राऊ नगर, महू नगर, शाजापुर शहर और उज्जैन के सभी नगरीय निकायों में 19 अप्रैल सुबह 6 तक लॉकडाउन
इंदौर
इंदौर में बढ़ते कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए 60 घंटे के लॉकडाउन को 19 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक बढ़ा दिया गया है। यह आदेश भोपाल से जारी किए गए हैं। इंदौर शहर के अलावा राऊ नगर, महू नगर, शाजापुर शहर और उज्जैन के सभी नगरीय निकायों में 19 अप्रैल सुबह 6 तक लॉकडाउन रहेगा। इसके पहले CM शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार दोपहर में प्रदेशभर के जिलों की क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में सदस्यों से बात की थी। सभी ने कोरोना चेन को तोड़ने के लिए लॉकडाउन को बढ़ाने का सुझाव दिया था।
इंदौर में कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया सहमति के बाद लॉकडाउन 19 अप्रैल यानी अगले सोमवार की सुबह छह बजे तक के लिए बढ़ा दिया गया है। इसमें हम सब्जी, दूध और राशन के लिए कुछ रियायतें देंगे।
मोघे सहित सदस्यों ने सीएम से बात की थी
पूर्व सांसद कृष्ण मुरारी मोघे ने कहा कि CM शिवराज सिंह चौहान से बात की थी। काेरोना की लिंक को तोड़ने के लिए सोमवार सुबह तक के लिए लॉकडाउन को बढ़ाने का हमने सुझाव दिया था। हमने आग्रह किया है कि सुबह 7 बजे से 10 बजे तक सब्जी दूध, राशन दुकानें, मेडिकल शॉप खुली रहें। चार से पांच दिन तक लॉकडाउन को और आगे बढ़ाया जाए। इस पर सभी की सहमति है क्योंकि यह शहर के हित में है। ऑक्सीजन की कमी को लेकर कहा है कि सप्लाई में किसी प्रकार से कमी नहीं रहेगी। ऑक्सीजन की सप्लाई लगातार जारी रहेगी।
लॉकडाउन में यह मिलेगी छूट
इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने साफ कर दिया है कि लॉकडाउन काे आगे बढ़ाया जा रहा है। लॉकडाउन के दौरान राशन दुकान, पेट्रोल पंप, दूध व फल व सब्जी की दुकानें सुबह 9 बजे तक चालू रह सकती हैं। औद्योगिक गतिविधियों को पूरी छूट रहेगी, यहां से माल का और श्रमिक आदि का आना-जाना रहेगा। परीक्षाओं और टीकाकरण के लिए आने-जाने में छूट रहेगी।

