Site icon अग्नि आलोक

दिल्ली में उपद्रव के बाद सरकार के तेवर सख्त, अर्धसैन्यबल की तैनाती का फैसला

Share

नई दिल्ली |

दिल्ली में किसान आंदोलन के नाम पर उपद्रव और लाल किले पर झंडा फहराने की घटना के बाद सरकार ने स्थिति को सख्ती से संभालने के लिए कई कदम उठाए हैं। गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर हुई बैठक में फैसला किया है गया कि स्थिति पर नियंत्रण बनाये रखने के लिए अर्धसैन्य बलों की तैनाती की जाएगी। 

सूत्रों ने कहा कि सभी संवेदनशील जगहों पर अर्धसैन्यबल के जवान तैनात किए जाएंगे। सूत्रों ने कहा अब किसी भी सूरत में अराजकता की इजाजत नहीं दी जाएगी। सख्त कदम उठाने के संकेत सरकार की ओर से दिए गए हैं। दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में सीमित स्तर पर इंटरनेट प्रतिबंध एहतियात के तौर पर लगाया गया है। जिससे अफवाहों को विराम दिया जा सके।

सूत्रों ने बताया कि अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में गृहसचिव, दिल्ली पुलिस आयुक्त, आईबी प्रमुख सहित अन्य आला अधिकारी मौजूद थे। केन्द्रीय गृह सचिव अजय भल्ला और पुलिस कमिश्नर ने दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड से जुड़ी स्थिति की जानकारी गृह मंत्री अमित शाह को दी। 

गौरतलब है कि किसानों की ट्रैक्टर परेड आज कई जगहों पर हिंसक हो गई, जिसके कारण पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। किसानों का एक समूह आज लाल किला भी पहुंच गया जहां उन्होंने किले के गुंबदों पर झंडे फहराये। इसके बाद आनन फानन में गृहमंत्री ने बैठक बुलाई। सूत्रों के मुताबिक गृह सचिव ने केन्द्रीय गृह मंत्री से मिलकर उन्हें राष्ट्रीय राजधानी के हालात और शांति बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी।

Exit mobile version