अग्नि आलोक

*भारी बारिश ने खोल दी प्रशासन की पोल, भरभराकर ढह गया SAF का पुराना भवन*

Share

सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले में हो रही लगातार बारिश के कारण बीती रात मझगवां थाना परिसर में एक बड़ा हादसा टल गया है। परिसर में स्थित विशेष सशस्त्र बल (SAF) की 14वीं बटालियन का लगभग 20 साल पुराना आवासीय भवन देर रात भरभराकर ढह गया। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त सभी जवान अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

दरअसल मामला शनिवार-रविवार की दरमियानी रात की है। पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते भवन की दीवारें कमजोर हो गई थीं और उनमें पानी का रिसाव भी हो रहा था। देर रात अचानक भवन की छत और दीवारें ढह गईं है जिससे पूरा भवन मलबे में तब्दील हो गया है।

मलबे में दबा जवानों का सारा सामान

हालांकि हादसे में कोई जवान हताहत नहीं हुआ है। लेकिन उनका सारा निजी सामान मलबे के नीचे दबकर नष्ट हो गया है। जवानों के बिस्तर, बर्तन, फर्नीचर और खानपान की सामग्री समेत उनकी वर्दियां और अन्य जरूरी सामान मलबे में दब गए हैं। यह भवन मझगवां में ड्यूटी पर तैनात SAF जवानों के लिए एक अस्थायी निवास के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।

हो सकता है बड़ा हादसा

स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि कई सरकारी भवन जर्जर हालत में हैं। यदि समय रहते ऐसे पुराने और कमजोर हो चुके भवनों की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया गया, तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

प्रशासन ने कराई रहने खाने की वैकल्पिक व्यवस्था

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया है। प्रशासन ने तत्काल प्रभावित जवानों के रहने और खाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने को भी कहा गया है।

Exit mobile version