नई दिल्ली
बिपिन रावत के प्लेन क्रैश ने उन सभी घटनाओं की यादें ताजा कर दी जिनमें कई बड़ी हस्तियों को जान गंवानी पड़ी। भारतीय राजनेता वाई एस राजशेखर रेड्डी, संजय गांधी, माधव राव सिंधिया, जीएमसी बाल योगी, एस मोहन कुमारमंगलम, ओपी जिंदल,अरुणाचल प्रदेश के चीफ मिनिस्टर दोरजी खांडू जैसे दिग्गज प्लेन क्रैश का शिकार हो चुके हैं। आइए एक नजर डालते हैं उन हादसों की टाइम लाइन पर…
1. 23 नवंबर 1963 को जम्मू कश्मीर के पुंछ में भारतीय वायुसेना का विमान क्रैश हुआ था। इसमें भारतीय वायुसेना के 6 अधिकारियों की जान चली गई थी। जिसमें लेफ्टिनेंट जनरल बिक्रम सिंह और एअर वाइस मार्शल एरलिक पिंटो की मौत हो गई थी।
2. 31 मई 1973 में कांग्रेस लीडर मोहन कुमार मंगलम की मौत भी प्लेन क्रैश में हुई थी। वे इंडियन एयरलाइंस 440 नाम के प्लेन पर सवार थे। उनके मृत शरीर को उनके पार्कर पेन से पहचाना गया था।
3. 23 जून, 1980 में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बेटे संजय गांधी की मौत भी प्लेन क्रैश में हुई थी। उनकी मौत नई दिल्ली स्थित सफदरजंग एयरपोर्ट के करीब हुई थी। चौंकाने वाली बात यह थी कि वे कहीं सफर पर नहीं निकले थे बल्कि वे अपना प्राइवेट प्लेन खुद उड़ा रहे थे। वे अच्छे पायलट थे। घटना के बाद पता चला कि वे प्लेन से किसी खतरनाक करतब को अंजाम दे रहे थे।
4. साल 2001 में अरुणाचल प्रदेश के एजुकेशन मिनिस्टर नटुंग की हेलिकॉप्टर क्रैश में ही मौत हुई थी।
5. 30 सितंबर, 2001 में उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में कांग्रेस के मशहूर नेता माधवराव सिंधिया की मौत भी प्लेन क्रैश की वजह से हुई थी। वे अपने 10 सीटर निजी प्लेन में सवार थे। उसमे 4 पत्रकार भी शामिल थे। यह घटना भी खराब विजिबिलिटी वजह से हुई थी। भारी बरसात की वजह से मोटा गांव में एक धान के खेत में यह घटना हुई।
6. 3 मार्च, 2002 में लोकसभा स्पीकर तेलुगु देश पार्टी लीडर जीएमसी बाल योगी भी आंध्र प्रदेश में प्लेन क्रैश की घटना में मारे गए थे। बालयोगी बेल 206 नाम के हेलीकॉप्टर में सवार थे। एक अधिकारी ने बताया था कि प्लेन क्रैश की घटना की वजह खराब विजिबिलिटी थी। गलती से पायलट ने प्लेन को एक तालाब के ऊपर लैंड करवा दिया था।
7. सितंबर 2004 में केंद्रीय मंत्री और मेघालय के कम्युनिटी डेवलपमेंट मिनिस्टर सी संगमा की मौत की वजह भी हेलिकॉप्टर क्रैश ही बनी। पवन हंस नाम के प्लेन पर सवार होकर संगमा गुवाहाटी से शिलांग की तरफ जा रहे थे।
8. 31 मार्च 2005 में हरियाणा के पावर मिनिस्टर ओ पी जिंदल की मौत भी प्लेन क्रैश में हुई थी। प्लेन क्रैश की घटना की समीक्षा के बाद पता चला था कि प्लेन में कुछ टेक्निकल प्रॉब्लम की वजह से वह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में क्रैश हो गया था।
9. 3 सितंबर, 2009 में आंध्र प्रदेश के पूर्व चीफ मिनिस्टर वाईएस राजशेखर रेड्डी जिस हेलिकॉप्टर में सवार थे वह क्रैश हो गया। घटना के वक्त रेड्डी का चॉपर चित्तूर जिले में स्थित एक जंगल के ऊपर से गुजर रहा था। रेड्डी जिस चॉपर में सवार थे, उसका नाम था बेल 430। यह अमेरिकन टेक्नोलॉजी पर आधारित डबल इंजन वाला चॉपर था। वाईएस आर का मृत शरीर 27 घंटे बाद मिला था।
10.हालांकि माना जाता है कि बड़ी हस्तियों में जान गंवाने वाले पहले नेता सुभाष चंद्र बोस थे, जिनका प्लेन 18 अगस्त 1945 को क्रैश हुआ था। लेकिन उनकी मौत को लेकर संदेह बरकरार है।

