भोपाल
भोपाल के मालवीय नगर इलाके में बंधन बैंक में चोरों ने सेंध लगा दी। चोर तिजोरी और दूसरा सामान ले गए। वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने बैंक के सीसीटीवी कैमरे में काली स्याही लगा दी थी। इसके बाद ताला तोड़कर अंदर घुस गए। बदमाश सीसीटीवी कैमरे के दो डीवीआर भी ले गए हैं। बैंक अरेरा हिल्स थाने से करीब 100 मीटर की दूरी पर है। पुलिस ने बैंक मैनेजर नतीश कोष्ठा की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बांधवगढ़ रिजर्व से लगे गांवों में घूमता दिखा हाथियों का झुंड, वन विभाग एक्टिव
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे गांवों में हाथियों का झुंड देखा गया है। झुंड दो से तीन दिन से रिहायशी इलाकों के आसपास घूम रहा है। वन विभाग ने गांवों में हाथी मित्र दल का गठन कर वॉट्सऐप ग्रुप से सभी को जोड़ा है, जिससे की हाथियों की मूवमेंट और लोकेशन मिलती रही। ग्रामीणों को समय पर अलर्ट किया जा सके।
भोपाल समेत कई जिलों में बारिश
भोपाल, राजगढ़, सीहोर, रायसेन, विदिशा, अशोकनगर में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मध्य प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बदलई है। मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह के मुताबिक उत्तर में काफी बर्फबारी की वजह से प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ छोटे ओले गिर सकते हैं। यह स्थिति 28 और 29 दिसंबर तक रहेगी। 30 दिसंबर से प्रदेशभर में कोहरा छा सकता है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को अच्छी ठंड रहेगी। दिन का तापमान काफी नीचे आएगा।
जबलपुर में बस-बाइक में भिड़ंत, साले की मौत, जीजा घायल
जबलपुर में बस-बाइक की भिड़ंत में साले की मौके पर ही मौत हो गई। जीजा गंभीर घायल है। घटना मझौली थाना इलाके के इंद्राना पुलिस चौकी के सामने देर शाम की बताई जा रही है। ग्राम सिलहटी निवासी छोटू उर्फ विनोद बर्मन (32), जीजा बबलू बर्मन (35) के साथ मोटरसाइकिल से जबलपुर किसी काम के लिए गया हुआ था। देर शाम दोनों अपने गांव सिलहटी लौट रहे थे।

