Site icon अग्नि आलोक

भोपाल के पास रातीबड़-सीहोर हाइवे पर पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, चार लोगों की मौत

Share

भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से लगभग 20 किलोमीटर दूर रातीबढ़ थाना क्षेत्र में रातीबढ़-सीहोर मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. इस दुर्घटना में कार में सवार चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

रातीबढ़ थाने के प्रभारी निरीक्षक सुदेश तिवारी ने बताया कि हादसा बुधवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे हुआ जब रातीबढ़ के पास बरखेड़ी खुर्द गांव के रहने वाले लोग कार से सीहोर जा रहे थे. बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी जिससे उसका ड्राइवर नियंत्रण नहीं रख सका और कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई.

इस हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान खुशीलाल कुशवाहा (55), जगदीश कुशवाहा (30), तुलसी लाल कुशवाहा (34) और विनोद वंशकार (30) के रूप में हुई है.

पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है.

ग्वालियर में हुई सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत

वहीं, बुधवार सुबह ग्वालियर में भी इस तरह हुई एक दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच की मौत हो गई. जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

यह दुर्घटना ग्वालियर के पास जौरासी घाटी में हुई. मिली जानकारी के मुताबिक ग्वालियर के पास नयागांव में रहने वाले गोविंद दास साहू और उनका पडोसी लाखन सिंह मालवाहक वाहन से शिवपुरी जिले के नरवर से ग्वालियर आ रहे थे. इन दोनों के साथ उनके परिवार के लोग भी थे और वाहन में गेहूं की बोरियां भरी हुई थीं. उन्होंने बताया कि सुबह लगभग सात बजे जौरासी घाटी मोड़ पर अचानक मालवाहक वाहन पलट गया. इस हादसे में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि बुरी तरह से घायल एक व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.

Exit mobile version