंच तक पहुंच चुका है। शहर में बारिश का औसत 36.5 इंच रहता है।

जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक में शामिल हुए सांसद और महापौर

मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति ( दिशा) जिला इंदौर की बैठक जारी है। इसमें महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, निगम आयुक्त प्रतिभा पाल मौजूद हैं। बैठक में जिले में चयनित प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, जिले के सभी शहरी और ग्रामीण तालाब की समीक्षा, शहरी एवं राष्ट्रीय राजमार्ग की समीक्षा और मिड डे मिल /आयुष्मान भारत योजना विषय पर चर्चा की जा रही है।

कलेक्टर कार्यालय के सभागार में बैठक।

पार्श्व गायक शैलेंद्र व आनंद-मिलिंद को मिलेगा लता अलंकरण सम्मान

इंदौर में राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान अलंकरण समारोह का गरिमापूर्ण आयोजन 27 सितम्बर को रविन्द्र नाट्य गृह में किया जाएगा। स्वर कोकिला लता मंगेशकर के अवसान के पश्चात यह आयोजन पहली बार हो रहा है। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा तीन वर्ष के अंतराल के बाद लता मंगेशकर के जन्म दिवस 28 सितंबर को बहु प्रतीक्षित लता अलंकरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। समारोह के दौरान वर्ष 2019 का लता अलंकरण पार्श्व गायक शैलेंद्र और वर्ष 2020 का सम्मान संगीतकार जोड़ी आनंद-मिलिंद को दिया जाएगा।

कैट रोड पर नाबालिग को टैंकर ने कुचला, मौत

द्वारकापुरी के कैट रोड पर मंगलवार दोपहर 17 साल के नाबालिग को नगर निगम के टैंकर ने कुचल दिया। अस्पताल ले जाते समय नाबालिग की मौत हो गई। पुलिस ने टैंकर जब्त कर जांच शुरू की है। टैंकर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। 

मृतक ओमप्रकाश।

​​​​​​​

आशा डायरी घोटाले की जांच करने स्वास्थ्य विभाग के ऑफिस पहुंची जिला प्रशासन की टीम

आशा डायरी सप्लाई घोटाले में मंगलवार को जिला प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। जिला प्रशासन की टीम दोपहर में स्वास्थ्य विभाग के ऑफिस में पहुंची है। यहां पिछले दो वर्षों के खरीदी रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। अपर कलेक्टर डॉ अभय बेडेकर के साथ सहकारिता और कोषालय के जिला अधिकारी भी जांच टीम में शामिल हैं। बिना आर्डर के आशा डायरी सप्लाई करने का मामला सामने आने के बाद सोमवार को कलेक्टर ने मामले में स्टोर कीपर व फार्मासिस्ट को निलंबित कर दिया था। इस मामले में स्वास्थ्य माफिया गुलजार की संलिप्तता की भी जांच होगी।

लोकायुक्त ने एमपीईबी के कनिष्ठ यंत्री और ड्राइवर को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

लोकायुक्त पुलिस ने सुजान खान की शिकायत पर एमपीईबी ​​​​​​ के कनिष्ठ यंत्री गया प्रसाद वर्मा और गाड़ी चालक ग्यासुद्दीन को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।आरोपियों ने बिजली बिल कम कराने को लेकर रिश्वत मांगी थी। रिश्वत की पहली किश्त लेते ही लोकायुक्त टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

ड्राइवर ग्यासुद्दीन और कनिष्ठ यंत्री गया प्रसाद वर्मा।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने स्व. विष्णु शुक्ला को अर्पित की श्रद्धांजलि

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ मंगलवार सुबह इंदौर आए। वे बाणगंगा स्थित विधायक संजय शुक्ला के घर पहुंचे और उनके पिता स्व. विष्णु शुक्ला को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही उनके परिवार को ढांढस बंधाया। वे यहां करीब 20 मिनिट रुके।

स्व. उमेश शर्मा के निधन पर जताया दुख, शिवराजसिंह पर साधा निशाना

उमेश शर्मा जी जो केवल बीजेपी के केवल प्रवक्ता ही नहीं बल्कि बीजेपी के नेता थे। उनकी निष्ठा और उनकी प्रशंसा करते हुए मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। अलग विचारधारा हो सकती है, पर हम सब समाज के सदस्य है। मुझे दुख है शिवराज सिंह जी कार्यक्रम में लगे रहे स्थगित नहीं किया। वहां तालियां बजती रही उनके मन में, उनके दिल में, उनके दिमाग में एक ऐसा निष्ठावान व्यक्ति जिसने अपना जीवन समर्पित किया अपनी पार्टी को उनके बारे में नहीं सोचा। इसकी मैं सख्त निंदा करता हूं।

यह बात मंगलवार को पूर्व सीएम कमलनाथ ने इंदौर में कहीं। दरअसल, वे कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला के घर उनके पिता व भाजपा नेता स्व. विष्णु प्रसाद शुक्ला को श्रद्धांजलि अर्पित करने और शोक संवेदना व्यक्त करने आए थे। उन्होंने स्व. शुक्ला के फोटो को नमन किया। साथ ही परिवारजनों को ढांढस भी बंधाया। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह भी मौजूद थे।

विधायक के घर पूर्व सीएम कमलनाथ

भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
मीडिया से चर्चा में पूर्व सीएम कमलनाथ ने भाजपा पर निशाना साधा। वे बोले आज भाजपा भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार की एक व्यवस्था बनी हुई है। पंचायत से लेकर मंत्रालय तक इतना भारी कर्जा लिया जा रहा है। ये कर्जा लिया जा रहा है, क्योंकि बड़े-बड़े ठेके दिए जाए। ठेके के एडवांस से इनकी कमीशन बन जाती है। योजना बने या न बने। पांच साल में बने, दस साल में बने उसकी कोई चिंता नहीं है। मैं मानता, अगर ये कर्जा शासकीय कर्मचारियों के लिए होता, नौजवानों के लिए होता, किसानों के लिए होता। दो हजार रुपए का कर्जा ठेके देने के लिए लिया है।

पूर्व सीएम की अगवानी करने कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता भी पहुंचे

ओल्ड पलासिया में निगम अमले ने तोड़े अतिक्रमण, रेसिडेंशियल प्लॉट पर बनी थी कमर्शियल बिल्डिंग

नगर निगम के रिमूव्हल अमले ने मंगलवार सुबह ओल्ड पलासिया इलाके में बड़ी कार्रवाई शुरू की। निगम टीम ने 22- 23 ओल्ड पलासिया पर निर्मित बिल्डिंग के अवैध निर्माण को सुबह आठ बजे से तोड़ना शुरू किया है। बताया जा रहा है कि बाहेती बंगले के रेसिडेंशियल प्लॉट का कमर्शियल उपयोग करने के लिए बिना अनुमति के बिल्डिंग बना ली गई थी। पिछले दिनों नगर निगम ने इसे लेकर नोटिस जारी किया था। लेकिन बिल्डर नीलू पंजवानी ने निर्माण कार्य जारी रखा। यहां पर दो बड़ी कंपनियों के शोरूम भी खुलना थे। जिनकी तैयारी हो गई थी।

निगम अमले की कार्रवाई।

Exit mobile version