Site icon अग्नि आलोक

मध्यप्रदेश के पन्ना में तीन बड़े प्रतिष्ठानों पर GST का छापा,शंकर ज्वेलर्स संचालक ने 50 लाख रुपए सरेंडर किए

Share

मध्यप्रदेश के पन्ना में बिल कम दिखाकर टैक्स चोरी करने वाले सराफा और होटल कारोबार से जुड़े तीन प्रतिष्ठानों की जीएसटी टीम ने जांच की थी। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मां अनुपम ज्वेलर्स, न्यू अनुपम ज्वेलर्स और कुंजवन रोड मोहन निवास चौराहा स्थित सान्वी लैंडमार्क होटल पर की गई छापेमारी के बाद विभाग ने कुल 1 करोड़ रुपए की राशि टैक्स पेनाल्टी के रूप में जमा कराई है। चार दिन तक चली जांच ने स्थानीय व्यापारिक हलकों में हडक़ंप मचा दिया है।जीएसटी एंटी एविजन विंग की दो दिन चली कार्रवाई, दुकान और मकान पर दबिशटैक्स चोरी के मामले में संचालक ने 50 लाख रुपए किए सरेंडरआईटीसी, टर्नओवर और प्रॉफिट में गड़बड़ी की जांच, नोटिस जारी

ज्वाइंट कमिश्नर एंटी इवेजन ब्यूरो सतना राकेश साल्वी के नेतृत्व में सहायक आयुक्त दिलीप, राज्य कर अधिकारी पियूष तिवारी, मतीष शर्मा, असीम मिश्रा सहित 15 सदस्यीय टीम ने 14 जनवरी को एक साथ तीनों प्रतिष्ठानों पर दबिश दी थी। टीम ने न केवल सराफा बाजार स्थित दुकानों बल्कि संबंधित कारोबारी के आवासीय परिसरों व होटल पर भी एक साथ छानबीन की थी। चार दिनों तक चली इस कार्रवाई में खरीद-बिक्री, स्टॉक रजिस्टर और टैक्स रिटर्न से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की गई। इसके बाद टैक्स चोरी सामने आई।

तीन प्रतिष्ठानों से जमा कराए 1 करोड़
जांच के दौरान जीएसटी अधिकारियों को प्रारंभिक स्तर पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिला, जिससे कार्रवाई में देरी हुई। हालांकि टीम की सख्ती के बाद दस्तावेज उपलब्ध कराए गए और जांच आगे बढ़ सकी। पड़ताल के बाद अधिकारियों ने तीनों प्रतिष्ठानों में जीएसटी संबंधी गंभीर विसंगतियां पाई। इसके आधार पर मां अनुपम ज्वेलर्स और न्यू अनुपम ज्वेलर्स के संचालकों से संयुक्त रूप से 35 लाख रुपए जमा कराए गए, जबकि सान्वी लैंडमार्क होटल के संचालक से 65 लाख रुपए की राशि वसूली गई। कार्रवाई से व्यापारिक हलके में हडक़ंप रहा है।

जांच के बाद बढ़ सकता है दायरा
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल प्रारंभिक कदम है। दस्तावेजों के विस्तृत परीक्षण के बाद आगे भी जांच का दायरा बढ़ सकता है। जीएसटी विभाग की इस कार्रवाई से जिले के व्यापारिक वर्ग में स्पष्ट संदेश गया है कि कर चोरी या अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सोनी परिवार के तीनों प्रतिष्ठान
जानकारी के अनुसार ये तीनों प्रतिष्ठान सराफा बाजार निवासी सोनी परिवार द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। सान्वी लैंडमार्क होटल के संचालक मोहित सोनी हैं। एक ही परिवार के अलग-अलग व्यवसायों में सामने आई कर विसंगतियों ने विभाग की निगरानी को और तेज कर दिया है।

जीएसटी एंटी एविजन विंग सतना और रीवा की टीम ने चाकघाट में एक और कार्रवाई की। शुक्रवार की शाम को टीम ने एक ज्वेलरी शॉप और मकान में दबिश दी। 12 सदस्यीय टीम ने दबिश दी। यह कार्रवाई दो दिन ही चली। दुकान संचालक ने शनिवार को 50 लाख रुपए सरेंडर कर दिए। टीम ने सभी दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। नोटिस जारी किया गया है। एक महीने का समय दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए दिया गया है। 

आपको बता दें कि इस समय जीएसटी एंटी एविजन विंग रीवा में ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। इस समय ज्वेलरी शॉप संचालक निशाने पर है। दुकान संचालक एक ही तरह की टैक्स चोरी कर रहे हैं। आईटीसी में ही सारा कारोबार कर रहे हैं। वहीं कैश में टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं। प्रॉफिट में टैक्स का हिस्सा जमा नहीं करते। टर्न ओव्हर में भी हेरफेर कर रहे है। इसी मामले में एक और दबिश दी गई।  जीएसटी सतना और रीवा की टीम ने चाकघाट में संचालित शंकर ज्वेलर्स के दुकान और मकान में शुक्रवार की शाम को दबिश दी। यह कार्रवाई जेडी राकेश साल्वी के निर्देशन में की गई। शाम को शुरू हुई कार्रवाई शनिवार को भी दूसरे दिन तक जारी रही। देर रात तक कार्रवाई जारी रही। हालांकि दुकान संचालक सत्येन्द्र सोनी ने दूसरे ही दिन टैक्स की राशि टीम के सामने सरेंडर कर दी। देर शाम को टैक्स चोरी की राशि जमा होते ही कार्रवाई क्लोज कर दी गई। दुकान संचालक को नोटिस जारी किया गया है। एक महीने में जिन दस्तावेजों का रिकार्ड उपलब्ध नहीं कराया जा सका है। उसे प्रस्तुत करने का समय दिया गया है। आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले ही रीवा शहर में फोर्ट रोड में संचालित तीन दुकानों में भी जीएसटी की टीम ने दबिश दी थी। यहां भी इसी तरह की टैक्स चोरी का खुलासा हुआ था। दुकान संचालकों ने तब 85 लाख रुपए टीम के सामने सरेंडर किए थे। 

कार्रवाई में यह रहे शामिल

शंकर ज्वेलर्स के यहां की गई कार्रवाई राज्य कर अधिकारी पीयूष तिवारी के नेतृत्व में की गई। टीम में राज्य कर अधिकारी प्रसून मिश्रा, शैलेन्द्र पाण्डेय, इंस्पेक्टर अनिल बनाफर, हरिहर तिवारी, रवि प्रकाश तिवारी, सुभाष सिंह, दीपक द्विवेदी सहित 12 सदस्यीय टीम शामिल रही।

Exit mobile version