केंद्र सरकार ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए सिक्किम के नाथु ला और उत्तराखंड के लिपुलेख ला (गुंजी) को अस्थायी इमिग्रेशन चेकपोस्ट के रूप में नामित किया है। गृह मंत्रालय ने सोमवार को अधिसूचना जारी कर बताया कि पूर्वी सिक्किम के नाथु ला और पिथौरागढ़ जिले के लिपुलेख ला को यात्रियों के लिए भारत में प्रवेश और निकास के लिए वैध यात्रा दस्तावेजों के साथ अस्थायी चेकपोस्ट बनाया गया है। विदेश मंत्रालय हर साल जून से सितंबर के बीच लिपुलेख दर्रा और नाथु ला दर्रा मार्गों से इस यात्रा का आयोजन करता है।
कोविड-19 महामारी के कारण 2020 में यात्रा स्थगित कर दी गई थी और बाद में भारत-चीन सैन्य गतिरोध के चलते यह रुकी रही। इस साल यह यात्रा महामारी के बाद पहली बार आयोजित होगी। कैलाश मानसरोवर यात्रा का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है, जो हिंदुओं के लिए भगवान शिव का निवास, साथ ही जैन और बौद्ध समुदायों के लिए भी पवित्र स्थल है। यह यात्रा वैध भारतीय पासपोर्ट धारक नागरिकों के लिए खुली है, जो धार्मिक उद्देश्यों से यात्रा करना चाहते हैं। हर साल सैकड़ों लोग इस यात्रा में शामिल होते हैं।
गृह मंत्री अमित शाह से मिले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। शाह के कार्यालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में मुलाकात की जानकारी दी। वहीं आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पोस्ट में इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया और उन्हें वक्त देने के लिए गृहमंत्री शाह का आभार जताया।
सीबीआई ने घूसखोरी में यूपी सीजीएसटी के अधीक्षक समेत दो को गिरफ्तार किया
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने उत्तर प्रदेश में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के अधीक्षक समेत दो लोगों को एक निजी कंपनी पर लगा जुर्माना माफ करने के लिए कथित तौर पर एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि सीबीआई ने जिस दूसरे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है वह एक वकील है जो मामले में शिकायतकर्ता का प्रतिनिधित्व कर रहा था। अधिकारियों ने बताया कि सीजीएसटी अधीक्षक निशान सिंह मल्ली ने कथित तौर पर एक निजी कंपनी को संचालित करने वाले व्यवसायी को जीएसटी रिटर्न दाखिल न करने के कारण जुर्माना नोटिस जारी किया था।
सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा कि अमरोहा के अतिरिक्त प्रभार के साथ गजरौला में तैनात मल्ली ने टैक्स वकील अमित खंडेलवाल के साथ मिलीभगत कर व्यवसायी से उसकी कंपनी पर जुर्माना माफ करने के लिए 4 लाख रुपये की मांग की। व्यवसायी का प्रतिनिधित्व करने वाले खंडेलवाल मल्ली से मिलीभगत कर शिकायतकर्ता घूस देने के लिए दबाव बना रहा था। व्यवसायी ने सीबीआई से इसकी शिकायत की, जिसके बाद एजेंसी ने जाल बिछाकर दोनों को एक लाख रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
असम के धुबरी शहर में सांप्रदायिक तनाव के बाद निषेधाज्ञा लागू
असम के धुबरी शहर में सांप्रदायिक तनाव के बाद सोमवार को निषेधाज्ञा लागू कर दी गई। यहां मंदिर के पास कथित तौर पर मांस फेंके जाने के विरोध में उग्र प्रदर्शन हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को एक मंदिर के पास संदिग्ध गाय का सिर मिला था। फिर इसका विरोध करते हुए भीड़ ने धुबरी मजिस्ट्रेट कॉलोनी और न्यू मार्केट के पास सब्जी विक्रेताओं और ई-रिक्शा चालकों पर हमला किया।
बाद में यह प्रदर्शन भड़क गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। विरोध प्रदर्शन के चलते जिला मजिस्ट्रेट दिवाकर नाथ ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए निषेधाज्ञा लागू कर दी। उन्होंने आदेश देते हुए कहा कि प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू होंगे और अगले आदेश तक लागू रहेंगे। उन्होंने धुबरी नगर क्षेत्र में सभी दुकानें और बाजार बंद रखने का आदेश दिया तथा किसी भी सार्वजनिक स्थान पर पांच या अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया। उनके द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि किसी भी प्रकार की रैली, जुलूस, बैठक या प्रदर्शन आयोजित करने पर भी सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि इस दौरान आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही को प्रतिबंधों के दायरे से छूट दी गई है।
बंगलूरू : सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने विवाहित प्रेमिका को चाकू से गोदकर मार डाला
बंगलूरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी प्रेमिका की चाकुओं से बुरी तरह गोदकर हत्या कर दी। महिला हरिणी (33) विवाहित थी और उसकी दो बेटियां हैं। पुलिस के मुताबिक, हरिणी ने आरोपी यशस (25) से संबंध रखने से इन्कार कर दिया था, जिससे वह बौखला गया। यशस ने उसे आखिरी बार मिलने के लिए होटल बुलाया था, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया। वह शव को कमरे में छोड़कर चला गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। दोनाें एक साल पहले मिले थे। पति को प्रेम संबंधों की जानकारी होने के बाद हरिणी ने यशस से नाता तोड़ लिया था।
जम्मू-कश्मीर से लेकर मध्य प्रदेश तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के आठ राज्य भीषण लू की चपेट में हैं। आसमान से बरसती आग में दिल्ली-एनसीआर समेत पूरा उत्तर भारत उबल रहा है। दिन में प्रचंड धूप के बाद रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। उमस ने तपिश की चुभन और बढ़ा दी है। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, लेकिन तपिश 51-52 डिग्री जैसी महसूस की गई। मौसम विभाग ने 12 जून तक के लिए भीषण गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान उमस के साथ पारा 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है। राजस्थान के कई हिस्सों में पहले ही तापमान 45 डिग्री को पार कर चुका है।
जम्मू से मध्य प्रदेश तक आठ राज्यों के कई हिस्से लू की चपेट में
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के मैदानी इलाकों, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर 12 जून तक, राजस्थान के कई स्थानों, पंजाब में और चंडीगढ़ में 13 जून तक लू चलने की संभावना है। हालत यह है कि सुबह की शुरुआत ही करीब 30 डिग्री तापमान से हो रही है। दिल्ली में सोमवार सुबह तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि दोपहर होते-होते यह बढ़कर 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हीट इंडेक्स 51 से 52 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, इसलिए ज्यादा गर्मी महसूस की गई। अगले चार दिन तक सतही हवाएं भी चलने की संभावना है। धूल भरी आंधी के चलते वायु गुणवत्ता सूचकांक भी 219 पर पहुंच गया है, जो खराब श्रेणी में आता है।
पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान में रात में भी राहत नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, 10 और 11 जून को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में रात के समय भी भीषण गर्मी महसूस की जाएगी। पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में भीषण गर्मी के साथ ही उमस महसूस की जाएगी। बिहार, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस रहेगी, जबकि तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी मौसम गर्म और उमस वाला बना रहेगा।
रविवार को भीषण गर्मी में चेहरे को कपड़े से ढक्कर गुजरतीं युवतियां।
सिक्किम : सैन्यकर्मी का शव मिला, 5 की तलाश
उत्तरी सिक्किम के मंगन जिले के चातेन में 1 जून को सैन्य शिविर पर हुए भूस्खलन के बाद से लापता छह में से एक व्यक्ति का शव मिल गया है। इसकी पहचान सैन्यकर्मी सैनुद्दीन पीके के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लापता पांच लोगों की तलाश की जा रही है। भूस्खलन में तीन सैन्यसकर्मियों की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि चार लोग घायल हुए थे।
कई जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी और एनसीआर के लगभग 16 जिलों के लिए लू का यलो अलर्ट जारी किया है। जबकि, बुंदेलखंड और आगरा मंडल के 11 जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को प्रदेश के 22 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया।
यह है हीट इंडेक्स
हीट इंडेक्स हवा के तापमान और आर्द्रता को मिलाकर मापता है कि बाहर कितनी गर्मी महसूस होती है। यह एक ऐसा सूचकांक है जो मानव शरीर द्वारा अनुभव किए जाने वाले वास्तविक तापमान का अनुमान लगाता है।
शिंदे गुट में शामिल हुए चंद्रहार पाटिल, नासिक रोड स्टेशन पर यात्री की ट्रेन पकड़ते समय गिरकर मौत
महाराष्ट्र के सांगली लोकसभा सीट से शिवसेना (यूबीटी) के टिकट पर चुनाव लड़ चुके पूर्व पहलवान चंद्रहार पाटिल ने सोमवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होने का ऐलान किया। बता दें कि चंद्रहार पाटिल कांग्रेस के बागी उम्मीदवार विशाल पाटिल से चुनाव हार गए थे।
उन्होंने कहा, “मुझे सांगली में अकेले लड़ना पड़ा, क्योंकि महाविकास आघाड़ी और महायुति दोनों ने मेरा विरोध किया। मुझे सिर्फ 60,000 वोट मिले, लेकिन अगर सही समर्थन मिला तो मैं इन्हें 6 लाख वोटों में बदल सकता हूं। उन्होंने एकनाथ शिंदे की तारीफ करते हुए कहा कि वे खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना
वहीं दूसरी ओर मंच से बोलते हुए डिप्टी सीएम शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर तीखा हमला किया और कहा कि मैंने विरोधियों को ऐसे चित किया है कि वे आज तक उठ नहीं पाए हैं। मैं किसान का बेटा हूं और मेहनत से सीएम बना हूं, लेकिन कुछ लोगों को यह बात पच नहीं रही। सिर्फ बाघ की खाल पहन लेने से भेड़िया बाघ नहीं बन जाता।
हरिद्वार जा रहे व्यापारी की चलती ट्रेन पकड़ते समय गिरकर मौत
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के रहने वाले एक 55 वर्षीय व्यापारी की सोमवार को नासिक रोड स्टेशन पर चलती ट्रेन पकड़ने के दौरान गिरने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक हरेश खेमचंद उदासी अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ हरिद्वार जा रहे थे।
हरेश उदासी (निवासी उल्हासनगर) अपनी पत्नी, बेटे और 18 रिश्तेदारों के साथ कल्याण से सुबह 8:30 बजे हरिद्वार एक्सप्रेस में सवार हुए थे। ट्रेन करीब 11:10 बजे नासिक रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर रुकी, जहां उदासी पानी की बोतल लेने के लिए नीचे उतरे।
थोड़ी देर बाद ट्रेन चलने लगी और उदासी उसे पकड़ने की कोशिश में असंतुलित होकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर पड़े। उनके सिर, हाथ और सीने में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत नासिक जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जान नहीं बच सकी।लवे पुलिस ने हादसे का मामला दर्ज कर लिया है। यह हादसा उसी दिन हुआ जब मुम्ब्रा के पास दो ट्रेनें क्रॉस करते वक्त चार यात्रियों की गिरकर मौत हो गई और नौ घायल हो गए।
पुणे में महिला ने दूसरी मंजिल से कूदकर की आत्महत्या
पुणे के वाघोली इलाके में एक 20 वर्षीय महिला ने अपने घर की दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने महिला के पति, सास, ससुर और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
मामले में पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्वाति ने मार्च 2024 में सूरज पाठक से शादी की थी, लेकिन उसे दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। उत्पीड़न से तंग आकर स्वाति ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सूरज पाठक को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है
मुंबई एयरपोर्ट पर थाईलैंड से दुर्लभ जीवों की तस्करी करते व्यक्ति गिरफ्तार
मुंबई एयरपोर्ट पर सोमवार को एक व्यक्ति को थाईलैंड से दुर्लभ और संरक्षित वन्य जीवों की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया। कस्टम विभाग को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। जैसे ही आरोपी बैंकॉक से फ्लाइट से मुंबई पहुंचा, कस्टम अधिकारियों ने उसके बैग की जांच की। जांच में 80 इगुआना (जिनमें से 30 मरे हुए थे), 6 ल्यूसिस्टिक शुगर ग्लाइडर, 2 क्रेस्टेड फिंचबिल, एक-एक मृत फायर-टेल सनबर्ड और पर्पल थ्रोटेड सनबर्ड, 1 हनी बियर, 2 ब्राजीलियन चेरी हेड कछुए और दो अलग-अलग प्रजातियों की टारेंटुला मकड़ियां बरामद हुईं।
‘चक दे इंडिया’ में जब शाहरुख ने ली थी सलमान की जगह
फिल्म ‘चक दे इंडिया’ शाहरुख खान के करियर की सबसे अच्छी फिल्मों में से एक है। फिल्म ने सिर्फ दर्शकों को ही नहीं रिझाया था बल्कि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की थी। पहले ही दिन फिल्म ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। हालांकि कई लोगों को यह नहीं मालूम है कि इस फिल्म के लिए शाहरुख खान पहली पसंद नहीं थे। फिल्म में हॉकी कोच का किरदार सलमान खान को मिलने वाला था। तो आइए जानते हैं कि ऐसा क्या हुआ कि ये फिल्म शहरुख को मिली।

मोटी फीस चाहते थे सलमान खान
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि सलमान खान ने चक दे इंडिया के लिए एक मोटी रकम मांगी थी। यही वजह है कि आदित्य चोपड़ा ने उनके साथ ‘एक था टाइगर’ बनाने तक काम नहीं किया, हालांकि सलमान ने अपनी शर्तों पर इस फिल्म में काम किया। सलमान खान ने ‘सुल्तान’ फिल्म के प्रमोशन के दौरान बताया था कि उन्होंने ‘चक दे इंडिया’ में काम कियों नहीं किया था?
सलमान की छवि कोच की भूमिका निभाने वाली नहीं थी
सलमन खान ने मजाक में कहा था ‘मैंने ये फिल्म इसलिए छोड़ दी थी ताकि शाहरुख खान को भी कुछ अच्छी फिल्में मिल जाएं।’ इसके बाद सलमान खान ने कहा कि उस वक्त उनकी छवि कबीर खान जैसे कोच की भूमिका निभाने वाली नहीं थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने प्रशंसकों के बीच उनसे नायक जैसी उम्मीदें होने के कारण फिल्म छोड़ दी।
दर्शक सलमान से कर रहे थे उम्मीदें
सलमान खान ने बताया ‘जब मुझे चक दे इंडिया मिली, उस वक्त मेरी छवि एकदम दूसरी थी, मैं पार्टनर और इसी तरह की फिल्में करता था। चक दे इंडिया को छोड़ने की एक मात्र वजह यह थी कि मेरे फैन ने मुझसे उम्मीद करते कि मैं भारत के लिए मैच जीत के लाउं, हालांकि यह फिल्म में था ही नहीं। उस वक्त मेरी उस तरह की शैली नहीं थी।’
सलमान करते हैं व्यवसायिक सिनेमा
सलमान खान ने बताया कि ‘चक दे इंडिया’ गंभीर सिनेमा था। उन्होंने कहा ‘यह अधिक गंभीर किस्म की फिल्म थी और मैं अधिक व्यावसायिक किस्म का सिनेमा कर रहा था जो मैं अभी भी कर रहा हूं। मैं कभी भी व्यावसायिक सिनेमा के दायरे से बाहर नहीं निकलूंगा, लेकिन व्यावसायिक क्षेत्र में बहुत सारी अच्छी फिल्में होंगी।’
‘चक दे इंडिया’ के बारे में
आपको बता दें ‘चक दे इंडिया’ का निर्देशन शिमित अमीन ने किया था। 2007 में रिलीज हुई यह फिल्म ‘ओम शांति ओम’ के बाद साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई।
सिंधु नदी के पानी के लिए गिड़गिड़ा रहा पाकिस्तान
भारत पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि (आईडब्ल्यूटी) पर तब तक कोई बातचीत नहीं करेगा, जब तक नई दिल्ली की आतंकवाद को लेकर जो चिंताएं हैं, उन्हें दूर नहीं किया जाता और यह संधि पूरी तरह से नए सिरे से नहीं बनाई जाती। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान के जल संसाधन सचिव सैयद अली मुर्तजा ने कई बार भारत से संपर्क किया है और भारत से अपील की है कि वह सिंधु जल संधि को स्थगित करने के फैसले पर पुनर्विचार करे। उन्होंने भारत की जल संसाधन सचिव देबाश्री मुखर्जी को कई पत्र लिखे हैं और कहा है कि पाकिस्तान भारत की ओर से उठाई गई आपत्तियों पर चर्चा करने के लिए तैयार है।
हालांकि, भारत ने पाकिस्तान के किसी भी पत्र का जवाब नहीं दिया है। सूत्रों के अनुसार, जब तक आतंकवाद से जुड़ी भारत की चिंताओं का समाधान नहीं होता और संधि को पूरी तरह नया रूप नहीं दिया जाता, तब तक भारत किसी भी स्तर पर पाकिस्तान से बातचीत नहीं करेगा। देबाश्री मुखर्जी ने इस फैसले की जानकारी पाकिस्तान को औपचारिक रूप से दी थी।
भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद 1960 की सिंधु जल संधि को अस्थायी रूप से रोक दिया था। इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी।
विश्व बैंक की मध्यस्थता में बनी यह संधि 1960 से भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु नदी और उसकी सहायक नदियों के जल के बंटवारे और उपयोग को लेकर बनी हुई है। सिंधु नदी प्रणाली में मुख्य नदी सिंधु और उसकी सहायक नदियां शामिल हैं। रावी, ब्यास और सतलुज को ‘पूर्वी नदियां’ कहा जाता है, जबकि सिंधु, झेलम और चिनाब को ‘पश्चिमी नदियां’ माना जाता है।
सिंधु जल संधि को स्थगित करने के बाद भारत अब यह योजना बना रहा है कि वह इस संधि के तहत अपने हिस्से के पानी का अधिकतम उपयोग कैसे कर सकता है। इसके लिए एक अध्ययन किया जाएगा, जिसमें जल संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल, नए ढांचे के विकास और भारत के अधिकारों के पूर्ण उपयोग पर फोकस किया जाएगा।
राजा रघुवंशी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा
इंदौर केराजा रघुवंशी मर्डर केस की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। रिपोर्ट में बेरहमी से मौत देने का जिक्र है। रिपोर्ट में सिर पर दो गहरे घावों का भी जिक्र किया गया है। बता दें कि राजा रघुवंशी का शव शिलॉन्ग के पहाड़ी इलाके में एक जंगल में मिला था।
इंदौर केराजा रघुवंशी मर्डर केस की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। रिपोर्ट में बेरहमी से मौत देने का जिक्र है। रिपोर्ट में सिर पर दो गहरे घावों का भी जिक्र किया गया है। बता दें कि राजा रघुवंशी का शव शिलॉन्ग के पहाड़ी इलाके में एक जंगल में मिला था। वह और उनकी पत्नीसोनम रघुवंशी कुछ दिनों पहले लापता हो गए थे।
राजा का शव मिलने के बाद पुलिस जांच कर रही है। ऑटोप्सी रिपोर्ट में कई तेज धार वाले हथियारों से किए गए घाव पाए गए हैं। लेकिन सिर पर लगे दो घाव सबसे गंभीर हैं। एक घाव सिर के सामने और दूसरा पीछे लगा है।पुलिस अभी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि राजा की मौत आखिर हुई कैसे? क्या यह एक दुर्घटना थी, आत्महत्या थी या हत्या? पुलिस सोनम रघुवंशी से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में सोमवार को सोनम रघुवंशी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इसके साथ ही पुलिस को राजा के मर्डर में आगे बढ़ने के लिए मजबूत साक्ष्य मिल गए। हालांकि, सोनम अभी भी राजा की हत्या में शामिल होने की बात से इनकार कर रही है। बता दें कि राजा का शव एक हफ्ते पहले मेघालय के चेरापूंजी के जंगलों में एक गहरी खाई में मिला था।
सोनम के अफेयर की बात आ रही सामनेवहीं, सोनम रघुवंशी का अफेयर राज कुशवाहा नाम के एक शख्स के साथ सामने आ रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, पुलिस ने राज कुशवाहा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इन्हीं लोगों पर राजा रघुवंशी की हत्या का आरोप लग रहा है। बाकी तीन आरोपियों के नाम आकाश राजपूत, विकास उर्फ विक्की और आनंद हैं। यह मामला प्यार, धोखे और हत्या की एक जटिल कहानी जैसी लग रही है। पुलिस जल्द ही इस मामले को अदालत में पेश करेगी।
राजा रघुवंशी के अंतिम संस्कार का चौंकाने वाला वीडियो
सोनम रघुवंशी की गिरफ्तारी के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अब एक वीडियो सामने आया है जिसमें सोनम का लावर राजा रघुवंशी के अंतिम संस्कार में सोनम के पिता को सहारा देते हुए दिख रहा है।
ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में अब एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में राजा की हत्या में शामिल संदिग्ध और सोनम का लवर राज कुशवाह अंतिम संस्कार में शामिल हुआ था। राज अपनी प्रेमिका सोनम के पिता देवी सिंह को सहारा देते हुए दिखाई दिया।
जानकारी के मुताबिक, राज कुशवाह वही युवक है, जो सोनम के पिता की दुकान पर काम करता था। और करीब डेढ़ साल तक सोनम के घर के पास ही रहा। अब वह राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने इस केस में कुल पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनमें राज भी शामिल है।
गौरतलब है कि सोनम पर भी हत्या में शामिल होने के गंभीर आरोप हैं, लेकिन वह खुद को पीड़िता बताते हुए अपहरण की कहानी सुना रही है। ऐसे में उसका और राज कुशवाहा का संबंध जांच का विषय है। राज कुशवाहा का जो वीडियो सामने आया है, वह राजा रघुवंशी के अंतिम संस्कार के दिन का बताया जा रहा है। इसमें वह देवी सिंह के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें सहारा देता दिख रहा है। सोनम के पिता ने भी यह स्वीकार किया है कि राज दो दिन पहले उनके घर आया था, सभी से सामान्य ढंग से बातचीत की थी, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि वह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है।
देवी सिंह ने बताई थी सच्चाई
देवी सिंह के अनुसार, जब राजा की बॉडी इंदौर लाई गई थी, तब राज न सिर्फ मौजूद था बल्कि पड़ोसियों को गाड़ी से अंतिम संस्कार में लेकर भी गया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं राज की उपस्थिति सबूत मिटाने या शक से बचने की कोई रणनीति तो नहीं थी।
तू-तू मैं-मैं… भिड़ गए चीन और अमेरिका के अधिकारी
शंघाई में अमेरिकी और चीनी अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई, जिसमें अमेरिकी अधिकारी ने आर्थिक रिश्तों में असंतुलन की बात कही। चीन के अधिकारी ने इस नजरिए को गलत बताया और पूर्वाग्रह से ग्रसित कहा। दोनों देशों के बीच व्यापार तनाव कम करने की कोशिशों के बीच यह गरमागरम बहस हुई है।
शंघाई में अमेरिका और चीन के अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। अमेरिकी अधिकारी ने दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों में असंतुलन की बात कही। वहीं, चीन के अधिकारी ने इसे गलत नजरिया बताया। अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स (AmCham) की 110वीं वर्षगांठ पर अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के महावाणिज्य दूत स्कॉट वॉकर ने कहा कि अमेरिका-चीन के आर्थिक रिश्ते लंबे समय से असंतुलित रहे हैं। उन्होंने चीन में अमेरिकी कंपनियों के खिलाफ भेदभावपूर्ण कार्रवाई रोकने की बात कही। इसके जवाब में शंघाई के कम्युनिस्ट पार्टी के अधिकारी चेन जिंग ने वॉकर के भाषण के बाद कहा कि महावाणिज्य दूत का नजरिया पूर्वाग्रह से ग्रसित, निराधार और दोनों देशों के प्रमुखों के बीच हुई बातचीत से मेल नहीं खाता है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी नेता शी जिनपिंग ने व्यापार तनाव को कम करने के लिए बातचीत की थी। दोनों देश व्यापार युद्ध में उलझे हुए हैं। इससे आयात-निर्यात पर भारी टैक्स लग रहा है।
अभी भी अनसुलझे हैं कई मुद्दे
मई में दोनों देशों ने कुछ टैक्स कम करने के लिए 90 दिनों की मोहलत पर सहमति जताई थी। लेकिन, कई मुद्दे अभी भी अनसुलझे हैं। ट्रंप ने चीन पर समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। AmCham शंघाई के अध्यक्ष एरिक झेंग ने कहा कि अनिश्चितता के कारण कई व्यवसायों ने फैसले लेने बंद कर दिए हैं। उन्होंने दोनों सरकारों से भविष्य की योजनाओं के लिए स्पष्ट और स्थायी वादे करने का आग्रह किया है।
शंघाई में एक कार्यक्रम में अमेरिका और चीन के अधिकारियों के बीच गरमागरम बहस हुई। अमेरिका के अधिकारी स्कॉट वॉकर ने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच आर्थिक संबंध बहुत समय से ठीक नहीं हैं। ये एकतरफा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हम चीन में अमेरिकी कंपनियों के खिलाफ भेदभावपूर्ण कार्रवाइयों और जवाबी कार्रवाई को समाप्त करना चाहते हैं।’
दोनों अधिकारियों ने क्या-क्या कहा?
इसके जवाब में चीन के अधिकारी चेन जिंग ने कहा कि वॉकर का नजरिया गलत है। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि महावाणिज्य दूत का दृष्टिकोण पूर्वाग्रही, निराधार है और हमारे राष्ट्राध्यक्षों की पिछली रात की फोन कॉल के साथ मेल नहीं खाता है।’
यह बहस ऐसे समय में हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के नेता शी जिनपिंग ने हाल में फोन पर बात की थी। दोनों नेता व्यापार को लेकर चल रही तनातनी को कम करना चाहते थे। दोनों देशों के बीच ट्रेड वॉर चल रहा है। इसके कारण दोनों देशों ने एक दूसरे के सामान पर ज्यादा टैक्स लगा दिए हैं।
पिता जी 1 लाख लगाकर भूल गए… अब कीमत 80 करोड़
एक रेडिट यूजर की कहानी ने सबको हैरान कर दिया है। उसे अपने पिता के खरीदे जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयर मिले हैं। ये शेयर 1990 के दशक में सिर्फ 1 लाख रुपये के थे। अब इनकी कीमत 80 करोड़ रुपये है। इन्वेस्टर सौरव दत्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस रेडिट यूजर की कहानी शेयर की है। इसके बाद बाजार के जानकारों और निवेशकों में हलचल मच गई है।
एक रेडिट यूजर की कहानी ने सबको हैरान कर दिया है। उसे अपने पिता के खरीदे जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयर मिले हैं। ये शेयर 1990 के दशक में सिर्फ 1 लाख रुपये के थे। अब इनकी कीमत 80 करोड़ रुपये है। इन्वेस्टर सौरव दत्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस रेडिट यूजर की कहानी शेयर की है। इसके बाद बाजार के जानकारों और निवेशकों में हलचल मच गई है। इस कहानी से पता चलता है कि सही समय पर सही शेयर खरीदने और लंबे समय तक रखने से कितना फायदा हो सकता है।
रेडिट पर एक व्यक्ति ने बताया कि उसके पिता ने 1990 के दशक में JSW स्टील के शेयर खरीदे थे। तब उन्होंने 1 लाख रुपये के शेयर खरीदे थे। आज उन शेयरों की कीमत 80 करोड़ रुपये हो गई है। सौरव दत्ता नाम के एक इन्वेस्टर ने इस बारे में एक्स पर जानकारी दी। उनकी पोस्ट के बाद लोग हैरान रह गए।
सौरव दत्ता ने लिखा, ‘एक रेडिट यूजर ने पाया उनके पिता ने 1990 के दशक में जेएसडब्ल्यू के 1 लाख रुपये के शेयर खरीदे थे। आज इनकी कीमत 80 करोड़ रुपये है। यह सही शेयर खरीदने और 30 साल बाद बेचने की ताकत है।’
यह कहानी इंटरनेट पर बहुत तेजी से फैली। लोगों ने लंबे समय तक निवेश करने के फायदे बताए। एक यूजर ने लिखा, ‘अब वह रिटायर होकर आराम से अपनी जिंदगी जी सकता है।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘लोगों को यह नहीं पता कि समय के साथ स्टॉक स्प्लिट, बोनस और डिविडेंड कैसे बढ़ते हैं। यह जादू जैसा है।’ इसका मतलब है कि अगर आप किसी कंपनी के शेयर खरीदते हैं तो कंपनी समय-समय पर बोनस शेयर देती है या शेयरों को विभाजित करती है। इससे आपके पास शेयरों की संख्या बढ़ जाती है और आपका फायदा भी बढ़ जाता है।
पाकिस्तान जिस भारतीय DGMO के सामने गिड़गिड़ाया था, उसे मिली जिम्मेदारी
ऑपरेशन सिंदूर’ में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय सेना के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन (डीजीएमओ) लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घईको सोमवार को एक और बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें अब डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। बतौर उप सेना प्रमुख वह रणनीति के मामलों को देखेंगे।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय सेना के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन (डीजीएमओ) लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घईको सोमवार को एक और बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें अब डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। बतौर उप सेना प्रमुख वह रणनीति के मामलों को देखेंगे। उप सेना प्रमुख बनने के साथ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई पहले की तरह डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन यानी डीजीएमओ का कार्यभार भी संभालते रहेंगे।
डीजीएमओ राजीव घई के सामने पाकिस्तान गिड़गिड़ाया था
बता दें कि डीजीएमओ राजीव घई ही वह भारतीय सेना के अधिकारी हैं जिनके सामने पाकिस्तान सीजफायर के लिए गिड़गिड़ाया था। डीजीएमओ राजीव घई से बातचीत के बाद ही भारत ने सीजफायर रोका था। डीजीएमओ राजीव घई सेना में अपनी शानदार रणनीति के लिए जाने जाते हैं। ऑपरेशन सिंदूर में भी उनकी अहम भूमिका रही थी।
लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के कई झूठों का पर्दाफाश किया था। डीजीएमओ राजीव घई ने ही बताया था कि ऑपरेशन सिंदूर में 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि यह ऑपरेशन सिर्फ आतंकवाद को खत्म करने के लिए था और यह जंग आतंकवाद के खात्मे तक जारी रहेगी। लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता थी। उन्होंने पाकिस्तान के कई झूठे दावों को गलत भी साबित किया।
राजीव घई ने यह भी कहा था कि यह ऑपरेशन सिर्फ आतंक के अंत के लिए था और आतंक के खात्मे तक यह जंग जारी रहेगी। इसका मतलब है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगा, जब तक कि आतंकवाद पूरी तरह से खत्म नहीं हो जाता।
म्यूचुअल फंड में तहलका मचाने की तैयारी में ईशा अंबानी, दुनिया के सबसे ताकतवर शख्स का मिला साथ
देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज रिटेल में तहलका मचाने के बाद अब म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में धमाल करने की तैयारी में है। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और दुनिया के सबसे बड़े एसेट मैनेजमेंट फंड ब्लैकरॉक के जॉइंट वेंचर जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने म्यूचुअल फंड बाजार में कदम रखने से पहले अपनी टॉप लीडरशिप टीम घोषित कर दी है। इसके साथ ही कंपनी ने एक वेबसाइट और एक्सक्लूसिव अर्ली एक्सेस इनिशिएटिव भी लॉन्च किया है। कंपनी ने सिड स्वामीनाथन को एमडी और सीईओ नियुक्त किया था। ईशा अंबानी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं।
कंपनी ने गौरव नागोरी को मुख्य परिचालन अधिकारी, अमित भोसले को चीफ रिस्क ऑफिसर, अमोल पई को चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर और बिराजा त्रिपाठी को हेड ऑफ प्रोडक्ट नियुक्त किया। कंपनी ने कहा कि जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट की टीम एसेट मैनेजमेंट अनुभव, डिजिटल इनोवेशन और ग्राहक-केंद्रित उत्पाद डिजाइन को एक साथ लाएगी। कंपनी की टॉप टीम, निवेश के तरीकों को बदलकर और इसे लाखों लोगों के लिए सुलभ और किफायती बनाने के जियोब्लैकरॉक के मिशन को पूरा करने के लिए एकदम तैयार है।
सेबी की मंजूरी
जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट के एमडी और सीईओ सिड स्वामीनाथन ने कहा, “जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट के लिए यह एक मील का पत्थर है। नेतृत्व टीम प्रतिस्पर्धी और पारदर्शी मूल्य निर्धारण पर कड़ी मेहनत कर रही है। आने वाले महीनों में, जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट कई तरह के निवेश उत्पाद लॉन्च करने का इरादा रखती है, जिसमें डेटा-संचालित निवेश में ब्लैकरॉक की क्षमताओं को इस्तेमाल किया जाएगा।” इंटरनेशनल इंडेक्स इक्विटी के पूर्व प्रमुख रहे सिड स्वामीनाथन 1.25 ट्रिलियन डॉलर के एसेट मैनेज कर चुके हैं।
जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट ने अपनी वेबसाइट पर एक एक्सक्लूसिव अर्ली एक्सेस इनिशिएटिव की भी घोषणा की है। इस इनिशिएटिव के तहत लोगों को जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट की डिजिटल-फर्स्ट पेशकश में अपनी रुचि दर्ज कराने के लिए आमंत्रित किया गया है। साइन अप करने पर उन्हें निवेश के फंडामेंटल को कवर करने वाली सामग्री मिलेगी। जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड को अपने म्यूचुअल फंड बिजनस का परिचालन शुरू करने के लिए 26 मई, 2025 को सेबी का अनुमोदन मिल चुका है।
अब पाकिस्तान की खैर नहीं, भारतीय सेना को मिलने जा रहा 30 हजार करोड़ वाला नया एयर डिफेंस सिस्टम
भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की चोट खाए पाकिस्तान के लिए एक और बुरी खबर सामने आई है। इस खबर को सुनते ही पाकिस्तानी आर्मी चीफ की रात की नींद उड़ जाएगी। दरअसल, भारतीय सेना को 30 हजार करोड़ वाला नया एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम QRSAM मिलने जा रहा है। इस सिस्टम के मिलने से भारतीय सेना की ताकत और बढ़ जाएगी।
बता दें कि हाल में भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तानी विमानों, मिसाइलों और ड्रोन हमलों को ध्वस्त कर दिया था। रक्षा मंत्रालय द्वारा जल्द ही एक नई सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली के अधिग्रहण को मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
QRSAM का मतलब Quick Reaction Surface to Air Missile system है। यह एक स्वदेशी मिसाइल है। इसे रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन ( DRDO) ने भारतीय सेना के लिए विकसित किया है। अधिकारियों ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि ये मिसाइल सिस्टम तीन रेजिमेंट के लिए खरीदे जाएंगे। इनका इस्तेमाल देश की पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं पर होगा।
इनकी सबसे बड़ी खासियत ये है कि ये बहुत तेजी से मूव कर सकती हैं। अधिकारीयों के अनुसार, ये चलते-फिरते ही दुश्मन के टारगेट को खोज और ट्रैक कर सकती हैं। और तो और, ये छोटे-छोटे स्टॉप पर रुककर भी फायर कर सकती हैं।
इस मिसाइल की रेंज लगभग 30 किलोमीटर है। ये सेना में पहले से मौजूद MRSAM और आकाश मिसाइल सिस्टम के साथ मिलकर काम करेगी। इससे कम और मध्यम दूरी की सुरक्षा और भी मजबूत हो जाएगी। आसान भाषा में कहें तो ये QRSAM बाकी मिसाइलों के साथ मिलकर दुश्मन के हवाई हमलों से देश को बचाने में मदद करेगी।