इंदौर । इंदौर के छात्र हेक्टर सिंह ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि मेहनत, लगन और समर्पण से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। हाल ही में रुस्टमजी पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में उन्होंने 50 मीटर बैक स्ट्रोक फ्री स्टाइल तैराकी में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय, परिवार और शहर का नाम गौरवान्वित किया।
हेक्टर सिंह ने इस प्रतियोगिता में अपनी शानदार गति और तकनीक से निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के प्रतिभाशाली तैराकों ने भाग लिया था, लेकिन हेक्टर ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से सबको पीछे छोड़ दिया।
विद्यालय के डायरेक्टर, प्राचार्य व शिक्षकों ने उनकी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। डायरेक्टर महोदय श्री संतोष बागोरा ने कहा कि हेक्टर की यह सफलता सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत है और इससे विद्यालय में खेलों के प्रति उत्साह और बढ़ेगा।
इस उपलब्धि से यह स्पष्ट होता है कि गरिमा विद्या विहार न केवल शैक्षणिक बल्कि खेलों के क्षेत्र में भी उत्कृष्टता की ओर अग्रसर है।

