जम्मू
कांग्रेस नेता राहुल गांधी का शनिवार को तमिलनाडु जाने का कार्यक्रम है। राहुल वहां चुनावी कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। राहुल भले ही दक्षिण में ताकत दिखाने गए हों, लेकिन केरल में उनके नॉर्थ-साउथ वाले बयान के बाद कांग्रेस के उत्तर भारतीय नेता नाराज हैं। शनिवार को जम्मू में होने वाली बैठक के बाद ये नेता पार्टी की टॉप लीडरशिप के खिलाफ तल्ख बयान जारी कर सकते हैं। इनमें पार्टी के 23 सीनियर लीडर भी शामिल हैं।
कांग्रेस से नाराज इन नेताओं को G-23 के नाम से जाना जाता है। ये सभी नेता पार्टी नेतृत्व से नाराज हैं। इन नेताओं ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखी चिट्ठी में पार्टी को चलाने के तौर-तरीकों पर सवाल उठाए थे। यही नेता शनिवार को जम्मू में इकट्ठे होकर अपनी ताकत दिखाएंगे।
कांग्रेस के कई दिग्गज नेता ग्रुप में शामिल
इन नेताओं में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा, कपिल सिब्बल, राज बब्बर, विवेक तन्खा, गुलाम नबी आजाद शामिल हैं। ये सभी नेता शनिवार को एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसमें मनीष तिवारी के भी पहुंचने की संभावना है। ये सभी नेता उत्तर भारत के हैं।
सोनिया को चिट्ठी लिख सुधार की मांग की थी
पिछले साल अगस्त में सोनिया गांधी को लिखी चिट्ठी में G-23 नेताओं ने पार्टी में तुरंत सुधार करने की मांग की थी। इनमें जमीनी स्तर से लेकर कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) तक संगठन के चुनाव कराने की मांग की गई थी। आज एक बार फिर ये सभी नेता गांधी परिवार के खिलाफ एक साथ जमा हो रहे हैं। नेताओं का विरोध गांधी परिवार के उन करीबी लोगों से भी है, जो पार्टी संगठन और संसद में अहम पोजिशन पर बैठे हैं।
राहुल को मैसेज- उत्तर से दक्षिण तक भारत एक
कांग्रेस के G-23 से जुड़े एक सीनियर लीडर ने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी में इस समय जो कुछ चल रहा है, वह पिछले साल दिसंबर में हुई पार्टी की वर्किंग कमेटी के फैसले के एकदम उलट है। पार्टी में अब तक कोई चुनाव या सुधार नजर नहीं आए हैं।’ एक अन्य नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, ‘यह राहुल गांधी के लिए सीधा मैसेज है। हम देश को दिखाना चाहते हैं कि उत्तर से दक्षिण तक भारत एक है।’
गुलाम नबी के साथ गलत व्यवहार से भी नाराजगी
G-23 से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि नेताओं में हाल ही में राज्यसभा से रिटायर हुए गुलाम नबी आजाद के साथ हुए सलूक को लेकर भी नाराजगी है। गुलाम नबी आजाद को कांग्रेस ने दूसरा मौका नहीं दिया था। ग्रुप से जुड़े एक नेता ने कहा, ‘जब दूसरी पार्टियों के नेता आजाद के लिए सीट छोड़ रहे थे, तब हमारी कांग्रेस पार्टी की लीडरशिप ने उनके प्रति कोई सम्मान नहीं दिखाया। उनकी जगह रॉबर्ट वाड्रा के केस लड़ने वाले वकील को राज्यसभा भेज दिया गया।
राहुल के केरल में दिए किस बयान पर बवाल मचा था
राहुल ने मंगलवार को तिरुवनंतपुरम में कहा था कि पहले 15 साल मैं उत्तर भारत से एक सांसद था। मुझे एक अलग प्रकार की राजनीति की आदत थी। मेरे लिए केरल आना बहुत रिफ्रेशिंग था, क्योंकि मुझे अचानक पता चला कि यहां के लोग मुद्दों में रुचि रखते हैं और न केवल सतही रूप से बल्कि मुद्दों के बारे में विस्तार से जानकारी भी रखते हैं। राहुल के इस बयान ने उत्तर भारत बनाम दक्षिण भारत की बहस छेड़ दी।

