भोपाल. मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की दिल्ली दौड़ जारी है. वो जब भी दिल्ली जाते हैं अटकल और कयास का बाजार गर्म हो जाता है. इस बार के दिल्ली (Delhi) दौरे पर उनके सहयोगी PWD मंत्री गोपाल भार्गव भी टिप्पणी कर बैठे. बस फिर क्या था बात बढ़ी और खुद नरोत्तम मिश्रा उनसे मिलने उनके घर चले आए.
पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव से मिलने आज उनके घर प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में मुलाकात हुई. ये मुलाकात ऐसे समय हुई है जब एक दिन पहले ही गोपाल भार्गव ने नरोत्तम मिश्रा के दिल्ली दौरे पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी की थी.
बंद कमरे में बातचीत
गोपाल भार्गव और नरोत्तम मिश्रा की मुलाकात के बाद सियासी गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं. कयास लगाए जा रहे हैं कि आखिर दोनों के बीच बंद कमरे में क्या बातचीत हुई ? हालांकि दोनों ने ही इस मुलाकात को औपचारिक करार दिया है. लेकिन जिस अंदाज में गोपाल भार्गव ने नरोत्तम मिश्रा के दिल्ली दौरे को लेकर टिप्पणी की थी यह माना जा रहा है कि उसे लेकर दोनों की आपस में बातचीत हुई है.

