हरदा
हरदा शहर के एक प्रतिष्ठित परिवार की बेटी के अपहरण के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। जिस युवती के लापता होने पर अपहरण का केस दर्ज कराया गया है, उसका एक वीडियो सामने आया है। जिस लड़के सौरव विश्नोई पर अपहरण का आरोप है, लड़की ने उससे शादी कर लेने की बात कही है। वीडियो में युवती शादी का जोड़ा पहने दिख रही है। वह अपनी मर्जी से सौरव के साथ रहने की बात कह रही है।
वीडियो में युवती ने कहा कि उसे स्थानीय विधायक और कृषि मंत्री कमल पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष भारती कमेडिया के पति राजू कमेडिया और जिला प्रशासन से अपनी और सौरव की जान का खतरा है। युवती ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से सुरक्षा की गुहार लगाई है। कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र सलूजा ने भी गुरुवार को यह वीडियो ट्वीट किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से वीडियो की सच्चाई का पता लगा कर, दोनों को सुरक्षा देने की मांग की है।
मंत्री बोले- आरोप बेबुनियाद, मानहानि का दावा करूंगा
युवती के आरोपों को लेकर कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि मुझ पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। आरोपी लड़का आपराधिक प्रवृत्ति का है और बदमाश है। यह युवक कांग्रेस मानसिकता का है। मैं उस युवक पर और कांग्रेस पर मानहानि का दावा करूंगा।
अपहरण के आरोपी सौरव के साथ युवती।
SP बोले-वायरल वीडियो की जानकारी नहीं
इस मामले में एसपी मनीष कुमार अग्रवाल ने कहा कि युवती की तलाश जारी है। अपहरण करने वाले आरोपी की भी तलाश कर रहे हैं। सोशल मीडिया में युवती के वायरल वीडियो को लेकर एसपी ने कहा कि इसकी जानकारी नहीं है।
29 जुलाई को हुई थी लापता
हरदा में रहने वाली युवती घर से लापता हो गई थी। इसके बाद 29 जुलाई को सिटी कोतवाली थाने में युवती के अपहरण के आरोपी सौरभ विश्नोई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। वीडियो में युवती बता रही है कि उसने सौरभ से कोर्ट मैरिज कर ली है। वह बालिग है। उसे भी जीने का हक है। उसने अपने व सौरभ के परिजनों को परेशान नहीं करने की बात कही है।
जोधपुर से लाते समय नीमच में हुए फरार
गौरतलब है कि हरदा पुलिस आरोपी व युवती को 3 अगस्त को राजस्थान के जोधपुर से लेकर आ रही थी। आरोपी प्रदेश के नीमच जिले में पुलिस को चकमा देकर युवती को लेकर फिर से फरार हो गया था। इसको लेकर नीमच में मामला भी दर्ज किया गया है। इस मामले में एसपी ने हरदा के तीन पुलिस कर्मियों एसआई मनोज दुबे, प्रधान आरक्षक मनोहरी राय और आरक्षक तुषर धनगर को सस्पेंड किया था।
युवती को लेकर कांग्रेस नेता द्वारा किया गया ट्वीट।

